Congresss Sandesh Yatra: हरियाणा में अब एकजुटता का संदेश देंगे कांग्रेस दिग्गज, क्या दूर होगी गुटबाजी?

नरेंद्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Congress: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मध्यस्थता का यह असर हुआ कि हरियाणा के पार्टी नेताओं ने एक दूसरे का हाथ पकड़ने के लिए अपनी तरफ से पहल आरंभ कर दी है। राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके सांसद बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा का गुट विधायकों के साथ जन आक्रोश रैलियां, जिला कार्यकर्ता सम्मेलन व राज्य स्तरीय समारोहों का आयोजन कर रहा है। एसआरके गुट के नाम से मशहूर कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और किरण चौधरी की तिकड़ी पूरे राज्य में कांग्रेस संदेश यात्रा निकाल रही है। आरंभ में जब इस संदेश यात्रा का खाका तैयार किया गया था, तब यह संदेश गया कि एसआरके गुट की तरफ से हुड्डा गुट के विरुद्ध इस संदेश यात्रा का माहौल बनाया जा रहा है।
संदेश यात्रा में कहीं-कहीं लगाए जा रहे प्रमुख नेताओं के फोटो
हो सकता है कि यह बात ठीक भी हो, लेकिन अपनी संदेश यात्राओं में एसआरके गुट के तीनों नेताओं का फोकस राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे को मजबूत करने के साथ ही केंद्र व राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाने के तरीकों पर रहा है। इसके लिए एसआरके गुट के नेता न केवल राहुल गांधी के संघर्ष को याद कर रहे हैं, बल्कि राज्य में कांग्रेस के 10 साल के राज की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही भविष्य का एजेंडा भी पेश कर रहे हैं।
किसी तरह की विवादित टिप्पणी नहीं कर रहा हुड्डा गुट
यही स्थिति हुड्डा गुट के कार्यक्रमों व जन आक्रोश रैलियों की है, जिसमें भाजपा और जजपा गठबंधन की सरकार पर हमला बोला जा रहा है। हुड्डा गुट का कोई नेता एसआरके गुट पर किसी तरह की विवादित टिप्पणी नहीं कर रहा है। हुड्डा व एसआरके गुट के कार्यक्रमों की खास बात यह है कि सभी के समर्थक अपने-अपने नेता के मुख्यमंत्री बनने के नारे लगा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा इसे सहज और स्वाभाविक प्रक्रिया मानते हैं।
कांग्रेसियों के बीच एकजुटता का संदेश
हुड्डा का कहना है कि हर कार्यकर्ता की भावना होती है कि उसका नेता मुख्यमंत्री बने। अगर वह अपने नेता के समर्थन में नारे भी लगाता है तो इसमें कोई हर्ज नहीं है। ऐसी ही सोच रणदीप सुरजेवाला, किरण चौधरी और कुमारी सैलजा की है। राज्य के कांग्रेसियों की इस एकजुटता से प्रभावित कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें सलाह दी है कि वे एक दूसरे के कार्यक्रमों में पार्टी के अधिकृत पोस्टर जरूर लगाएं, ताकि लोगों में यह संदेश जा सके कि सब एक हैं।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन