Himachal Crisis: हिमाचल प्रदेश विधानसभा स्पीकर ने पूर्व सीएम जयराम ठाकुर सहित 15 विधायकों को निलंबित किया

शिमला, BNM News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 15 विधायकों को निलंबित कर सदन को स्थगित किया। पहाड़ी राज्‍य में इस समय भारी राजनीतिक उथल-पुथल चल रही है। कांग्रेस सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में छह कांग्रेस विधायकों के भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में वोट करने के बाद ये पूरा घटनाक्रम शुरू हुआ।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा स्‍पीकर ने 15 विधायकों को निष्‍कासित करते हुए कहा कि इनका ये कृत्‍य असंसदीय है, जिससे इस सदन व विधानसभा की गरिमा को ठेस पहुंची और सदन को इन हालात में चलाना संभव नहीं है। उन्‍होंने कहा कि मैं प्रस्‍ताव करता हूं कि निम्‍न सदस्‍यों को विधानसभा सदन से निष्‍कासित किया जाए, ताकि इस माननीय सदन की कार्यवाही को निष्‍पक्ष रूप से संचालन किया जा सके।

ये विधायक हुए निष्‍कासित

  1. जयराम ठाकुर
  2. विपिन सिंह परमार
  3. रणधीर शर्मा
  4. लोकेंद्र कुमार
  5. विनोद कुमार
  6. हंस राज
  7. जनक राज
  8. बलवीर वर्मा
  9. त्रिलोक जमवाल
  10. सुरेंद्र शोरी
  11. दीप राज
  12. पूर्ण चंद
  13. इंद्र सिंह गांधी
  14. दलीप ठाकुर
  15. रणवीर सिंह

कांग्रेस में असंतुष्टों को मनाने की कवायद तेज

कांग्रेस ने अंसतुष्ट विधायकों को मनाने के लिए पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सक्रिय कर दिया है। हालांकि, कांग्रेस का संकट कम होता नजर नहीं आ रहा है। इस बीच वीरभद्र सिंह के बेटे और हिमाचल सरकार में पीडब्‍ल्‍यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। विक्रमादित्य सिंह का कहना है कि हमने पार्टी का हमेशा साथ दिया है… मैं आज सिर्फ इतना कहना चाहूंगा कि वर्तमान समय में मेरा इस सरकार में बने रहना ठीक नहीं है। मैंने यह निर्णय लिया है कि मैं मंत्रीमंडल से इस्तीफा दे रहा हूं।

कांग्रेस विधायक की घोषणा से पार्टी में असंतोष खुलकर सामने आ गया है। कांग्रेस मंगलवार को राज्य की एकमात्र राज्यसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी से चुनाव हार गई थी।  ऐसे में अपनी सरकार को गिरने से बचाने की खातिर कांग्रेस को अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए प्रत्यक्ष तौर पर काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर बोले अनुराग ठाकुर

हिमाचल प्रदेश के राज्यसभा चुनाव के रिजल्ट और क्रॉस वोटिंग को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने बड़े-बड़े और फर्जी वादे करके हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाई। सरकार बनने के बाद उनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया। लोग पूछते थे सवाल जब कांग्रेस के विधायक अपने क्षेत्र में गए। उनके पास देने के लिए कोई जवाब नहीं था। कोई काम नहीं हुआ, कांग्रेस के अपने विधायकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कांग्रेस विधायकों ने 14 महीने के भीतर अपनी ही पार्टी क्यों छोड़ दी, क्या मजबूरी थी?…एक कारण यह है कि उन्होंने एक गैर-हिमाचली व्यक्ति को टिकट दिया।

यह भी पढ़ेंः संकट में सुक्खू सरकार, वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा

यह भी पढ़ेंः हिमाचल की राज्यसभा सीट हारने के बाद संकट में कांग्रेस सरकार, राज्यपाल से मिले जयराम ठाकुर

इसे भी पढ़ें: Rajya Sabha Election Result 2024 : हिमाचल राज्यसभा चुनाव में BJP के हर्ष महाजन विजयी, प्रदेश सरकार पर संकट गहराया

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed