Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा के लिए 9 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़: Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में पांच अक्टूबर को हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें 9 उम्मीदवारों के नाम हैं। थानेसर विधानसभा सीट से पूर्व विधानसभा स्पीकर एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा पर एक बार फिर से भरोसा जताया गया। जींद जिले की उचाना कलां विधानसभा सीट से हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह को टिकट दिया गया है। बृजेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। उचाना में जननायक जनता पार्टी के टिकट पर पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला चुनाव लड़ रहे हैं। बीरेंद्र सिंह और दुष्यंत चौटाला में पिछले काफी समय से तनातनी चली आ रही है। अब इस सीट पर मुकाबला रोचक होने के आसार बन गए हैं। गुरुग्राम विधानसभा सीट से कांग्रेस ने पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया का टिकट इस बार काट दिया है। सुखबीर कटारिया के स्थान पर कांग्रेस ने मोहित ग्रोवर को टिकट दिया है।

धीरे-धीरे हो रही उम्मीदवारों की घोषणा

 

कांग्रेस इससे पहले 32 उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। कांग्रेस उम्मीदवारों की संख्या अब 41 हो गई है। 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए कांग्रेस धीरे-धीरे अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रही है। उसे डर है कि एक साथ सूची जारी होने से टिकट से वंचित बाकी दावेदारों में असंतोष पैदा हो सकता है। रविवार देर रात दूसरी सूची में कांग्रेस ने 6 सीटों पर उम्मीदवार बदले हैं। गन्नौर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा को दोबारा टिकट दिया है। फतेहाबाद जिले की टोहाना विधानसभा सीट से पूर्व कृषि मंत्री परमवीर सिंह पर भी कांग्रेस ने दोबारा भरोसा जताया है। टोहाना में पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली कांग्रेस में आने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनकी एंट्री रोक दी थी, जिस कारण वे भाजपा में चले गए। अब टोहाना में भाजपा के देवेंद्र बबली और कांग्रेस के परमवीर सिंह के बीच मुकाबला होगा।

Image

अनिरुद्ध चौधरी को तोशाम से टिकट

भिवानी जिले की तोशाम विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बंसीलाल के पोते और क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रणबीर महेंद्रा के बेटे अनिरुद्ध चौधरी को चुनावी रण में उतारा है। इस सीट से किरण चौधरी चुनाव लड़ती रही हैं। किरण अब भाजपा में चली गई और भाजपा ने उन्हें राज्यसभा में भेज दिया है। भाजपा ने तोशाम से किरण चौधरी की पूर्व सांसद बेटी श्रुति चौधरी को चुनावी रण में उतारा है। अब बंसीलाल परिवार के दोनों सदस्यों अनिरुद्ध चौधरी और श्रुति चौधरी के बीच यहां कड़ा मुकाबला होगा। रिश्ते में यह दोनों बहन भाई लगते हैं। रोहतक जिले की महम विधानसभा सीट से कांग्रेस ने पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी के बेटे बलराम दांगी को टिकट दिया है। आनंद दांगी की गिनती पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मित्रों में होती है।

मंजू चौधरी को चुनावी रण में उतारा

कांग्रेस ने नांगल चौधरी विधानसभा सीट से मंजू चौधरी को चुनावी रण में उतारा है, जबकि पिछली बार यहां से कांग्रेस ने राजा राम गोलवा को टिकट दिया था। इस बार उनका टिकट बदल दिया गया है। कांग्रेस ने बादशाहपुर विधानसभा सीट से युवा नेता वर्धन यादव को टिकट दिया है। वर्धन यादव गुरुग्राम लोकसभा सीट से भी टिकट के प्रबल दावेदार थे। बादशाहपुर में भाजपा ने पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर को टिकट दिया है। निर्दलीय विधायक स्व. राकेश दौलताबाद की धर्मपत्नी कुमुदनी दौलताबाद के भी कांग्रेस का उम्मीदवार बनने की चर्चा थी, लेकिन अब माना जा रहा है कि कुमुदनी अपने पति की तरह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed