Haryana Politics: हुड्डा के गढ़ में सीएम नायब सैनी का एलान, बरोदा का कोई भी चंडीगढ़ आए मै खड़ा मिलूंगा

नरेन्द्र सहारण, गोहाना : Haryana Politics: हरियाणा के मुख्यमंत्री (सीएम) नायब सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ बरोदा विधानसभा में भावनात्मक कार्ड खेला। उन्होंने एलान किया कि बरोदा का कोई भी व्यक्ति चंडीगढ़ आएगा तो मैं उसके लिए खड़ा मिलूंगा। यहां का कोई व्यक्ति चंडीगढ़ से निराश होकर वापस नहीं आएगा। सीएम ने भाजपा के सोनीपत लोकसभा से प्रत्याशी मोहनलाल बड़ौली को अपना भाई बताते हुए लोगों से उनको रिकार्ड मतों से जीत दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब मोहनलाल सांसद बन जाएंगे तो वे दोनों मिलकर यहां काम करेंगे।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता था बरोदा विधानसभा क्षेत्र

सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला बरोदा विधानसभा क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता था। 2009 के बाद जितने भी विधानसभा चुनाव हुए यहां से कांग्रेस के विधायक बने। पूर्व विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा के निधन के बाद 2020 में यहां हुए उप चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री के विश्वासपात्र इंदुराज नरवाल विधायक बने थे। 2019 में हुड्डा ने सोनीपत से लोकसभा चुनाव लड़ा था। वे अधिकतर विधानसभा में हार गए थे, लेकिन बरोदा से उनको लगभग 16 हजार वोटों से जीत मिली थी। अब लोकसभा चुनाव में भाजपा सोनीपत सीट पर जीत की हैट्रिक लगाना चाहती है। भाजपा ने मोहनलाल बड़ौली और कांग्रेस ने सतपाल ब्रह्मचारी को मैदान में उतारा है और दोनों ब्राह्मण है।

ब्राह्मणों के साथ, जाट व गैर जाट मतदाताओं को साधने की कोशिश

भाजपा सोनीपत लोकसभा में उन विधानसभा क्षेत्रों पर अधिक फोकस कर रही है, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा का प्रभाव है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल गोहाना विधानसभा में रैली कर चुके हैं। मंगलवार को बरोदा विधानसभा के गांव बलि ब्राह्मणन स्थित भगवान परशुराम इंजीनियरिंग कालेज में विजय संकल्प रैली की। इस रैली से बरोदा विधानसभा में ब्राह्मणों के साथ, जाट व गैर जाट मतदाताओं को साधने की पूरी कोशिश की गई। रैली को मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ भाजपा के ब्राह्मण, जाट व पिछड़ा वर्ग के कई प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने एलान किया कि बरोदा विधानसभा के लोगों के लिए उनके चंडीगढ़ के दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे। वे खुद मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं व मोहनलाल महामंत्री। जब मोहनलाल जितेंगे तो वे दोनों मिलकर यहां काम करवाएंगे।

रैली के बाद चार जगह गए मुख्यमंत्री

रैली के बाद मुख्यमंत्री सैनी सबसे पहले गांव बलि ब्राह्मणन में परशुराम गौड़ और उसके बाद सिकंदरपुर माजरा में पंडित उमेश शर्मा के यहां गए। गांव भैंसवाल कलां में पहुंचकर हरियाणवी गायक पंडित सतबीर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उसके बाद पूर्व सरपंच राजेश मलिक के यहां गए।

 

Tag- Haryana Politics, CM Nayab Singh Saini, Bhupendra Singh Hooda, Baroda Vidhansabha, Sonipat Loksabha Seat

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed