Haryana Politics: करनाल में पूर्व CM मनोहर लाल का दावा: जजपा के 6 विधायक भाजपा के साथ; कहा- कांग्रेस कराए अपने विधायकों की परेड

नरेन्द्र सहारण, करनाल। Haryana Politics: पूर्व सीएम एवं करनाल लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल ने दावा किया कि जजपा के छह विधायक उनके साथ हैं। राज्यपाल के सामने विधायकों की परेड कराने की कांग्रेस की मांग पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने विधायकों की परेड करानी चाहिए, कि उसके पास अधिक विधायक हैं या नहीं। कांग्रेस राज्यपाल को अपने विधायकों की लिस्ट देने में भी कतरा रही है। उसे डर है कि जिनका नाम लिस्ट में दिया, कहीं उनमें से दो चार गायब न हो जाएं।
गांवों में भाजपा के पक्ष में माहौल
घोघड़ीपुर गांव में डोर टू डोर संपर्क चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व सीएम एवं करनाल लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार मनोहर लाल ने कहा कि उन्होंने कल भी कई गांवों में पैदल यात्रा व घर-घर जाकर जनसंपर्क किया था। आज भी कर रहे हैं, गांवों जाकर माहौल को देखा है, जो भाजपा के पक्ष में है, कोई ऐसा गांव नहीं है, जहां के लोग वोट नहीं देंगे।
लोकसभा की सभी 10 सीटें जीतेंगे
अरविंद केजरीवाल के भाजपा द्वारा अमित शाह को पीएम बनाने के बयान पर उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के दिमाग का बाजा बजा हुआ है। ये काम भाजपा नेतृत्व का है। संविधान में कोई उम्र सीमा नहीं है कि कौन कब तक प्रधानमंत्री रहेगा। अमित शाह से पूछेगे तो वह भी बताएंगे कि पीएम कौन बनेगा। उन्होंने नरेंद्र मोदी ही हमारे प्रधानमंत्री बनेंगे, इस बार भी और प्रभु की इच्छा हुई तो इससे अगली बार भी बनेंगे। भाजपा प्रभारियों की रिपोर्ट में रोहतक व सिरसा में कड़ी फाइट बताई जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके पास तो जनता की रिपोर्ट है। वह सभी 90 विधानसभा क्षेत्र में होकर आए हैं, कहीं वह तो कहीं मुख्यमंत्री गए हैं, मार्जिन तो कम ज्यादा हो सकता है लेकिन सभी सीटें जीतेंगे।
कांग्रेस को विधायकों का प्रदर्शन करना चाहिए
कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया के राज्यपाल के आगे विधायकों के प्रदर्शन करने की बात पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पलटवार करते हुए कहा कि ये तो करना ही चाहिए, उन्हें उनके पास कितने विधायक है, उनका प्रदर्शन करना चाहिए। राज्यपाल ने उनसे लिस्ट मांगी है, तो वह लिस्ट देने में ही कतरा रहे हैं, उन्हें लगता है कि लिस्ट में जो नाम देंगे, हो सकता है, उसमें दो चार पांच गायब हो जाएं और हस्ताक्षर न कर पाएं।
जजपा अपने विधायकों की परेड कराए
उन्होंने कहा कि जेजेपी की भगदड़ तो सभी देख ही ली है। अब तो वह कटघरे में फंस गए हैं, अच्छा होता कि वह इस विषय को न उठाते लेकिन अब जब उठाया है तो हम कहते हैं कि वह अपने विधायकों की परेड कराएं। संख्या ज्यादा है तो विधानसभा में फ्लोर टेस्ट भी होगा। अभी 13 मार्च को विश्वास मत हासिल किया है, छह महीने के अंदर दोबारा फ्लोर टेस्ट हो सकता है या नहीं, ये राज्यपाल व विधानसभा अध्यक्ष संवैधानिक रूप से देख लेंगे।
जजपा के 6 विधायक भाजपा के साथ
लेकिन उससे पहले दिखाएं तो सहीं, उनके पास विधायक अधिक हैं या नहीं। कांग्रेस घबराई हुई हैं, उसके तीस सदस्य आने वाले नहीं हैं। जजपा के कितने विधायक साथ हैं, इस सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि उनकी कई विधायकों से बात हो रही है लेकिन छह विधायकों को मानकर चलता हैं कि वह भाजपा के साथ है। कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा करनाल में सरपंचों व पूर्व सरपंचों के साथ एक सम्मेलन करने वाले हैं, इस सवाल पर कहा कि वह सम्मेलन करें तो सही, मालूम पड़ जाएगा कि कितने सरपंच उनके साथ हैं और कितने भाजपा के साथ हैं।
Tag- Haryana Politics, Manohar Lal in Karnal, JJP MLA, Haryana BJP, Haryana Congress, Bhupendra singh Hooda
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन