Haryana Politics: नवीन जिंदल के बाद मां सावित्री जिंदल भी होंगी भाजपा में शामिल

नरेन्द्र सहारण, हिसार : Haryana Politics: उद्योगपति एवं पूर्व सांसद नवीन जिंदल (Naveen Jindal) के बाद अब उनकी मां सावित्री जिंदल (Savitri Jindal) भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होंगी। देश की सबसे अमीर महिला एवं जिंदल समूह की चेयरपर्सन सावित्री जिंदल ने बुधवार को जिंदल हाउस पर कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श के बाद भाजपा में शामिल होने का एलान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों को बेहतर बताया। वीरवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हिसार में भाजपा प्रत्याशी के कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचेंगे और इसी दौरान उनकी मौजूदगी में सावित्री जिंदल औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगी। वे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में मंत्री रह चुकी हैं। उनके पति स्वर्गीय ओमप्रकाश जिंदल भी कांग्रेस राज में मंत्री बने थे। नवीन जिंदल होली से एक दिन पहले भाजपा में शामिल हो चुके हैं और उन्हें कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया जा चुका है।

कांग्रेस से भी था आफर

जिंदल हाउस में सावित्री जिंदल ने कहा कि बेटे नवीन के भाजपा में शामिल होने फैसला का पूरे परिवार का है। कांग्रेस से भी कुछ महीने पहले चुनाव लड़ने का आफर था, लेकिन उस समय चुनाव लड़ने का मन नहीं था। अब वे भाजपा में शामिल होकर प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को साकार करने में सहयोग देंगी। बेटे नवीन और भाजपा के लिए लोकसभा चुनाव में प्रचार करेंगीं। उन्होंने कहा कि नवीन के भाजपा में शामिल होने की पहले से कोई जानकारी नहीं थी। किसी जानकार का फोन आया तो पता चला कि भाजपा ने नवीन को लोकसभा का टिकट दिया है।

नवीन की जीत सुनिश्चित करना है लक्ष्य

सावित्री ने बताया कि घर में राजनीति को लेकर आपस में ज्यादा बात नहीं होती है। वे भी चुनाव से दूर थीं, मगर अब नवीन के चुनाव में सभी साथ रहेंगे। विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहला लक्ष्य लोकसभा चुनाव में नवीन की जीत सुनिश्चित करना है। विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय परिस्थितियों के हिसाब से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का रुख जानने के लिए जिंदल हाउस में बैठक बुलाई गई थी। पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ वर्षों से खड़े हैं और इन सभी के विचारों का मान-सम्मान रखना उनका फर्ज है।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed