Haryana Weather: गर्म हवाओं ने रात का सुकून भी छीना, हरियाणा में अगले 3 दिन लू का ऑरेंज अलर्ट

नरेन्द्र सहारण, सोनीपत न्यूज। Haryana Weather: गर्म और शुष्क हवा के चलते डेढ़ महीने से भीषण गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। अगले पांच दिनों तक भी आग उगलने वाली गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। जिसके चलते मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए भीषण गर्मी और गंभीर हीट वेव का आरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री

सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से ज्यादा होने से भीषण गर्मी ने लोगों का रात का सुकून भी छीन लिया है। 18 जून के बाद एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज हवा, गरज औरचमक के आसार है, लेकिन तेज वर्षा की कोई संभावना नहीं बन रही है। मौसम विभाग को अब प्री मानसून वर्षा से राहत की उम्मीद है। उधर गर्मी से बचने के लिए युवा नहरों में छलांग लगा रहे हैं। पश्चिमी यमुना नगर में सुबह से लेकर रात तक युवक डूबकी लगाते दिखाई देते हैं।

 

मई के बाद जून भी सूखा

 

भीषण गर्मी के चलते लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं। राज्य में जून के महीने में अब तक औसत से 86 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इसका असर खेती पर भी देखने को मिल सकता है। सोनीपत में भी जून के पहले पखवाड़े में शून्य वर्षा हुई है,जबकि इस अवधि में 8.1 एमएम वर्षा होती है।

कृषि पर पड़ेगा असर

 

सोनीपत और आसपास का क्षेत्र कृषि में अग्रणी है, जहां बड़े पैमाने पर खेती होती है। किसानों को खेती के लिए जून के महीने से ही पानी की जरूरत होती है, लेकिन इस साल अब तक वर्षा नहीं हुई है। जबकि 15 जून तक धान नहीं लगाने की बंदिश भी खत्म हो गई है। ऐसे में किसानों ने धान रोपाई का काम शुरू कर दिया है। कम वर्षा के चलते किसान बोरवेल से पानी भरकर इसकी कमी पूरी करेंगे, लेकिन इस वजह से बिजली की खपत बढ़ेगी और बिजली विभाग कटौती कर सकता है।

अगले 48 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहेगा

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. मदन खीचड़ ने कहा कि अगले 48 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान तापमान 45 डिग्री के आसपास रहेगा। इसके बाद मौसम में कुछ परिवर्तन होगा और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेंगी। उसके बाद गरज चमक के साथ बूंदाबांदी संभावित है। प्री मानसून वर्षा से ही राहत मिलेगी। 30 जून के बाद मानसून सक्रिय होगा, उसके बाद वर्षा की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।

एक सप्ताह का तापमान

तिथि अधिकतम न्यूनतम

16 मई 46.2 30.2
15 मई 45.5 30.0
14 मई 45.6 31.1
13 मई 46.7 28.8
12 मई 46.0 27.5
11 मई 45.5 27.5
10 मई 44.7 29.4

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed