Haryana Politics: जानें कैसे हरियाणा के चौथे लाल मनोहर की छतरी के नीचे आए प्रदेश के तीनों लाल परिवार

भजनलाल, बंसीलाल और देवीलाल।

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Politics: हरियाणा की राजनीति में एक समय लाल परिवारों की तूती बोलती थी। देवीलाल, भजनलाल और बंसीलाल-राजनीति के ये तीनों लाल अपने-अपने समय में हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे। इन तीनों लालों की राजनीति के बाद हरियाणा में मनोहर लाल के रूप में चौथे लाल आए और प्रदेश के करीब साढ़े नौ साल तक मुख्यमंत्री रहे। भाजपा ने अब उन्हें केंद्र सरकार में ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री बना रखा है। कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी के बुधवार को भाजपा में शामिल होने के साथ ही राज्य के इन तीनों लालों के परिवार अब मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा में सक्रिय हो गए हैं।

चौथे लाल बने मनोहर लाल

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा की राजनीति में चौथे लाल के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाई। मनोहर लाल जब पहली बार करनाल से विधायक बनकर मुख्यमंत्री बने थे, तब उनके राजनीतिक विरोधियों ने उन्हें राजनीतिक का नौसिखिया खिलाड़ी बताया था। समय के साथ-साथ मनोहर लाल की राजनीति परिपक्व होती गई। उसी का नतीजा है कि राज्य के साढ़े नौ साल तक मुख्यमंत्री रहने के बाद मनोहर लाल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री का स्थान पा चुके हैं।

रणजीत चौटाला को जोड़ा

हरियाणा की राजनीति में सक्रिय रहते हुए मनोहर लाल ने सबसे पहले पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व. देवीलाल के परिवार को भाजपा में शामिल करने का काम किया। देवीलाल के छोटे बेटे रणजीत चौटाला रानियां से निर्दलीय विधायक बने और मनोहर लाल के मंत्रिमंडल में बिजली मंत्री का दर्जा प्राप्त किया। हिसार लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने के लिए रणजीत चौटाला को रानियां विधानसभा सीट से इस्तीफा देना पड़ा। हालांकि, रणजीत चौटाला हिसार लोकसभा सीट से चुनाव हार गए, लेकिन अब वे भाजपा की सक्रिय राजनीति कर रहे हैं। देवीलाल के पड़पोते दुष्यंत चौटाला की पार्टी जजपा के साथ गठबंधन करते हुए मनोहर लाल उसमें भी तोड़फोड़ करने में कामयाब रहे हैं।

भजनलाल के परिवार को जोड़ा

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई और उनकी पत्नी रेणुका बिश्नोई को भी मनोहर लाल ने ही भाजपा में शामिल कराया था। आदमपुर से कुलदीप के बेटे भव्य बिश्नोई विधायक बने, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी कुलदीप हिसार लोकसभा सीट से भाजपा का टिकट प्राप्त नहीं कर सके।

अब बंसीलाल के परिवार को जोड़ा

अब स्व. बंसीलाल की पुत्रवधू किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी को भाजपा में शामिल करवाकर मनोहर लाल ने तीसरे बड़े लाल परिवार को भी भगवा रंग में रंगने में कामयाबी हासिल कर ली है।

खास बात यह है कि जिन तीनों लाल परिवारों के सदस्यों को मनोहर लाल ने भाजपा में शामिल किया, उनके मुखिया कभी राज्य के मुख्यमंत्री हुआ करते थे और इससे भी अधिक खास बात यह है कि हरियाणा की राजनीति के चौथे लाल, जो कि इन तीनों लाल परिवारों की राजनीतिक छतरी साबित हुए हैं, वह भी राज्य के मुख्यमंत्री रहे हैं।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed