Haryana Politics: हरियाणा में भाजपा को लगा झटका, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी कांग्रेस में शामिल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा कैलाशो सैनी को कांग्रेस में शामिल कराते हुए।

नरेन्द्र सहारण, रोहतक। Haryana Politics: हरियाणा में लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। ओबीसी नेता और कुरूक्षेत्र की दो बार सांसद रह चुकीं कैलाशो सैनी (Kailasho Saini) ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस जॉइन कर ली है। कैलाशो सैनी को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने चार साल बाद घर वापसी कराई। नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद कैलाशो सैनी कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से टिकट की मांग कर रही थी, लेकिन भाजपा ने उन्हें टिकट न देकर उद्योगपति और पूर्व सांसद नवीन जिंदल को यहां से चुनाव मैदान में उतारा है। इससे वह काफी नाराज चल रही थीं, पिछले कुछ दिनों से वह पार्टी प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में भी नहीं दिखाई दे रही थीं। उनके अलावा कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से भाजपा की टिकट लेने की दौड़ लगाने वालों में सैनी समाज भवन के अध्यक्ष गुरनाम सिंह सैनी, पूर्व विधायक पवन सैनी का भी नाम शामिल था।

BJP संविधान बदलना चाहती है, इसलिए किनारा किया

कांग्रेस में शामिल होने के बाद कैलाशो सैनी ने कहा है कि लोकसभा और आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पक्की है। BJP संविधान को बदलना चाहती है, इसलिए उन्होंने भाजपा से किनारा कर लिया। उन्होंने कहा कि दलित पिछड़ों के आरक्षण को भाजपा खत्म करना चाहती है। BJP के पास चुनाव लड़वाने के लिए उम्मीदवार तक नहीं हैं। जनता ही नहीं खुद BJP के नेता व कार्यकर्ता भी इस सरकार से संतुष्ट नहीं हैं।

दो बार रह चुकी हैं सांसद

प्रोफेसर कैलाशो सैनी 2 बार कुरूक्षेत्र से सांसद रही हैं। 1998 और 1999 में इनेलो के टिकट पर सांसद चुनी गईं। कुरूक्षेत्र के गांव प्रतापगढ़ निवासी कैलाशो सैनी ही एकमात्र ऐसी सांसद हैं जो कुरूक्षेत्र की निवासी हैं। आमतौर पर इस सीट पर बाहरी उम्मीदवार ही जीत हासिल करते रहे हैं। हरियाणा में जब इनेलो का ग्राफ गिरने लगा तो उन्होंने चार साल पहले कांग्रेस का दामन थाम लिया था। कांग्रेस के टिकट पर उन्होंने लाडवा से दो बार विधानसभा चुनाव लड़ा, मगर सफलता नहीं मिली। उसके बाद भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई थी।

नवीन जिंदल के पिता को भी हरा चुकी कैलाशो

कांग्रेस में भाजपा छोड़कर आई कैलाशो सैनी उद्योगपति ओपी जिंदल को भी चुनाव हरा चुकी हैं। उन्होंने 1999 में हुए लोकसभा चुनाव में INLD की टिकट से ओपी जिंदल को चुनाव हराया था। इस बार भाजपा ने ओपी जिंदल के बेटे नवीन जिंदल को चुनाव मैदान में उतारा है। इसके अलावा 1998 में भी उन्होंने इनेलो की टिकट से भाजपा के ब्राह्मण चेहरा कुलदीप शर्मा को चुनाव हरा चुकी हैं।

हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में माहौल

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे हरियाणा में प्रचार करने जाएंगे। जल्द केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रम व रैली के लिए स्थान तय होंगे। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है। 40 पूर्व सांसद व पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। भाजपा 10 साल के कार्यकाल के बावजूद अपनी उपलब्धि नहीं बता पा रही है। एक सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंप दिया जाए, जिसमें जल्द सत्र बुलाने की मांग की गई है। ताकि सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार बहुमत खो चुकी है। जजपा की तरफ से भी व्हिप जारी किया जाएगा। पता लग जाएगा कि कौन विधायक कहां पर है। वहीं, कैलाशो सैनी अपने समर्थकों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुई हैं। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान भी मौजूद रहे।

 

Tag- Haryana Politics, Haryana Congress, Kailasho Saini, Loksabha Election 2024, Kurukshetra MP, Bhupender Singh Hooda

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed