Haryana Election 2024: हरियाणा में भाजपा सरकार के नौ मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर, कांग्रेस उम्मीदवारों से मिल रही कड़ी टक्कर

मनोहर लाल और नायब सिंह सैनी।
नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़ : Haryana Election 2024: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा सरकार के नौ मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इनमें से अधिकतर को अपने प्रतिद्वंदियों से कड़ी टक्कर मिल रही है। तीन मंत्रियों डा. बनवारी लाल, सीमा त्रिखा और विशंभर वाल्मीकि के भाजपा ने इस बार टिकट काट दिए। बिजली मंत्री रणजीत चौटाला को भी भाजपा ने टिकट नहीं दिया, जिस कारण चौटाला रानियां विधानसभा सीट से भाजपा के बागी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। साल 2019 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल, अनिल विज और डा. बनवारी लाल को छोड़कर भाजपा सरकार के सारे मंत्री चुनाव हार गये थे।
इस बार विपुल गोयल और राव नरबीर को मिला टिकट
उस समय के उद्योग मंत्री विपुल गोयल और पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर को तब भाजपा ने टिकट नहीं दिए थे। इस बार विपुल गोयल फरीदाबाद और राव नरबीर बादशाहपुर विधानसभा सीट से चुनावी रण में हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करनाल के बजाय इस बार लाडवा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। लाडवा करनाल लोकसभा क्षेत्र का विधानसभा क्षेत्र है, जहां उनके मुकाबले में कांग्रेस के मेवा सिंह दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने नायब सिंह सैनी को अपना मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर रखा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक जिले की गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस की ओर से हुड्डा मुख्यमंत्री पद का अघोषित चेहरा हैं।
जानें सीटों पर समीकरण
- जगाधरी : कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर को कांग्रेस के मोहम्मद अकरम खान से कड़ी चुनौती मिल रही है।
- बरवाला : विधानसभा उपाध्यक्ष रहे रणबीर गंगवा को कांग्रेस के रामनिवास घोड़ेला टक्कर दे रहे हैं।
- पानीपत ग्रामीण : सहकारिता राज्य मंत्री महिपाल ढांडा को कांग्रेस के सचिन कुंडू टक्कर दे रहे हैं।
- लोहारू : वित्त मंत्री जेपी दलाल और कांग्रेस के राजबीर फरटिया में मुकाबला है।
- अंबाला शहर : महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री असीम गोयल की राह में कांग्रेस के पूर्व मंत्री निर्मल सिंह चुनौती पेश कर रहे हैं।
- नांगल चौधरी : सिंचाई एवं जल संसाधन राज्य मंत्री डा. अभय सिंह की राह आसान है, जिनके सामने कांग्रेस की मंजू चौधरी चुनाव लड़ रही हैं।
- थानेसर : शहरी निकाय राज्य मंत्री सुभाष सुधा को कांग्रेस के पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा तगड़ी चुनौती दे रहे हैं। अरोड़ा पिछला चुनाव चार सौ मतों के अंतर से हारे थे।
- पंचकूला : विधानसभा के स्पीकर रह चुके डा. ज्ञानचंद गुप्ता को पंचकूला में कांग्रेस के पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन बिश्नोई कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
- बल्लभगढ़ : उद्योग मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा की राह में कांग्रेस की पराग शर्मा और कांग्रेस की ही बागी पूर्व सीपीएस शारदा राठौर उनकी राह में बाधा बनी हुई हैं।
- हिसार : नागरिक उड्डयन मंत्री डा. कमल गुप्ता को भाजपा की बागी पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल, कांग्रेस के रामनिवास राडा और भाजपा के दूसरे बागी तरुण जैन से कड़ी चुनौती मिल रही है। सावित्री जिंदल कुरुक्षेत्र के भाजपा सांसद नवीन जिंदल की माता हैं। आम आदमी पार्टी के संजय सातरोडिया भी मुकाबले में हैं।
- नूंह : खेल राज्य मंत्री संजय सिंह को कांग्रेस विधायक दल के उप नेता चौधरी आफताब अहमद कड़ी चुनौती दे रहे हैं। आफताब अहमद कांग्रेस सरकार में परिवहन मंत्री भी रह चुके हैं। उनका इलाके में अच्छा रसूख है। आम आदमी पार्टी की राबिया किदवई और इनेलो-बसपा गठबंधन के ताहिर मुकाबले को रोचक बना रहे हैं।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन