Haryana Election 2024: पीएम मोदी आज लालों के गढ़ हिसार में लेंगे आशीर्वाद, कांग्रेस के साथ चौटाला परिवार भी रहेगा निशाने पर

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Election 2024: हरियाणा में विधानसभा चुनाव को नाक का सवाल बनाकर चल रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरी ताकत झोंक दी है। स्टार प्रचारकों की धुआंधार रैलियों-जनसभाओं और रोड-शो के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को फिर हरियाणा आएंगे। 14 सितंबर को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र और 25 सितंबर को सोनीपत के गोहाना में रैली कर चुके मोदी अब हिसार में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करेंगे।

चौधरी बंसी लाल व भजन लाल के प्रभाव वाला क्षेत्र

एयरपोर्ट चौक के पास स्थित मैदान में होने वाली रैली के माध्यम से मोदी दो दर्जन विधानसभा क्षेत्रों को साधेंगे। पूर्व उपप्रधानमंत्री स्वर्गीय देवी लाल और पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसी लाल व चौधरी भजन लाल के प्रभाव वाले भिवानी, चरखी दादरी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा के अलावा जींद में भी रैली से निकला संदेश प्रभावी होगा। हरियाणा में सत्ता की हैट्रिक लगाने के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पीएम मोदी न केवल हर दिन की रिपोर्ट प्रदेश पदाधिकारियों से ले रहे हैं, बल्कि नमो एप के माध्यम से बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेते हुए अपने बूथ को सबसे मजबूत करने का मंत्र दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रदेश में कुल चार रैलियां रखी गई हैं। अंतिम रैली एक अक्टूबर को फरीदाबाद-पलवल बार्डर पर गदपुरी टोल प्लाजा के पास होगी।

मोदी के निशाने पर हिसार में चौटाला परिवार भी

हिसार रैली की सफलता को लेकर हरियाणा भाजपा ने पूरी योजना बनाई है। हिसार और सिरसा लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के साथ ही भिवानी जिले के प्रत्याशियों को भी रैली में बुलाया गया है। कुरुक्षेत्र और गोहाना रैली में कांग्रेस पर सीधा हमला बोलने वाले मोदी के निशाने पर हिसार में चौटाला परिवार भी होगा, जो लंबे समय तक हरियाणा की सत्ता का केंद्र रहा है। पांच साल तक गठबंधन सरकार में कैबिनेट मंत्री बनकर सत्ता सुख भोगने वाले रणजीत सिंह चौटाला भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर रानियां से निर्दलीय मैदान में हैं तो मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन आदित्य चौटाला भाजपा छोड़कर डबवाली में इनेलो के प्रत्याशी बन गए हैं। इसी तरह साढ़े चार साल तक गठबंधन सरकार में शामिल रहे पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जजपा) भी मोदी के निशाने पर होगी।

 

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed