Haryana LS Election: जिसने आपको दिल्ली जाने से रोका, उसे दिल्ली से निकालें : प्रियंका गांधी

नरेन्द्र सहारण, पानीपत/सिरसा : Haryana LS Election: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि किसानों और मजदूरों को लोन नहीं मिलता, लेकिन व्यवसायियों के 16 हजार करोड़ रुपये माफ कर दिए गए। किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि जिसने आपको दिल्ली जाने से रोका, उसे आप दिल्ली से बाहर करने का काम करें। वह प्रचार के अंतिम दिन वीरवार को पानीपत की अनाज मंडी में प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा के समर्थन में न्याय संकल्प रैली को संबोधित कर रही थीं। इससे पहले उन्होंने सिरसा में कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा के समर्थन में रोड शो निकाला।
पानीपत में प्रियंका गांधी ने कहा कि तीन कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली बार्डर पर धरना दे रहे किसानों को आतंकवादी-देशद्रोही बताया गया। 750 किसानों की मौत हो गई और प्रधानमंत्री दो मिनट का मौन नहीं रख सके। किसानों के लिए हम कानून बनाएंगे। कर्जमाफी के लिए एक स्थायी आयोग बनेगा। नुकसान होने पर किसान को 30 दिन में मुआवजा मिलेगा। खेती के हर सामान की खरीद से जीएसटी हटा देंगे। परिवार की हर बड़ी महिला के खाते में प्रत्येक महीने आठ हजार रुपये दिए जाएंगे। ये काम हमने कर्नाटक और तेलंगाना में शुरू कर दिया है। आंगनबाड़ी वर्कर्स का मानदेय बढ़ेगा। केंद्र सरकार के जितने भी पद हैं उनमें आधे महिलाओं को दिए जाएंगे। पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून लाएंगे, रिक्त पदों को भरेंगे। अग्निवीर योजना को रद कर सेना में जवानों की स्थायी भर्ती करेंगे। मजदूर के लिए कानून लाएंगे ताकि प्रतिदिन 400 रुपये से कम की दिहाड़ी न मिले। प्रियंका गांधी वाड्रा ने पानीपत के हैंडलूम उद्योग पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी नोटबंदी लाए, आप कतार में खड़े हो गए। इससे आम जनता और छोटे कारोबारियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। मोदी ने कहा कि कालाधन आएगा, लेकिन कालाधन की जगह जीएसटी ले आए। अब हर छोटे व्यापारी को एक अकाउंटेंट रखना पड़ रहा है।
मैं आधी पंजाबन
प्रियंका गांधी ने कहा मैं तो आधी पंजाबन हूं। मेरे अंदर पंजाब का जज्बा है। प्रियंका ने कहा कि मेरी बेटी ने सोनीपत में बास्केटबॉल की प्रैक्टिस की। वह बताती थी कि गांव का जीवन बहुत मुश्किल है। मैं उन महिला पहलवानों से भी मिली जिन्हें दिल्ली में घसीटा गया।
सिरसा में रोड शो में प्रियंका के साथ रही किरण
सिरसा में रोड शो के दौरान प्रचार रथ पर प्रियंका गांधी के साथ एक तरफ कुमारी सैलजा और दूसरी तरफ किरण चौधरी थी। नामधारी सिखों ने नाम- सिमरन जाप करने वाली माला भेंट की, जिसे प्रियंका ने अपने गले में पहने रखा। प्रियंका ने कहा कि हरियाणा में भाजपा के खिलाफ लहर चल रही है। आम लोग भी अब भाजपा वालों की राजनीति समझ गए हैं। सभी को समझ में आ गया है कि भाजपा फिर से सत्ता में आई तो कुछ भी कर सकती है, इसलिए बेरोजगारी और महंगाई से परेशान जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।
हरियाणा में चल रही भाजपा के खिलाफ लहर : प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हरियाणा में भाजपा के खिलाफ लहर चल रही है। आम लोग भी अब भाजपा वालों की राजनीति समझ गए हैं। सभी को समझ में आ गया है कि भाजपा फिर से सत्ता में आई तो कुछ भी कर सकती है, इसलिए बेरोजगारी और महंगाई से परेशान जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। कांग्रेस महासचिव वीरवार को सिरसा में कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा के समर्थन में रोड शो करने आई थी।
सैलजा ने हरियाणवी चुनरी भेंट की
सिरसा के नामधारी सिखों ने नाम- सिमरन जाप करने वाली माला भेंट की, जिसे प्रियंका ने अपने गले में पहने रखा। प्रचार रथ पर प्रियंका गांधी के साथ एक तरफ कुमारी सैलजा और दूसरी तरफ किरण चौधरी थी। रोड शो निकालने का समय सुबह साढ़े नौ बजे का था। लेकिन प्रियंका गांधी एक घंटा देरी से पहुंची। श्याम बगीची में ज्यादातर अग्रवाल समाज के लोग जुड़े हुए हैं, इसलिए कांग्रेसियों ने उन्हें साधने के लिए वहीं से रोड शो शुरू किया। जाते समय प्रियंका को सैलजा ने हरियाणवी चुनरी भेंट की।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन