सहारनपुर में 12वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या घर से 1 KM दूर मिला शव

सहारनपुर,बीएनएम न्यूज: सहारनपुर में 12वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार शाम को 2 युवक उसे बाइक पर बैठाकर ले गए थे। आज सुबह घर से 1 किलोमीटर दूर खेत में उसका शव मिला। छात्र के सीने पर 2 गोलियों के निशान थे।
घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, बाइक से आए 2 युवक कौन थे? पुलिस इसकी छानबीन कर रही है। मामला थाना नकुड के सहसपुर जट्ट गांव का है।
मृतक छात्र का नाम आदित्य था। वह RN टैगोर विद्या पीठ मंदिर स्कूल में पढ़ता था। उसके पिता जोगिंदर सिंह किसान हैं। मृतक का एक और बड़ा भाई है। जोगिंदर सिंह ने बताया कि आदित्य के पास शनिवार देर शाम 8 बजे फोन आया। थोड़ी देर बाद 2 युवक बाइक पर आए।
आदित्य उनके साथ बाइक पर बैठकर चला गया। 11 बजे तक जब आदित्य घर नहीं लौटा, तो हमने उसे फोन किया। उसका फोन स्विच ऑफ था। इसके बाद हमने आस-पास उसकी तलाश की। मगर उसका कहीं पता नहीं चल पाया।
गेहूं काटने गए ग्रामीण ने देखा शव
पिता ने बताया, रविवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे गांव के लोग गेहूं काटने खेतों में गए। वहां उन्होंने आदित्य का लहूलुहान शव देखा। वो लोग आदित्य को पहचानते थे, इसलिए उन्होंने मुझे फोन किया और घटना के बारे में बताया। मैं आनन-फानन में मौके पर पहुंचा। फिर पुलिस को सूचना दी।
सीने में गोलियों के निशान थे
सूचना मिलने पर CO धर्मेंद्र गौतम भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव पेट के बल खेत में पड़ा था। पुलिस ने जब शव को पलटकर देखा, तो सीने पर दो गोलियों के निशान थे।
पिता ने कहा- मेरी किसी के साथ रंजिश नहीं
जोगिंदर सिंह ने कहा, मेरी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। बेटे का 18 अप्रैल को जन्मदिन था। मगर उसकी हत्या कर दी। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि जिस जगह युवक का शव मिला है। वहां पर उसका मोबाइल नहीं मिला है। कॉल डिटेल में जिन नंबरों से कॉल आई है। उनमें से कुछ नंबर को बंद है। कुछ युवकों से पूछताछ चल रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
3 पॉइंट्स पर पुलिस की जांच
- पुलिस को आशंका है कि छात्र का स्कूल में किसी से विवाद चल रहा था। इसके बाद ही वारदात को अंजाम दिया है।
- पुलिस की प्राथमिक जांच में नशे की बात भी सामने आ रही है। इस एंगल पर जांच चल रही है। आशंका है कि नशे में छात्र का आरोपियों से विवाद हुआ। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
- आरोपियों ने छात्र को फोन किया, फिर उसे घर ले गए। इसलिए पुलिस को प्री-प्लांड मर्डर का शक है।
यह भी पढ़ेंः केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP का हल्लाबोल, आज देशभर में सामूहिक उपवास कार्यक्रम
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन