दशहरा पर बहू ने किया पति, सास, ससुर व ननद के पुतलों का दहन, जानें- क्या है मामला

 हमीरपुर, बीएनएम न्यूजः दशहरा के दिन जब पूरा देश रावण का पुतला दहन कर रहा था, तभी मुस्करा क्षेत्र में बहू ने अपनी ससुराल के बाहर पति, सास, ससुर, दो ननद व एक अन्य महिला के पुतलों का दहन किया। महिला का आरोप है कि उसका पति 14 वर्ष से दूसरी महिला के साथ रह रहा है।  ससुराल वाले भी पति का समर्थन कर रहे हैं, इसलिए विरोध करने का यह तरीका अपनाया है।

शनिवार को मुस्करा कस्बे में जयपुर से आई प्रियंका ने ससुराल के बाहर तीन पुतले रखे। एक पुतले में सास-ससुर, दूसरे में पति व महिला और तीसरे पुतले में दो ननद का फोटो लगा लगा दिया। इसके बाद सभी पुतलों का दहन कर दिया। उस वक्त घर में कोई ससुरालीजन मौजूद नहीं था।

पति का अपनी बहन की सहेली के संपर्क

प्रियंका ने बताया कि उसका पति अपनी बहन की सहेली के संपर्क में था। शादी के कुछ दिनों बाद ही पति उसे छोड़कर उसी युवती के साथ लिव इन में रहने लगा। उसने विरोध किया, लेकिन सास-ससुर व ननद ने उसका साथ नहीं दिया। उसका कहना है कि समाज में बैठे रावण रूपी लोगों का बहिष्कार कर रावण के पुतले की तरह उन्हें भस्म कर देना चाहिए।

बीटेक पास प्रियंका जयपुर में करती है नौकरी

बीटेक पास प्रियंका ने बताया कि वह जयपुर में गर्ल्स हास्टल में नौकरी करती है। पति भी जयपुर में ही प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। सास, ससुर व ननद उरई में रहते हैं। मायका जालौन में है। वह बोली भगवान राम 14 साल बाद वापस लौटे थे, लेकिन उसकी शादी के 14 साल पूरे होने पर भी वनवास खत्म नहीं हुआ।

कोर्ट के आदेश का भी पालन नहीं

बाबा ससुर ने कुछ प्रापर्टी की वसीयत की थी, लेकिन ससुरालवाले उस पर भी दखल दे रहे हैं। प्रियंका ने बताया कि 27 फरवरी 2020 को कोर्ट ने पति को दांपत्य जीवन का निर्वाह करने का निर्देश दिया था, चार वर्ष हो गए पर कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया गया।

सास, ससुर और घर के सभी सदस्यों को इसकी जानकारी है, लेकिन सभी पति का साथ दे रहे हैं। वहीं, महिला के पति ने फोन पर बताया कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट का जो फैसला होगा वह मान्य होगा। इससे ज्यादा और कुछ नहीं कह सकते।

शादीशुदा जिंदगी नरक में बदल गई

प्रियंका के मुताबिक यहीं से उसकी शादीशुदा जिंदगी नरक में बदल गई। बकौल प्रियंका उसका उत्पीड़न शुरू हो गया। सास-ससुर और यहां तक कि ननद भी जानती थी कि उसके पति के रिश्ते एक अन्य महिला से हैं। बजाए पति को समझाने के उन लोगों ने उसी का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। उसका ससुराल में रहना मुश्किल हो गया।

उसे मायके की शरण लेनी पड़ी।  ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा लिखाया। सालों साल कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाए। पति तलाक का मुकदमा हार गए, लेकिन कोर्ट के आदेशों का आजतक पालन नहीं हुआ है।

राम का बनवास खत्म हो गया लेकिन मेरा नहींः प्रियंका

प्रियंका कहती हैं कि चौदह साल में भगवान श्रीराम का वनवास खत्म हो गया, लेकिन उसका वनवास अभी खत्म नहीं हुआ है। ससुरालियों ने उसे संपत्ति से भी बेदखल कर रखा है। रावण एक पराई स्त्री को उठा लाया था, जिसके चलते आज भी उसके पुतले जलते हैं। लेकिन समाज में उसके पति जैसे रावण आराम से रह रहे हैं। पीड़ित प्रियंका ने शासन-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

यह भी पढ़ें- बहराइच में मूर्ति विसर्जन में फायरिंग, युवक की मौत, एसओ और चौकी इन्चार्ज सस्पेंड; योगी बोले- दोषी बचेंगे नहीं

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed