Canadian Government Crisis: संकट में कनाडा सरकार, सहयोगी दल ने समर्थन लिया वापस, क्या चली जाएगी जस्टिन ट्रूडो की कुर्सी?

ओटावा, प्रेट्र: कनाडा में जस्टिन ट्रूडो सरकार राजनीतिक संकट में फंस गई है। जगमीत सिंह के नेतृत्व वाली न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी (एनडीपी) ने ट्रूडो सरकार से समर्थन वापस ले लिया है, जिससे वह अल्पमत में आ गई है। जगमीत ने आरोप लगाया है कि लिबरल पार्टी की सरकार कारपोरेट के प्रभाव में है और जनता से कट गई है। अब ट्रूडो को सत्ता में बने रहने के लिए अन्य दलों का समर्थन जुटाना होगा। जगमीत को भारत विरोधी और खालिस्तान समर्थक माना जाता है। इसीलिए ट्रूडो कई बार खालिस्तान की गतिविधियों को नजरअंदाज कर भारत को ही कठघरे में खड़ा कर चुके हैं। लेकिन अब खुद इस जाल में फंस गए हैं।

ट्रूडो सरकार अस्थिर हो गई है

 

जगमीत का कदम तत्काल चुनाव के लिए मजबूर नहीं करता है, लेकिन इससे ट्रूडो सरकार अस्थिर हो गई है। जस्टिन ट्रूडो नवंबर 2015 से सत्ता में हैं। वर्तमान सरकार का कार्यकाल अक्टूबर 2025 तक है। जगमीत सिंह की पार्टी ने 2022 में लिबरल पार्टी के साथ ‘सप्लाई एंड कांफिडेंस’ समझौता किया था। बुधवार को जगमीत सिंह ने एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि वह 2022 में किए समझौते को रद करते हैं।

जल्द ही अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे

 

जगमीत ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा कि एनडीपी चुनाव के लिए तैयार है, और जल्द ही अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे। उल्लेखनीय है कि भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और कट्टरपंथियों से संबंध रखने के आरोप में जगमीत सिंह को 2013 में भारत ने वीजा देने से इन्कार कर दिया था। इस बीच, कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिवरे ने जगमीत को “सेलआउट सिंह” करार देते हुए घोषणा को मीडिया स्टंट बताया। वहीं, ट्रूडो ने एनडीपी से राजनीति पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय कनाडाई लोगों के हित में काम करने की अपील की।

सरकार की यह है स्थिति

संसद में ट्रूडो की लिबरल पार्टी के पास 130 सीटे हैं। बहुमत के लिए पार्टी को नौ और सीटों की जरूरत होगी। अब तक 24 सीटों वाली एनडीपी सरकार का समर्थन कर रही थी। लेकिन अब बहुमत के लिए ट्रूडो को अन्य पार्टियों की आवश्यकता होगी। विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी के पास 119 सीटें हैं। सर्वे के मुताबिक अगर चुनाव होते हैं तो कंजरवेटिव पार्टी को बहुमत मिल सकता है।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed