जजपा के विधायकों के इस्तीफों की लगी झड़ी, कैथल से पार्टी नेता पालाराम सैनी ने पार्टी से दिया इस्तीफा

पालाराम सैनी

नरेन्द्र सहारण, कैथल। Kaithal News: विधानसभा चुनाव करीब आते ही नेताओं का पालाबदल तेज हो गया है। कैथल से जननायक जनता पार्टी के नेता पालाराम सैनी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि मैंने जजपा पार्टी से लोकसभा चुनाव लड़ा था। आज मैंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मेरे साथी नेताओं ने मुझ पर दबाव बनाया। जजपा के जिला अध्यक्ष रणदीप कौल ने चुनाव के दौरान पार्टी और मेरा साथ नहीं दिया। अपने साथियों और कार्यकर्ताओं से सलाह मशविरा करने के बाद अगला कदम उठाया जाएगा। सीवन में मेरे बूथ तक नहीं लगने दिए, यहां 25-30 कार्यकर्ता थे।

2019 में 10 विधायकों के साथ किंगमेकर बनी थी पार्टी

विधानसभा चुनाव से डेढ़ महीना पहले जननायक जनता पार्टी (जजपा) में विधायकों के इस्तीफे की झड़ी लग गई है। अब तक पांच विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है। इनमें उकलाना से विधायक अनूप धानक, टोहाना से देवेंद्र बबली, गुहला चीका से ईश्वर सिंह, बरवाला से विधायक जोगीराम सिहाग व शाहबाद से रामकरण काला शामिल हैं। इनमें धानक व बबली तो पांच साल तक भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के मंत्री भी रह चुके हैं। जजपा के दो विधायक राम निवास सुरजाखेड़ा और जोगी राम सिहाग पहले से भाजपा के संपर्क में हैं। इनमें देवेंद्र बबली, ईश्वर सिंह और रामकरण काला के कांग्रेस में जाने की चर्चाएं हैं।

सिर्फ 5 विधायक पार्टी के साथ

 

लोकसभा चुनाव के पहले तक जजपा के पास 10 विधायक थे। 5 विधायकों के पार्टी से इस्तीफे के बाद अब 5 बचे हैं, इनमें से 2 रामनिवास सुरजाखेड़ा और रामकुमार गौतम भी पार्टी से दूरी बनाए हुए हैं। फिलहाल JJP के साथ उचाना से विधायक दुष्यंत चौटाला, बाढड़ा से विधायक उनकी मां नैना चौटाला और जुलाना से विधायक अमरजीत ढांडा ही साथ हैं। लोकसभा चुनाव से पहले ही पार्टी के विधायकों ने बगावत कर दी थी। इन विधायकों ने पार्टी की मीटिंग व प्रेसवार्ता तक में जाना छोड़ दिया था। उसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि बगावती तेवर अपनाने वाले यह विधायक कभी भी पार्टी छोड़ सकते हैं।

दो विधायकों ने भाजपा के पक्ष में किया था प्रचार

विधायक जोगी राम सिहाग व राम निवास तो खुलकर भाजपा के समर्थन में आ गए हैं। लोकसभा चुनाव में उन्होंने खुलकर भाजपा के पक्ष में प्रचार किया था। हालांकि पार्टी से इन लोगों ने अभी इस्तीफा नहीं दिया गया, मगर पार्टी इन्हें कार्यक्रमों में नहीं बुलाती है। चर्चा है कि भाजपा जजपा के दोनों बगावती विधायकों को टिकट दे सकती है।

 

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed