Haryana Election 2024: हरियाणा में बिना सीएम के चेहरे के चुनावी रण में उतरेगी कांग्रेस, खरगे ने किया स्पष्ट

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Election 2024: हरियाणा में कांग्रेस चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं करेगी। सात गारंटी जारी करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने स्पष्ट किया कि किसी भी राज्य में कांग्रेस ने चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया। विधानसभा के लिए जो विधायक चुनकर आते हैं, वे अपनी पसंद के नेता का चयन करते हैं और फिर कांग्रेस हाईकमान उनकी इच्छा के अनुरूप मुख्यमंत्री बनाता है। यह कोई नया सिस्टम नहीं है। हरियाणा में भी कांग्रेस बाकी राज्यों की तरह इसी पुराने सिस्टम के आधार पर मुख्यमंत्री का चयन करेगी।

भाजपा के डबल इंजन को बताया डेमो इंजन

नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौजूदगी में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा को बर्बाद कर दिया है। मैं रेलवे मंत्री भी रहा हूं। किसी रेलगाडी़ को आगे-पीछे करने के लिए दो इंजनों की जरूरत होती है। भाजपा जिस डबल इंजन की सरकार की बात करती है, वह डेमो इंजन है। कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार डेमो इंजन रेलगाड़ी के किसी डिब्बे को आगे तो किसी को पीछे करता है। भाजपा जिसे डबल इंजन कर रही है, उस डेमो इंजन का कोई फायदा नहीं है।

हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आने पर एक्सप्रेस इंजन का इस्तेमाल करते हुए प्रदेश को फिर उसका पुराना खोया हुआ गौरव तथा विकास वापस दिलाएंगे। खरगे ने भाजपा से सवाल पूछा कि यदि मनोहर लाल उनके नतीजे देने वाले मुख्यमंत्री थे तो चुनाव से पहले उन्हें क्यों हटाया गया। अब विधानसभा चुनाव में वह कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नये मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी अपने छह माह के कार्यकाल में कोई काम नहीं कर पाए।

जातियों के हिसाब से मिलनी चाहिए लोगों को हिस्सेदारी

मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो और भारत न्याय यात्राओं से देश के लोगों को भरोसा जगा है। राहुल गांधी देश के कोने-कोने में गये और लोगों से मिले, लेकिन भाजपा के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिर्फ कुछ ही लोगों से मिलते हैं। वह प्रचारक हैं तो फिर लोगों से मिलने से क्यों डरते हैं। मोदी दूरदर्शन की तरह हो गये हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पूरे देश में किसानों को एमएसपी की गारंटी दिलाने तथा जातिगत सर्वे कराने की लडा़ई लड़ी है। यह दोनों पहलू हरियाणा की कांग्रेस सरकार के गारंटी पत्र में शामिल किए गए हैं। राहुल गांधी आरंभ से ही इस बात के पक्षधर हैं कि देश में जिस जाति के लोगों की जितनी संख्या है, उनको उसी हिसाब से उनका हिस्सा मिलना चाहिए।

राहुल गांधी डरने, झुकने और दबने वाले बिल्कुल नहीं

कांग्रेस अध्यक्ष ने राहुल गांधी को टारगेट करने के प्रयासों पर कड़ा वार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश में बोलने नहीं दिया जाता। जब वे विदेश में जाकर अपनी बात कहते हैं तो कहा जाता है कि यह लोकतंत्र के खिलाफ है, जबकि वास्तविक लोकतंत्र का हनन तो भाजपा कर रही है। खरगे ने कहा कि भाजपा ने 10 साल में आज तक कांग्रेस को सिर्फ गालियां ही दी हैं। राहुल गांधी को टारगेट किया गया है। इन सभी से हम डरने, झुकने अथवा घबराने वाले नहीं हैं। हम ऐसे हर प्रयास और कार्रवाई का सख्ती के साथ मुकाबला करेंगे।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed