Haryana Politics: किरण चौधरी ने हुड्डा पर बोला हमला, कहा- पूर्व सीएम ने क्षेत्रवाद फैलाया, भिवानी से पाकिस्तान जैसा व्यवहार करते थे

रैली में मंच पर बैठे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, किरण चौधरी व श्रुति चौधरी।
नरेन्द्र सहारण, भिवानी। Haryana Politics: हरियाणा के भिवानी के तोशाम में जन आशीर्वाद रैली में भाजपा नेता किरण चौधरी ने भूपेंद्र हुड्डा पर क्षेत्रवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। भूपेंद्र हुड्डा उनको यातनाएं दे रहे थे। किरण ने कहा कि भूपेन्द्र हुड्डा के कार्यकाल में हमारे क्षेत्र भिवानी, दादरी और महेंद्रगढ़ से पाकिस्तान की तरह ट्रीट किया जाता था। उनके शासन में विकास कुछ हिस्से तक सिमट गया था। अब सुकून मिला है और एक तरह से घर वापसी हुई है। किरण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के लोग केवल झूठ बोलते हैं। झूठ बोलकर लोगों को धोखा देते हैं। सच बताऊं तो कांग्रेस में मैं घुटन महसूस करती थी। अब राहत मिली है। हुड्डा सरकार में चलने वाली पर्ची-खर्ची को भाजपा ने खत्म किया। वे भी पर्ची लेकर हुड्डा के इर्द-गिर्द घूमती थीं। फिर भी समर्थकों के काम नहीं होते थे।
भूपेंद्र और दीपेंद्र हुड्डा पर जमकर हमला बोला
भाजपा में शामिल होने के बाद तोशाम में आयोजित पहली रैली में किरण चौधरी भाषण के दौरान भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा पर जमकर हमलावर रहीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस नाम की अब कोई चीज नहीं है। यहां सिर्फ बाबू-बेटा हैं और इनको सबक सिखाना है, इसके लिए सबको तैयार रहना है।
कांग्रेस में उनके साथ बड़ा षड्यंत्र होता था
पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने कहा कि चौधरी बंसीलाल व सुरेंद्र के जाने के बाद उन्हें बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने वर्करों से कहा कि आप शायद ये सब नहीं जानते। कांग्रेस के अंदर उनके साथ बड़ा षड्यंत्र होता था, लेकिन वे सहती आई। बहुत समस्याएं आईं, रोड़े अटकाए गए। लेकिन सिर ऊंचा रखकर क्षेत्र के लोगों की नाक नीचे नहीं होने दी और उनके हक की लड़ाई लड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी ऐसा किया था। जब कांग्रेस ने चौधरी बंसीलाल को पार्टी से निकाल दिया था तो उन्होंने भी ऐसा ही कदम उठाया था।
हुड्डा से हिसाब मांगा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बंसीलाल को याद किया और हरियाणा का विकास पुरुष बताया। मुख्यमंत्री ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पर्ची-खर्ची, सीएलयू, किसानों को मुआवजे के दो से तीन रुपए देने का हिसाब मांगा। इस दौरान सैनी ने सीएम की कुर्सी संभाले जाने से लेकर चुनाव आचार संहिता लगने तक का हिसाब दिया।
तोशाम की जनता किरण-श्रुति चौधरी का साथ देगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंसीलाल व भाजपा ने 1996 में इकट्ठा कार्य किया है। किरण अब सबको लेकर आगे बढ़ेंगी। उनको उम्मीद है कि तोशाम ने जैसा साथ बंसीलाल व सुरेंद्र सिंह का दिया, वैसा ही साथ किरण चौधरी व बेटी श्रुति चौधरी का भी देंगे।
बड़ा कहने से कोई बड़ा नहीं बनता
वहीं रैली में पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने कहा कि चचेरे भाई के सामने चुनाव लड़ने से परहेज नहीं है। राजनीति में बेहतर काम करके आगे बढ़ा जा सकता है। श्रुति चौधरी ने किरण चौधरी के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि बड़ा कहने से कोई बड़ा नहीं बनता। जनता सब जानती है कि किरण चौधरी ने तलवार की धार पर चलने का काम किया। हुड्डा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में ऐसा सीएम बैठा था जो हमारी तरफ देखने को राजी नहीं था। हुड्डा ने पूरे जिले के साथ भेदभाव करने का काम किया।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन