71st Miss World 2024: चेक गणराज्य की क्रिस्टीना पिश्कोवा के सिर पर सजा मिस वर्ल्ड 2024 का ताज , जानें भारत की सिनी शेट्टी रहीं किस स्थान पर

मुंबई, BNM News : 71st Miss World 2024: मिस वर्ल्ड 2024 का ताज चेक रिपब्लिक की क्रिस्टीना पिश्कोवा (Krystyna Pyszkova) के सिर पर सजा है। वर्ष 2022 की विश्व सुंदरी पोलैंड की कैरोलिना बिलावस्का ने उन्हें विश्व सुंदरी का ताज पहनाया। 112 देश की सुंदरियों को पछाड़कर उन्होंने यह खिताब अपने नाम किया। पहली रनरअप लेबनान की यस्मिना जयटून रहीं। भारत की प्रतिभागी सिनी शेट्टी शीर्ष चार में भी जगह नहीं बना पाईं। 28 वर्षों बाद भारत ने 71वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की मेजबानी की। इससे पहले 1996 में भारत के बेंगलुरु में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
लेबनान की यस्मिना जयटून रहीं पहली रनरअप
मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेशन सेंटर में शनिवार को मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में होस्ट की जिम्मेदारी फिल्मकार करण जौहर और साल 2013 की विश्व सुंदरी मेगन यंग ने संभाली। शीर्ष चार में त्रिनिदाद एंड टोबैगो, बोत्स्वाना, चेक रिपब्लिक, लेबनान की सुंदरियां पहुंचीं।
#WATCH मुंबई: 71वीं मिस वर्ल्ड 2024 की विजेता चेक रिपब्लिक की क्रिस्टीना पिस्ज़कोवा ने कहा, "मिस वर्ल्ड एक ऐसी चीज़ है जिसके लिए मैं बहुत मेहनत कर रही थी…मैं जानती हूं कि मिस वर्ल्ड मंच हमें उन मुद्दों के लिए बोलने की क्षमता देता है जिन्हें हम महत्वपूर्ण मानते हैं…" pic.twitter.com/jLjbvKhGqO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 9, 2024
नीता अंबानी को ह्यूमैनटेरियन अवार्ड से सम्मानित किया
जुलिया मोर्ली ने नीता अंबानी को ह्यूमैनटेरियन अवार्ड से सम्मानित किया। इस मौके पर नीता ने कहा, यह सम्मान मेरे लिए व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि यह सेवा और जुनून का परिणाम है। मेरे पूरे सफर में कालजयी भारतीय सिद्धांत सत्यम, शिवम, सुंदरम से मेरा मार्गदर्शन हुआ है। अपनी संस्था के माध्यम से हम सभी भारतीयों को सशक्त कर रहे हैं। खासतौर पर महिलाओं और युवतियों को शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य के साथ कला तथा संस्कृति में बढ़ावा दे रहे हैं। यह सदी महिलाओं की है।
ये रहे कार्यक्रम के जज
इस प्रतियोगिता के जज के पैनल में सामाजिक कार्यकर्ता अमृता फडणवीस, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, अभिनेत्री कृति सैनन, मानुषी छिल्लर, पूजा हेगड़े, टाइम्स आफ इंडिया ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन, पत्रकार रजत शर्मा, निर्माता साजिद नाडियावाला, मिस वर्ल्ड आर्गनाइजेशन की सीईओ और चेयरपर्सन जुलिया मोर्ली, मिस वर्ल्ड इंडिया के स्ट्रैटेजिक पार्टनर एंड होस्ट जमील साइदी शामिल रहे। प्रतियोगिता की शुरुआत सभी 112 प्रतिभागियों के बालीवुड गाने पर परफार्मेंस के साथ हुई।
सोनाक्षी सिन्हा ने कहा, मेरी मम्मी 36 बार ब्यूटी पैजेंट विजेता रहीं
वेब शो हीरामंडी – द डायमंड बाजार के प्रमोशन के लिए आईं अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने कहा, मैं आज भावुक महसूस कर रही हूं। मेरी मम्मी 36 बार ब्यूटी पैजेंट विजेता रही हैं। वह मिस इंडिया में भी भाग ले चुकी हैं, लेकिन मिस वर्ल्ड का हिस्सा नहीं बन पाईं। मैं उन्हें कहना चाहती हूं कि मां मैं मिस वर्ल्ड तक पहुंच गई हूं। हीरामंडी के लिए यहां आना खास रहा है।
इन कलाकारों ने दी परफार्मेस
इस खूबसूरत शाम को गायक शान, नेहा कक्कड़ और टोनी कक्कड़ ने अपनी परफार्मेस से और खास बना दिया। इस मौके पर मिस वर्ल्ड पैजेंट से जुड़ी टैगलाइन ‘उद्देश्य के साथ सौंदर्य’ के महत्व पर प्रकाश डालने के लिए प्रियंका चोपड़ा का वीडियो संदेश भी चलाया गया।
मेक इन इंडिया के तहत प्रतिभागियों की वेशभूषा
सभी 112 सुंदरियों ने भारतीय फैशन डिजाइनर अर्चना कोचर के डिजाइन किए खूबसूरत भारतीय कपड़े पहने। वह कहती हैं कि इन सुंदरियों के लिए डिजाइन करक मैं सम्मानित महसूस कर रही हूं। इस कलेक्शन के लिए मैंने जिस फैब्रिक प्रयोग किया है, वो अहिंसा सिल्क है। यह सिल्क को बनाने के लिए किसी सिल्क वार्म (सिल्क बनाने वाले कीड़े) को मारा नहीं गया है। मैं इस प्रोजेक्ट पर पिछले आठ वर्षों से काम कर रही हूं। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए मेक इन इंडिया मुहिम का हिस्सा है।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन