Haryana Politics: हमारे लिए कुर्सी के कोई मायने नहीं, कांग्रेस परिवारवाद में लिपटी : मनोहर लाल

नरेन्द्र सहारण, फरीदाबाद : Haryana Politics: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा में कुर्सी के लिए न तो लड़ाई होती है और न इसके मायने है। यह जनसेवा के लिए मिलती है। उन्होंने एक साल पहले पीएम मोदी से निवेदन किया था कि जो जमीन से जुड़ा कार्यकर्ता हो उसे आगे लाना चाहिए। इसलिए स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ कर कर 1995 से मेरे साथ काम कर रहे नायब सिंह सैनी को प्रदेश की सत्ता की चाबी सौंप दी। दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी है, जो परिवारवाद में लिप्त है और इस कारण से भ्रष्टाचार की जननी बनी बैठी है।
कुर्सी का त्याग करने की भावना सिर्फ भाजपा में
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार देर शाम को पंजाबी बाहुल्य बड़खल विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा मंत्री व स्थानीय विधायक सीमा त्रिखा के संयोजन में आयोजित लोकसभा चुनाव से संबंधित रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि कुर्सी का त्याग करने की भावना सिर्फ भाजपा में ही है। कांग्रेस में एक बार किसी को कुर्सी मिल जाती है तो कोई छोड़ता है क्या? वहां छोड़ता कोई नहीं और दावेदार दर्जनों हो जाते हैं। अनुशासन और देश पहले का जज्बा सिर्फ भाजपा में है। पूर्व मुख्यमंत्री ने अबकी बार 400 पार का नारा देते हुए यह भी कहा कि फरीदाबाद से केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर प्रत्याशी हैं और करनाल लोकसभा क्षेत्र से वो स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं। अब मुकाबला तो इसमें कि कृष्णपाल को यहां की जनता ज्यादा वोटों से जिताती है या करनाल की जनता मुझे अधिक वोटों से जीत दिलाएगी। पिछली बार गुजरात की सीट का नंबर पहला आया था। करनाल की दूसरे और फरीदाबाद तीसरे नंबर पर था, इस बार यह अंतर बढ़ाना है।
जब बाबा साहब चुनाव लड़ रहे थे तो काँग्रेस ने बाबा साहब के विरुद्ध लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार खड़ा किया, स्वयं नेहरू जी ने उनके विरोध में प्रचार किया!
आप इसी से काँग्रेस की मानसिकता समझ सकते हैं। यह देश समानता विरोधी काँग्रेस पार्टी को कभी माफ़ नहीं करेगा। pic.twitter.com/8eA1lZOWKn
— Manohar Lal (@mlkhattar) April 14, 2024
मनोहर लाल ने भाषण खत्म किया और अन्य कार्यक्रम के लिए निकल गए
इस दौरान बड़खल की रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी पहुंच गए, जबकि उनका पहले कोई कार्यक्रम नहीं था। मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही मनोहर लाल ने भाषण खत्म किया और मंच से उतर कर एक बैठक में भाग लेने के लिए निकल गए। बाद में लोगों के बीच भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी अपनी बात रखते हुए फिर से भाजपा का कमल खिलाने की अपील की।
इस मौके पर उद्योग मंत्री मूलंचद शर्मा, विधायक नरेन्द्र गुप्ता, नयनपाल रावत, लोकसभा क्षेत्र संयोजक अजय गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, संदीप जोशी, नीरा तोमर, मूलचंद मित्तल, सोहनपाल छौकर, श्याम सुंदर कपूर, वजीर डागर, राजन मुथरेजा मंचासीन थे।
Tag- Haryana Politics, Manohar Lal, Krishnapal Gurjar, Loksabha Election 2024
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन