UPSC में सोनीपत के अभिमन्यु मलिक ने लहराया सफलता का परचम, पांचवें प्रयास में 70वा रैंक

नरेन्द्र सहारण, सोनीपत : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने मंगलवार को परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। सेक्टर-23 के रहने वाले अभिमन्यु मलिक ने रैंक में सुधार करते हुए 70वां स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने पांचवीं बार परीक्षा दी थी। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वयं पढ़ाई की। अभिमन्यु दिल्ली में एसडीएम की ट्रेनिंग कर रहे हैं। ड्यूटी पूरी करने के बाद जो समय मिलता था, उस समय में पढ़ाई करता था। उनका मानना है कि यदि कोई भी लक्ष्य बनाकर मेहनत करे तो सफलता अवश्य मिलती है। अभिमन्यु की इस उपलब्धि पर परिवार के सदस्यों भी खुशी जताई।
पहले दी परीक्षा में मिली रैंकिंग से संतुष्ट नहीं थे
अभिमन्यु मलिक मूलरूप से माहरा गांव के रहने वाले हैं और उनके पिता रणबीर मलिक बिजली विभाग, दिल्ली में एसडीओ के पद से सेवानिवृत्त हैं। जबकि मां अनीता गृहिणी हैं। मलिक के अनुसार उनका बचपन से ही यूपीएससी की परीक्षा पास करके देश की सेवा करना का लक्ष्य था। इस लक्ष्य को पाने के लिए वे लगातार मेहनत करते रहे। इससे पहले दी परीक्षा में मिली रैंकिंग से संतुष्ट नहीं थे। इसमें सुधार करने के लिए उन्होंने फिर से परीक्षा में बैठने का निर्णय लिया था। उन्होंने बताया कि सिविल सर्विस परीक्षा-2022 का परिणाम मई-2023 में जारी किया गया था। इस दौरान कुछ सीटों का परिणाम रिजर्व रख लिया था। उनकी रिजर्व में 17वां रैंकिंग थी। फिलहाल वह दिल्ली में कार्यरत हैं। जहां पर नौकरी करने के साथ-साथ अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए भी समय निकालता था। अभिमन्यु मलिक ने बताया कि यह उनका पांचवां प्रयास था। ड्यूटी के बाद रात को समय मिलता था, इस समय में वह पढ़ाई करता था। इसके लिए परिवार ने भी प्रोत्साहित किया, जिसके कारण वह इस लक्ष्य को प्राप्त कर सका। उन्होंने दसवीं और 12वीं सोनीपत के स्कूल से की। बीटेक वाइएमसीए फरीदाबाद से की थी।
राजकीय माडल संस्कृति स्कूल के छात्र रहे आकाशदीप ने पाया 166वीं रैंक
गन्नौर: शास्त्री नगर के आकाशदीप ने यूपीएससी परीक्षा में 166वां रैंक प्राप्त किया है। आकाशदीप ने पांचवें प्रयास में सफलता हासिल की है। मां ममता, पिता सुशील कुमार, अलख निकेतन शास्त्री नगर, गन्नौर जिला सोनीपत के रहने वाले हैं। आकाशदीप की 10वीं, 12वीं की पढाई शहर के राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हुई। इसके बाद बीटेक आइआइटी मंडी हिमाचल प्रदेश से की। इसके बाद आकाशदीप की भारत पेट्रोलियम में बतौर आपरेशन आफिसर के रुप में नियुक्ति हुई, लेकिन चार महीने के बाद स्वेच्छा से नौकरी छोड़ दी और संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी में लग गया।
आकाशदीप ने बताया कि सबसे पहले उन्होंने सीखने पर ध्यान दिया। दूसरा, माता-पिता का मार्गदर्शन उनके लिए महत्वपूर्ण रहा और तीसरी बात आत्म निरीक्षण की क्षमता पैदा कर खुद के साथ न्याय करने का प्रयास किया। खुद की गलतियों को स्वीकार किया और उसमें सुधार कर गलती को फिर नहीं दोहराया। आकाशदीप ने बताया कि सफलता मिलने के बाद दिमाग से तनाव का दबाव कम हो गया और रिलेक्स हुआ है।
Tag-Haryana News, Abhimanyu Malik, Sonipat News, UPSC Exam success, Akashdeep