बहराइच में मूर्ति विसर्जन में फायरिंग, युवक की मौत, एसओ और चौकी इन्चार्ज सस्पेंड; योगी बोले- दोषी बचेंगे नहीं

बहराइच, बीएनएम न्यूजः उत्तर प्रदेश में बहराइच के हरदी इलाके में रविवार को मां दुर्गा की विसर्जन यात्रा के दौरान गैर समुदाय के युवकों ने पथराव किया और 20 राउंड से ज्यादा फायरिंग की। इसमें दो युवकों को गोली लगी। इनमें से एक की मौत हो गई, दूसरे की हालत गंभीर है।

मृतक गोपाल मिश्रा (22) की 4 महीने पहले ही शादी हुई थी। घायल होने वाला शख्स राजन (25) है। युवक की मौत के बाद लोग आक्रोशित हो गए। तोड़फोड़ शुरू कर दी। बहराइच-सीतापुर हाईवे पर जाम लगा दिया। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स और पीएसी पहुंची। हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया।

गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसमें भाजपा विधायक भी शामिल हुए। रात करीब 11 बजे पुलिस ने प्रतिमा का जबरन विजर्सन शुरू करवाया तो लोग भड़क गए। पुलिस ने दोबारा लाठीचार्ज किया। इधर, सीएम योगी ने कहा है कि माहौल बिगाड़ने वाले बचेंगे नहीं। लापरवाही पर हरदी एसओ और महसी चौकी इन्चार्ज को सस्पेंड कर दिया गया है।

बवाल की शुरुआत तब हुई, जब दुर्गा प्रतिमाएं विजर्सन के लिए निकल रही थीं। उसी दौरान गैर समुदाय के कुछ युवकों की प्रतिमा निकाल रहे युवकों से बहस हो गई। इसके बाद मामला बढ़ा और पथराव शुरू हो गया।

12 से अधिक लोग घायल, एक की हालत गंभीर

विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों ने बताया कि भगदड़ के दौरान दूसरे समुदाय के लोग विसर्जन में शामिल रेहुवा मंसूर निवासी रामगोपाल मिश्रा (24) को घसीट कर अपने घर में ले गए। वहां उसकी पिटाई की और उसे कई गोलियां मारी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उसे बचाने पहुंचा उसके गांव का युवक राजन (28) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने रामगोपाल को मृत घोषित कर दिया। राजन को भर्ती कर लिया गया है। राजन के अलावा 12 लोग घायल हुए हैं। जो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।

मुख्य आरोपी सलमान समेत कई लोगों पर एफआईआर

इस बीच देर रात मुख्य आरोपी सलमान समेत कई लोगों पर एफआईआर किया किया। सूत्रों के अनुसार 20 से 25 लोगों के हिरासत में लेने की खबरें आ रही हैं। उधर दूसरी ओर पूजा कमेटी देर रात तक इस बात पर अड़ी रहीं कि आरोपियों की गिरफ्तारी हो। आरोपियों को फांसी देने के नारे देर रात सड़कों पर गूंजते रहे।

देर रात तक प्रदर्शन और आगजनी

महराजगंज की घटना के विरोध में पूरे बहराइच जिले में बवाल बढ़ गया है। देर रात तक प्रदर्शन और जगह-जगह आगजनी होती रही। इस बीच पुलिस व प्रशासन बैकफुट पर नजर आया। डीजीपी की सख्ती के बाद देर रात हरदी थाना प्रभारी और महसी चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया। एक साथ पूरे जिले में विरोध शुरू होने पर आला अधिकारी भी सकते में नजर आए।

दमकल टीम पर पथराव

आग बुझाने पहुंची दमकल टीम पर भी पथराव कर दिया। कर्मचारी किसी तरह वहां से भागे। पुलिस ने लाठी भांजकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। देर रात मौके पर डीएम मोनिका रानी भी पहुंचीं। उन्हें देख लोगों ने फिर पुलिस व प्रशासन के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी।

लगे योगी बाबा जिंदाबाद के नारे

गुस्साए लोगों ने देर रात करीब 11:30 बजे नानपारा-लखीमपुर हाईवे भी जाम कर दिया। इस बीच डीएम-एसपी के खिलाफ नारेबाजी के बीच सीएम योगी जिंदाबाद के नारे भी लगे। गुस्साए लोग लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर लगातार कार्रवाई की मांग करते रहे।

एसपी बोलीं- लाठीचार्ज के बाद भड़के लोग

एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया-विसर्जन यात्रा के दौरान पथराव की घटना का पूजा समिति के लोगों ने विरोध किया तो पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई, इससे तनाव और बढ़ गया। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों से 25 लोगों को भी गिरफ्तार किया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
आरोपियों को धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी गईं हैं। अधिकारियों us लोगों को समझाकर प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू करवा दिया है। बवाल के बाद क्षेत्र की करीब 1100 मूर्तियों का विसर्जन रोका गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रामलीला समिति के लोगों ने मूर्तियों का विसर्जन शुरू किया।

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन