Film Stars in Lok Sabha Election: 4 भोजपुरी स्टार को मिला टिकट, तीन और सितारे लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

नई दिल्ली, BNM News: Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इनमें चार नाम ऐसे हैं, जो भोजपुरी स्टार हैं। वहीं, बॉलीवुड से एक बड़ा नाम हेमा मालिनी का है, जो मथुरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। पश्चिम बंगाल की हुगली सीट से लॉकेट चटर्जी भी चुनाव लड़ेंगी। केरल की त्रिशूर सीट से गायक और अभिनेता सुरेश गोपी चुनाव लड़ेंगे। अभी आगे कंगना रनौत को मंडी लोकसभा सीट से टिकट दिए जाने की संभावना जताई गई है।

हेमा मालिनी को मथुरा से टिकट

 

वरिष्ठ अभिनेत्री हेमा मालिनी उत्तर प्रदेश की मथुरा लोकसभा चुनाव से तीसरी बार मैदान में होंगी। इससे पहले वह दो बार राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं। 75 साल की होने के बाद आज हेमा मालिनी भले ही फिल्मी दुनिया को छोड़ दिया है लेकिन राजनीति में पूरी तरह काफी सक्रिय हैं। हेमा मालिनी को राज कपूर के साथ पहली सफल फिल्म ‘सपनों का सौदागर’ से हासिल हुई थी। दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता के कारण ड्रीम गर्ल का खिताब हासिल हुआ। बाद में हेमा मालिनी ने छोटे पर्दे की ओर भी रूख किया और धारावाहिक ‘नुपूर’ का निर्देशन भी किया था। 75 साल की होने के बाद भी सीधे प्रधानमंत्री तक मजबूत पहुंच और साफ-सुथरी छवि ने तीसरी बार हेमा को टिकट दिलाई। हेमामालिनी ने खुद कई बार तीसरी बार भी लड़ने की इच्छा जताई थी। उन्होंने ये भी कहा था कि मथुरा से टिकट नहीं मिला, तो वह कहीं और से चुनाव नहीं लड़ेंगी।

मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से टिकट

2014 और 2019 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव जीत चुके हैं। 2014 में तिवारी ने आम आदमी पार्टी के आनंद कुमार को हराया था। 2019 में वे यहां से दूसरी बार जीते। उन्होंने 2019 में कांग्रेस प्रत्याशी शीला दीक्षित को 366,102 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। उस दौरान उन्होंने 56 फीसद पाया था। भाजपा द्वारा दिल्ली की लोकसभा सीटों के लिए जिन उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है, उसमें मनोज तिवारी एक मात्र पुराने चेहरे वाले प्रत्याशी हैं। इस बार चर्चा थी कि उन्हें बिहार की किसी सीट से चुनाव लड़वाया जा सकता है, हालांकि अब वे तीसरी बार उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से ही चुनाव मैदान में होंगे। मनोज तिवारी के राजनीतिक जीवन की शुरुआत साल 2009 में हुई थी। उन्होंने 15वीं लोकसभा चुनाव में गोरखपुर सीट से समाजवादी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन इस चुनाव में उन्हें बीजेपी उम्मीदवार योगी आदित्यनाथ से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2014 में उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली।


पवन सिंह को आसनसोल से टिकट

पवन सिंह, बंगाल की आसनसोल सीट से भाजपा उम्मीदवार बने हैं। यहां से अभिनेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा तृणमूल कांग्रेस से सांसद हैं। 2019 में यहां से गायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो भाजपा के टिकट पर जीते थे। बाद में सुप्रियो इस्तीफा देकर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। ममता बनर्जी ने उन्हें विधानसभा चुनाव लड़वाया। सुप्रियो की छोड़ी सीट पर बाद में शत्रुघ्न सिन्हा लोकसभा पहुंचे थे। 2021 में हुए इस उपचुनाव में शत्रुघ्न सिन्हा के सामने पवन सिंह ही मैदान में थे। आसनसोल लोकसभा सीट पर बिहारी मतदाताओं की संख्या ‘अधिक’ है। पवन सिंह मूल रूप से बिहार के आरा जिले के रहने वाले है। पवन ने एक्टिंग और सिंगिंग की बदौलत भोजपुरी इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई है। आसनसोल से बीजेपी का टिकट मिलने के बाद भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह ने बताया कि उनका जन्म पश्चिम बंगाल में ही हुआ है। इसके चलते बंगाल का पानी और नमक उनके शरीर में है। पवन सिंह ने भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें आसनसोल की जनता का प्यार मिलेगा और वह चुनाव में जरूर जीतेंगे।

रवि किशन को गोरखपुर से टिकट

 

2019 के लोकसभा चुनाव में रवि किशन गोरखपुर सीट से ही जीते थे। पार्टी ने एक बार फिर उन्हें टिकट दिया है। अभिनेता से राजनेता बने आज की तारीख में रवि किशन को भोजपुरी सिनेमा का अमिताभ बच्चन कहा जाता है। रवि किशन ने सीरियल ‘हेलो इंस्पेक्टर’ से इंडस्ट्री में डेब्यू किया था। इसके बाद सलमान खान की फिल्म ‘तेरे नाम’ ने उनकी किस्मत पलट दी थी। टिकट मिलने के बाद रविकिशन ने एक्स पर कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी शीर्ष नेतृत्व द्वारा पुनः प्रत्याशी बनाए जाने के उपरांत गोरखनाथ मंदिर में महायोगी बाबा श्री गुरु गोरक्षनाथ जी का दर्शन कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। हर हर महादेव। एक और ट्वीट कर लिखा कि शीर्ष नेतृत्व द्वारा मुझे पुनः प्रत्याशी बनाए जाने पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री, जन जन के नेता परम पूज्य योगी आदित्यनाथ जी‌ महाराज से भेंट करके उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। माननीय महाराज जी के मार्गदर्शन में गोरखपुर में फिर एक बार पुनः भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलने जा रहा है।

दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को आजमगढ़ से टिकट

निरहुआ 2019 में आजमगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। तब उन्हें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से हार का सामना करना पड़ा था। 2022 के चुनाव में अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव लड़ा और लोकसभा सीट छोड़ दी। उनके इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव हुआ और निरहुआ ने अखिलेश के भाई और सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को हरा दिया। टिकट घोषणा से पहले आजमगढ़ से भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला था। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव आजमगढ़ से चुनाव नहीं लड़े तो वे जहां से चुनाव लड़ेंगे, मैं वहीं से उनके खिलाफ वह चुनाव लड़ूंगा।

लॉकेट चटर्जी को हुगली से टिकट

कई बांग्ला फिल्मों में नजर आ चुकीं लॉकेट चटर्जी हुगली सीट से ही फिर चुनाव लड़ेंगी। पहले वह तृणमूल कांग्रेस में थीं। वे 2015 में भाजपा शामिल हुईं। 2016 में उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। 2019 में वे हुगली से सांसद बनीं। 2021 में उन्होंने फिर विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। लॉकेट चटर्जी राजनीति के अलावा बंगाली फिल्म इंडस्ट्री का बहुत बड़ा नाम है। लॉकेट चटर्जी ने ‘एकतो चोहा’ फिल्म से बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू किया था।

सुरेश गोपी को त्रिशूर से टिकट

 

मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार सुरेश गोपी को भाजपा ने केरल की त्रिशुर सीट से टिकट दिया है। सुरेश गोपी 2016 में राज्यसभा मनोनीत सदस्य बने। इसी साल में वे भाजपा में शामिल हो गए। 2019 में उन्होंने केरल की त्रिशूर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब वे इसी सीट से दोबारा चुनाव लड़ेंगे। सुरेश गोपी मलयालम सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक है। उन्होंने अपने अभिनय करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया है।

 

इसे भी पढ़ें:  BJP Candidate List: लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 195 सीटों की पहली लिस्ट जारी की, वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे पीएम मोदी

इसे भी पढ़ें: Jayant Sinha: गौतम गंभीर के बाद अब भाजपा सांसद जयंत सिन्हा ने भी राजनीति को कहा अलविदा

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed