हरियाणा में सर्वे रिपोर्ट के आधार पर उम्मीदवारों का चयन करेगी भाजपा, जानें किन आधार पर मिलेगा टिकट

नायब सिंह सैनी और मनोहर लाल।

नरेन्द्र सहारण, गुरुग्राम: Haryana Assembly Election 2024: विधानसभा चुनाव में भाजपा उसी को टिकट देगी, जिसके जीतने की संभावना सौ प्रतिशत है। इसके लिए आंतरिक सर्वे शुरू कर दिया गया है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। चयन में सकारात्मक व नकारात्मक रिपोर्ट का प्रतिशत देखा जाएगा। नकारात्मक रिपोर्ट का प्रतिशत जिन नेताओं का अधिक होगा, उन्हें टिकट नहीं दिया जाएगा। सर्वे के दौरान यह भी पता किया जाएगा कि किन नेताओं ने लोकसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशी के पक्ष में ईमानदारी से काम किया था। इसका भी प्रतिशत निकाला जाएगा।

प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू

दो महीने बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है। इसे ध्यान में रखकर भाजपा ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले कुछ दिनों में सर्वे रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी। सर्वे के दौरान चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं के बारे में आम लोगों से चर्चा की जा रही है। चर्चा इस तरह की जा रही है कि जिससेआम आदमी को पता भी न चले। समाज के प्रबुद्ध लोगों से भी चर्चा की जा रही है। चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं के आचरण एवं व्यवहार के बारे में लोग क्या सोचते हैं, यह भी जानकारी हासिल की जा रही है।

चुनाव के लिए इच्छुक नेताओं की रिपोर्ट तैयार

सूत्र बताते हैं कि यह भी पता किया जा रहा है कि टिकट नहीं मिलने पर कौन-कौन नेता दल-बदल कर सकते हैं। किन नेताओं का दूसरी पार्टियों के नेताओं के साथ काफी उठना-बैठना है। जनसंपर्क के दौरान नेताओं के भाषण का अंदाज क्या रहता है। वह अपनी बात अधिक करते हैं या फिर सरकार व पार्टी की। यही नहीं, लोकसभा चुनाव के दौरान विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं ने जनसंपर्क के नाम पर खानापूर्ति तो नहीं की। इन सभी विषयों के आधार पर चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं की रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

चुनाव से जनसंपर्क अभियान शुरू किया

बता दें कि गुड़गांव लोकसभा सीट से चुनाव जीतने के साथ ही केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने खुले तौर पर कहा कि पार्टी को उन नेताओं का संज्ञान लेना चाहिए, जिन्होंने ईमानदारी से प्रयास नहीं किया। उनके बयान को पार्टी ने काफी गंभीरता से लिया है। राजनीतिक जानकारों का भी मानना है कि संविधान में बदलाव किए जाने के भ्रम को दूर करने में यदि भाजपा कामयाब हो जाती तो राव इंद्रजीत सिंह के जीत का अंतर कुछ और होता। यदि सभी भाजपा नेता अपने-अपने इलाके में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से संवाद करते तो भ्रम दूर हो सकता था।

टिकट लेने वालों की रेस में शामिल भाजपा नेता

गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक सुधीर सिंगला के साथ ही व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल, प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक मुकेश शर्मा पहलवान एवं एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक उद्योगपति बोधराज सीकरी टिकट पाने वालों की रेस में हैं। बादशाहपुर से टिकट पाने वालों की रेस में पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह का नाम सबसे ऊपर है।

टिकट के ये भी हैं दावेदार

इनके अलावा प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता जवाहर यादव, गुरुग्राम जिलाध्यक्ष कमल यादव एवं युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव रेस में शामिल हैं। सोहना विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक व प्रदेश सरकार में मंत्री संजय सिंह के साथ ही पूर्व विधायक तेजपाल तंवर, जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन कल्याण सिंह चौहान, हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन दिनेश शर्मा एवं युवा नेता महेश चौहान रेस में हैं। पटौदी विधानसभा क्षेत्र वर्तमान विधायक सत्यप्रकाश जरावता, नरेंद्र पहाड़ी, पूर्व विधायक बिमला चौधरी, सुदेश कटारिया, मेहरचंद गांधी एवं जयंती चौधरी रेस में हैं।

पार्टी पूरी तरह तैयार

गुरुग्राम भाजपा के जिलाध्यक्ष कमल यादव का कहना है कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी पूरी तरह तैयार है। किसे किस विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिलेगा, यह बहुत बड़ा विषय नहीं है। जिसे भी टिकट मिलता है या मिलेगा, उसके लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान भी पार्टी ने एकजुट होकर काम किया था। विपक्ष ने संविधान को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया था।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

 

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed