Assembly Election 2024: चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर सहित इन राज्यों में चुनाव की तारीखों का हो सकता है एलान

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूजः चुनाव आयोग आज दोपहर तीन बजे एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है जिसमें जम्मू-कश्मीर के चुनावी कार्यक्रम का ऐलान होगा। इसके अलावा आज हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भी तारीखों का ऐलान हो सकता है।
जम्मू-कश्मीर से 370 हटने के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव होंगे। आयोग ने पिछले हफ्ते ही जम्मू कश्मीर और हरियाणा का दौरा पूरा किया था। हरियाणा की बात करें यहां विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं। वर्तमान में तीन सीटें खाली हैं। बीजेपी के 41 विधायक हैं। कांग्रेस के 29, जेजेपी के 10 और INLD और HLP के एक-एक विधायक हैं। सदन में पांच निर्दलीय विधायक हैं।
जम्मू-कश्मीर में चुनाव का हो सकता है एलान
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में 2018 में सरकार भंग होने के बाद से ही चुनाव नहीं हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में आखिरी बार 2014 में चुनाव हुए थे। तब भाजपा-पीडीपी ने गठबंधन बनाया था। हालांकि, बाद में भाजपा ने इस गठबंधन से दूरी बना ली। 2018 में भाजपा और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की गठबंधन वाली सरकार गिर गई थी।
हरियाणा में भी चुनाव तारीखों की घोषणा संभव
हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल नवंबर में खत्म हो रहा है। यहां आखिरी बार 2019 में चुनाव हुए थे। तब भाजपा-जजपा ने साथ आकर सरकार बनाई थी। हालांकि, इसी साल मार्च में दोनों पार्टियों का गठबंधन टूट गया था। दूसरी तरफ भाजपा ने मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री नियुक्त किया था।
चुनाव के तारीखों के ऐलान के बाद राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। राज्य की 90 विधानसभा सीटों के लिए यह चुनाव काफी अहम होने वाला है, और सभी प्रमुख दल इस पर अपनी कड़ी नजर रखे हुए हैं। चुनाव आयोग की घोषणा का इंतजार अब बस कुछ ही घंटों का है, जिसके बाद राज्य में चुनावी बिगुल बज जाएगा।
महाराष्ट्र में नवंबर में खत्म हो रहा सरकार का कार्यकाल
इसके अलावा महाराष्ट्र में इसी साल नवंबर में सरकार का कार्यकाल खत्म हो रहा है। राजनीतिक रूप से सबसे पेचीदा गठबंधन वाले इस राज्य में फिलहाल एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार है। यहां भाजपा गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी है। 288 सीटों वाली महाराष्ट्र में भी चुनाव का एलान आज ही किया जा सकता है।
यूपी में 10 सीटों पर उपचुनाव की घोषणा संभव
उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को यूपी चुनाव 2027 का सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। ऐसे में इंडिया गठबंधन अपनी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने की योजना बना रही है। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ इस उपचुनाव को प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रहे हैं। इसलिए, भाजपा सभी 10 सीटों पर जीत की रणनीति तैयार की है।
दरअसल, 4 जून को लोकसभा के नतीजे आए, जिसके बाद जीते हुए उम्मीदवार ने विधायकी से इस्तीफा दे दिया था। नियमों के अनुसार सीट रिक्त होने से 6 महीने के अंदर ही चुनाव प्रकिया और नतीजे आ जाने चाहिए। इस हिसाब से देखें तो इस साल के अंत तक यानी कि नवंबर और दिसंबर तक उपचुनाव संपन्न हो जाने चाहिए। बहरहाल अभी तक तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। ऐसा माना जा रहा है कि हरियाणा, जम्मू-कश्मीर महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के साथ ही यहां भी उपचुनाव होने की संभावना है।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन