Haryana Politics: ईडी की कार्रवाई से गरमाई राजनीति, सुरेंद्र पंवार के बचाव में उतरे कई विधायक

कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार को कोर्ट में ले जाते हुए।
नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़ : Haryana Politics: हरियाणा में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस जहां अपने साथियों के बचाव में आ गई है, वहीं भाजपा ईडी को स्वतंत्र कार्रवाई करार देकर मामले से पल्ला झाड़ रही है। ईडी द्वारा पिछले चार दिनों से हरियाणा में लगातार दबिश दी जा रही है। सोनीपत के मेयर द्वारा भाजपा में शामिल होने के बाद सोनीपत में राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है। सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार के गिरफ्तार होने के बाद उनके बचाव में आए कांग्रेसी सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की एक लहर बन चुकी है और लोगों में भाजपा के प्रति नाराजगी है। जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्ष की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। वह जितना विपक्ष को निशाने पर लेंगे, उतना ही जनता भाजपा को निशाने में लेगी। हरियाणा में यही माहौल बन गया है।
डराने-धमकाने का कुत्सित प्रयास
पंवार की गिरफ्तारी के बाद सामने आए कांग्रेस विधायक दल के उपनेता आफताब अहमद, विधानसभा में मुख्य सचेतक बीबी बतरा, विधायक जगबीर मलिक और गीता भुक्कल ने आरोप लगाया कि विधायक सुरेंद्र पंवार की गिरफ्तारी और कांग्रेस विधायक राव दान सिंह के घर पर रेड का समय साबित करता है कि यह सब राजनीतिक विरोधियों को बेवजह डराने-धमकाने का कुत्सित प्रयास है। विधानसभा चुनाव से पूर्व सरकार के इशारे पर कांग्रेस विधायकों पर यह कार्रवाई साबित करती है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को भरपूर समर्थन मिलने के बाद भाजपा बौखलाई हुई है। उन्होंने देश की न्यायिक व्यवस्था में विश्वास जताते हुए कहा कि राजनीति से प्रेरित ऐसे मुकदमों की पोल जल्द खुल जाएगी। प्रदेश की जनता सब समझती है। विधानसभा चुनाव में जनता अपनी वोट की चोट से इनको करारा जवाब देगी।
घोटाले छिपाने के लिए बयानबाजी कर रहे कांग्रेसी : सीएम
इस पूरे घटनाक्रम पर उठे राजनीतिक विवाद के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि ईडी एक स्वतंत्र एजेंसी है। ईडी को जहां भी कुछ गलत लगता है या मिलता है तो वहां कार्रवाई की जाती है। यह पूरा विषय ईडी का है। ईडी को जहां कार्रवाई की जरूरत महसूस हो रही है वहां कार्रवाई की जा रही है। इस मामले का सरकार से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस अपने घोटालों को छिपाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रही है।
गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित : सुरजेवाला
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि सुरेंद्र पंवार पर छापेमारी व उनकी गिरफ्तारी पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। यह भाजपा सरकार की बौखलाहट का हिस्सा है। सुरेंद्र पंवार ने सोनीपत की जनता की सेवा की है जिस कारण वो कांग्रेस पार्टी के विधायक बने। भाजपा सरकार सत्ता से जा रही है। तभी वह इस तरह के हथकंडे अपना रही है।
भय बनाने की राजनीति कर रही है भाजपा: जगबीर
कांग्रेस से गोहाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगबीर सिंह मलिक ने कहा कि भाजपा ईडी का राजनीति प्रतिद्वंद्वियों पर हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। देश और प्रदेश की जनता भाजपा की धर्म और जाति की राजनीति को नकार चुकी है। अब भाजपा ईडी का सहारा लेकर भय बनाने की राजनीति कर रही है। विधायक जगबीर सिंह मलिक ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करके कांग्रेस नेताओं पर ईडी से कार्रवाई करवा रही है। भाजपा की कोशिश है कि कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाकर उनको डराया जाए। लोकसभा चुनाव के बाद काफी नेता भाजपा को छोड़ने की तैयारी कर चुके हैं। अब ईडी का सहारा लेकर भाजपा नेताओं को भी दूसरे दलों में जाने से रोकने के लिए डराया जा रहा है।
भाजपा के कौन नेता अवैध खनन में संलिप्त हैं यह सबको पता है लेकिन ईडी उन पर कार्रवाई नहीं कर रही है। भाजपा की सोची समझी चाल को प्रदेश की जनता भलीभांति जानती है। भाजपा के प्रति हरियाणा के लोगों में गुस्सा है। प्रदेश का भाईचारा किसने खराब किया था, यह सब जानते हैं। द्वेष की राजनीति के चलते ही भाजपा के इशारे पर कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार को गिरफ्तार किया गया।
CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन