Haryana Politics: सांसद जयप्रकाश के बयान पर किरण चौधरी ने दिया जवाब, सैलजा ने भी की निंदा, प्रदर्शन

किरण चौधरी और जयप्रकाश

नरेन्द्र सहारण , हिसार: Haryana Politics: हिसार से सांसद जयप्रकाश के द्वारा पूर्व मंत्री एवं विधायक किरण चौधरी पर की गई टिप्पणी से विवाद खड़ा हो गया है। जेपी के बयान ‘परिवार का वारिस केवल एक पुरुष ही हो सकता है, महिला नहीं’ पर किरण चौधरी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, जिस कांग्रेस पार्टी में वे हैं, उसकी अध्यक्ष इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी रही हैं जो कि महिलाएं हैं। उस पार्टी का सांसद महिलाओं की तौहीन कर रहा है। उन्हें तुरंत प्रभाव से पार्टी से निकाल देना चाहिए। इधर, सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने सांसद जेपी के बयान की कड़ी निंदा की है। वहीं, हिसार में भाजपा की महिला इकाई ने विरोध प्रदर्शन किया।

श्रुति चौधरी को चौधरी बंसीलाल ने पगड़ी पहनाई थी

शुकवार को उचाना में कांग्रेस नेता व हिसार से सांसद जयप्रकाश ने किरण चौधरी पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि परिवार का वारिस केवल एक पुरुष ही हो सकता है। चौ. बंसीलाल के वारिस रणबीर सिंह महेंद्रा व अनिरूद्ध चौधरी हैं, जो कांग्रेस में हैं। शनिवार को इस बयान का जवाब देते हुए किरण चौधरी ने कहा कि यह उनकी घटिया मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस में जवाहर लाल नेहरू की विरासत इंदिरा गांधी ने संभाली थी। सोनिया गांधी लंबे समय तक अध्यक्ष रही हैं। श्रुति चौधरी को तो पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल ने स्वयं अपने हाथों से पगड़ी पहनाकर अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। इनके (जेपी) घर में बहू, बेटियां नहीं है, इसलिए ऐसी बातें कर रहे हैं। उनकी सोच बहुत ही घटिया और छोटी है। वह ऐसे बयान देकर अपनी ही पार्टी के नेताओं की तौहीन कर रहे हैं।

जयप्रकाश को कांग्रेस अपनी पार्टी से निष्कासित करें

किरण चौधरी ने कहा कि जयप्रकाश के इस बयान से उनकी महिलाओं, बेटियों के प्रति विरोध की भावना नजर आ रही है। वो इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ बोले रहे हैं। किरण चौधरी ने मांग की कि जयप्रकाश को कांग्रेस अपनी पार्टी से निष्कासित करे।

किरण चौधरी ने पूछा, स्याही कांड का कौन था सरगना?

किरण चौधरी ने कहा कि स्याही कांड का सरगना कौन था, सब जानते हैं। परिवार का वारिस केवल एक पुरुष ही हो सकता है क्या, महिला नहीं..। यह एक बयान नहीं बल्कि हमारी सभ्यता और नारी शक्ति का घोर अपमान है। वह भूल गए हैं कि इस देश को इंदिरा गांधी जैसी मजबूत नेतृत्व कर्ता मिली थी। क्या उन्हें ये भी याद नहीं है कि सोनिया गांधी ने भी राजीव गांधी के बाद कांग्रेस पार्टी को आगे बढ़ाया। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने “लड़की हूं लड़ सकती हूं” जैसे संकल्पों से नारी शक्ति को मजबूती प्रदान की। इस तरह की पितृ सत्तात्मक मानसिकता समाज की प्रगतिशील सोच और महिलाओं के संघर्ष का अनादर करती है। इस बयान से कांग्रेस पार्टी की मनोदशा का पता चलता है की कांग्रेस पार्टी महिला विरोधी पार्टी है।

अपनी कमी क्यों मानेंगे

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान पर कि ‘किरण के कांग्रेस छोड़ने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा’ पर उन्होंने कहा कि वो अपनी कमी क्यों मानेंगे। कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला द्वारा किरण के कांग्रेस छोड़ने पर मंथन करने पर कहा कि वे सीनियर नेता हैं। वो समझते हैं कि जहां बाढ़ ही खेत को खाती है, वैसा हाल कांग्रेस का है। कांग्रेस में पुत्र मोह में बाकी सभी को खत्म करना चाहते हैं।

कुमारी सैलजा ने जयप्रकाश के बयान की निंदा

सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि ऐसे बयान उस व्यक्ति की महिलाओं के प्रति सोच को दर्शाती है। बयान देने से पहले हमारी संस्कृति के बारे में सोचना चाहिए। किरण चौधरी कांग्रेस पार्टी में नेत्री रही है। स्वर्गीय इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी भी महिलाएं होते हुए कांग्रेस पार्टी के प्रमुख ओहदे पर रह चुकी है।

भाजपा की प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता ने कहा कि ऐसे नेताओं की प्रताड़ना से तंग आकर ही आज किरण चौधरी और श्रुति चौधरी को कांग्रेस छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। महिलाओं को नीचा दिखाने वाले बयान पर सांसद जयप्रकाश और कांग्रेस पार्टी दोनों ही माफी मांगें।

अकेली किरण चौधरी वारिस नहीं

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि स्वर्गीय बंसी लाल की विरासत अकेली किरण चौधरी नहीं हैं। वह और कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता-नेता उनकी विरासत हैं।

विरासत को संभालने के लिए परिवार में और लोग भी

हिसार के सांसद जयप्रकाश ने कहा कि मैं महिलाओं का सम्मान करता हूं। लेकिन बंसीलाल की विरासत को संभालने के लिए परिवार में और लोग भी हैं। भाजपा बताए कि रणबीर सिंह महेंद्रा बंसीलाल परिवार के वारिस है या नहीं।


हिसार में जयप्रकाश का पुतला सैंडल से पीटा

जयप्रकाश उर्फ जेपी के किरण चौधरी पर दिए गए बयान के बाद शनिवार को हिसार में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। भाजपा ऑफिस के सामने उन्होंने जेपी के पुतले को जलाया और सैंडल से पिटाई की। महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री गायत्री देवी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही महिलाओं का अपमान किया है।

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed