Haryana Politics: सोनीपत की पदयात्रा में किसान बने दीपेंद्र हुड्डा, राहुल गांधी की तरह चलाया ट्रैक्टर

नरेन्द्र सहारण, सोनीपत : Haryana Politics: हरियाणा की रोहतक सीट से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा शुक्रवार को सोनीपत में किसानों के रंग में रंगे दिखे। शुक्रवार को सांसद दीपेंद्र हुड्डा कांग्रेस के ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान के तहत बरोदा हलका में गांव बुटाना से गंगाना तक लगभग चार किलोमीटर तक पदयात्रा की। किसान बने दीपेंद्र ने गंगाना गांव के खेत में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की तरह खेत में ट्रैक्टर चलाया। उन्होंने ट्रैक्टर चलाकर खेत को धान की रोपाई के लिए तैयार किया। इसके बाद खेत में ही ट्यूबवेल चलाकर हौदी में किसानों व सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी के साथ स्नान किया। एक साल पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी बरौदा हलके के मदीना गांव में ट्रैक्टर चला चुके हैं।

बरौदा हलके में पदयात्रा के दौरान ट्यूबवैल पर नहाते हुए सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा।

ट्रैक्टर चलाकर खेत को रोपाई के लिए तैयार किया

 

सांसद दीपेंद्र हुड्डा शुक्रवार सुबह 11:15 बजे गांव बुटाना पहुंचे। ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यहां से उन्होंने गांव गंगाना के जाने के लिए पदयात्रा शुरू की। गांव गंगाना और बुटाना के बीच में उन्होंने किसान बेदू के खेत में ट्रैक्टर का स्टियरिंग संभाला। ट्रैक्टर चलाकर खेत को धान की रोपाई के लिए तैयार किया। ट्रैक्टर पर उनके साथ सोनीपत से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी व विधायक इंदुराज नरवाल भी रहे। खेत में पैड़ लगाई। इससे उन्होंने संदेश दिया कि वे खेती की बारीकियों और किसानों की मेहनत व समस्याओं को नजदीक से जानते हैं।

किसानों के बीच बैठकर भोजन किया

इसके बाद उन्होंने खेत में ही ट्यूबवेल चलाकर स्नान किया। इसके बाद खेत में ही किसानों के बीच बैठकर भोजन किया। भोजन धर्मपाल उर्फ पाला के घर से मंगवाया गया था। उन्होंने दाल व रोटी के साथ लस्सी ली। इसी दौरान सांसद हुड्डा किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों के स्वजन से भी मिले। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आठ जुलाई 2023 को गोहाना के गांव मदीना में किसान संजय के खेत में धान की रोपाई के लिए ट्रैक्टर चलाया था। उसी तर्ज पर शुक्रवार को सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने ट्रैक्टर चलाया। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत भी की। जब मीडिया ने पानी को लेकर सवाल किए तो दीपेंद्र ने कहा, ‘बस करो अब, बच्चे की जान मत लो।’

सवाल पूछने पर हाथ जोड़ते दीपेंद्र और ट्रैक्टर चलाते हुए। - Dainik Bhaskar

पोर्टलों पर सवाल उठाए

दीपेंद्र हुड्‌डा की पदयात्रा शुक्रवार को बुटाना से शुरू हुई थी। यात्रा गंगाना गांव में खत्म हुई। इस बीच दीपेंद्र हुड्‌डा बरौदा हलके के गांवों में ग्रामीणों से मिले। दीपेंद्र हुड्डा ने ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान के तहत शुक्रवार को गांव गंगाना में पदयात्रा के समापन के बाद ग्रामीणों को संबोधित किया। हुड्डा ने कहा कि उन्होंने भाजपा से 15 सवाल पूछे हैं, लेकिन एक का भी जवाब नहीं दिया है। अगर भाजपा सरकार ने हिसाब नहीं दिया तो अक्टूबर में प्रदेश की जनता हिसाब चुकता कर देगी। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने बरोदा विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कई वादे किए थे, जिनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। पोर्टलों से प्रदेश की जनता बेहाल है।गुजरात सरकार में कोई पोर्टल नहीं है तो हरियाणा सरकार में पोर्टल के माध्यम से गरीब आदमी को क्यों परेशान किया गया। आज बरौदा विधानसभा क्षेत्र में पैदल यात्रा निकाली गई है। गर्मी के बावजूद भी यहां पर हजारों समर्थक पहुंचे हैं। जिस तरह यात्रा में लोग भाग ले रहे हैं, उससे साफ है कि भाजपा की सरकार जा रही है, कांग्रेस की आ रही है।

खेतों में धान लगा रही महिलाओं के साथ दीपेंद्र हुुड्‌डा।

10 साल में मेट्रो का एक खंभा नहीं लगा पाई

उन्होंने कहा कि दिल्ली के तीन तरफ बसे हरियाणा में देश में बेरोजगारी, महंगाई व अपराध सबसे ज्यादा है। किसान, दलित, पिछड़े समेत हर वर्ग के लोगों को परेशान किया जा रहा है। हरियाणा की अर्थव्यवस्था विकास की पटरी से उतर चुकी है। 2014 और 2019 के घोषणा पत्र को भाजपा भूल गई। उन्होंने पूछा कि बरोदा में जलभराव की समस्या रहती है, वर्षा जल की निकासी के लिए हरियाणा सरकार ने क्या किया ? अब बरोदा में सिंचाई के लिए नहरी पानी कम क्यों आ रहा है? गांव बुटाना में विश्वविद्यालय बनाने, बरोदा व भैंसवाल कलां में महिला कालेज बनाने, आइएमटी लगाने और राइस मिल लगाने के वादे क्यों पूरे नहीं किए गए? कांग्रेस की हुड्डा सरकार के समय पूरे हरियाणा में 81 किलोमीटर मेट्रो बनी और चार शहर मेट्रो से जुड़े। भाजपा 10 साल में पूरे प्रदेश में मेट्रो का एक खंबा भी नहीं बन पाई।

सोनीपत में पद यात्रा में कार्यकर्ताओं के साथ चल रहे दीपेंद्र हुड्‌डा।

सर्वे के आधार पर मिलेगा विधानसभा का टिकट

दीपेंद्र हुड्‌डा ने दावा किया कि 2024 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सर्वे के आधार पर टिकट देगी। सर्वे में जो जनता का प्रिय नेता होगा, उनके काम करवाने में आगे रहता होगा, उसी को टिकट दी जाएगी। विधानसभा चुनाव में वर्तमान विधायकों की टिकट भी जनता से पूछ कर दी जाएगी। कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी ने हर सीट पर सर्वे के आदेश दिए हुए हैं। उन्होंने पहले ही आदेश दे दिए थे।

पदयात्रा में उनके साथ सोनीपत से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, बरोदा से विधायक इंदुराज नरवाल, विधायक सुभाष गांगोली, दिव्यांशु बुद्धिराजा, डा. कपूर नरवाल, कंवर भावड़, रविंद्र मोर, जयपाल बुटाना, कुलदीप गंगाना, अनूप मलिक, परमेंद्र जौली मौजूद रहे।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed