Haryana Loksabha Election Results 2024: हरियाणा में कांग्रेस ने की जबरदस्त तरीके से वापसी, भाजपा के सामने पेश की तगड़ी चुनौती

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Loksabha Election Results 2024: हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा जहां मात्र 5 लोकसभा सीटों पर सिमटकर रह गई, जबकि कांग्रेस ने भाजपा से 5 सीटें छीनकर जबरदस्त तरीके से वापसी की है। भाजपा ने जिन 5 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की है, उन सभी पर जीत की हैटट्रिक लगाई, जबकि कांग्रेस ने पांच लोकसभा सीटें जीतकर इसी साल अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के सामने तगड़ी चुनौती पेश कर दी है।

कांग्रेस ने मध्य हरियाणा की रोहतक, सिरसा और हिसार लोकसभा सीटों पर जीत का परचम लहराया। उत्तर हरियाणा यानी जीटी रोड बेल्ट पर पड़ने वाली चार लोकसभा सीटों में से दो करनाल और कुरुक्षेत्र पर भाजपा ने चुनाव जीते, जबकि जबकि दो सीटों सोनीपत और अंबाला में कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया। भाजपा ने दक्षिण हरियाणा की गुड़गांव, फरीदाबाद व भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की।

दीपेंद्र की प्रदेश में सबसे बड़ी जीत

हरियाणा में 2019 के लोकसभा चुनाव में जहां भाजपा ने सभी 10 लोकसभा सीटों पर क्लीन स्विप किया था, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने पांच लोकसभा सीटें जीतकर भाजपा की सारी रणनीति ध्वस्त कर दी। प्रदेश की सबसे हॉट सीट रोहतक पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह के बेटे और कांग्रेस के दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की सबसे बड़ी जीत हासिल की। दीपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस के मौजूदा राज्यसभा सदस्य होते हुए भी लोकसभा चुनाव लड़ा और भाजपा के निवर्तमान सांसद डा. अरविंद शर्मा को 3 लाख 38 हजार 745 मतों के अंतर से पराजित किया।

कुमारी सैलजा की बड़ी जीत

 

कांग्रेस की दूसरी सबसे बड़ी जीत सिरसा में हुई, जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने भाजपा उम्मीदवार डा. अशोक तंवर को 2 लाख 68 हजार 497 मतों के भारी अंतर से हराया। कुमारी सैलजा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा दोनों पांचवीं बार सांसद बने हैं। कुमारी सैलजा दो बार अंबाला और दो बार सिरसा से सांसद रह चुकी हैं।

मनोहर लाल ने दो लाख से अधिक वोटों से हराया

 

प्रदेश में सबसे बड़ी तीसरी जीत करनाल से भाजपा उम्मीदवार मनोहर लाल की हुई। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस के नए नवेले उम्मीदवार दिव्यांशु बुद्धिराजा को 2 लाख 19 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया। मनोहर लाल शुरू से ही बढ़त बनाए रखी। उन्होंने प्रदेश में अन्य भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया और अपना स्वयं का चुनाव भी लड़ा।

फरीदाबाद में जीत का अंतर घटा

फरीदाबाद लोकसभा सीट पर केंद्रीय राज्य मंत्री भाजपा के कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस के महेंद्र प्रताप सिंह को 1 लाख 67 हजार 538 मतों के अंतर से पराजित किया। कृष्णपाल गुर्जर ने साल 2019 के चुनाव में देश की सबसे बड़ी तीसरी जीत हासिल की थी। उस समय उनकी जीत का अंतर साढ़े 6 लाख के आसपास था। इस बार उन्हें जीत के कम अंतर पर संतोष करना पड़ा।

बंतो कटारिया को नहीं मिली मतदाताओं की सहानुभूति

अंबाला में कांग्रेस के मुलाना से विधायक वरुण चौधरी ने भाजपा की बंतो कटारिया को 47 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया। आपको बता दें कि बंतो कटारिया पूर्व सांसद रतनलाल कटारिया की धर्मपत्नी हैं। उन्हें मतदाताओं की सहानुभूति प्राप्त नहीं हुई। सोनीपत में कांग्रेस उम्मीदवार सतपाल ब्रह्मचारी ने भाजपा के राई से विधायक मोहन लाल बडौली को हरा दिया। सोनीपत का चुनाव बेहद कांटेदार और रोचक हुआ, जहां कभी सतपाल ब्रह्मचारी आगे तो कभी मोहन लाल बडौली आगे दिखाई दिए। आखिर में सतपाल ब्रह्मचारी की लीड मोहन लाल बडौली तोड़ नहीं आए। कांग्रेस ने यह चुनाव 21 हजार 94 मतों के अंतर से जीत लिया। हिसार में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांग्रेस के जयप्रकाश जेपी ने भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला को 62 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया। आपको बता दें कि रणजीत चौटाला पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल के बेटे हैं।

कुरुक्षेत्र में रहा जबरदस्त मुकाबला

कुरुक्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार एवं प्रमुख उद्योगपति नवीन जिंदल ने इंडिया गठबंधन और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डा. सुशील गुप्ता को 30 हजार से अधिक से पराजित किया। कुरुक्षेत्र पर भी जबरदस्त मुकाबला हुआ है। आरंभ में सुशील गुप्ता ने कई दौर तक लीड लिए रखी, लेकिन आखिर में नवीन जिंदल बढ़त बना गए और जीत हासिल की। इनेलो के अभय सिंह चौटाला और सुशील गुप्ता दोनों चुनाव हार गए। अभय सिंह चौटाला ने 70 हजार से अधिक वोट हासिल किया। वहीं भिवानी-महेंद्रगढ़ में भाजपा के चौधरी धर्मबीर सिंह ने कांग्रेस के राव दान सिंह को 40 हजार से अधिक वोटों से हराया। कांग्रेस ने किरण चौधरी की बेटी और पूर्व सांसद श्रुति चौधरी का टिकट काटकर राव दान सिंह को दिया था।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed