Maldives: पीएम मोदी पर टिप्पणी के बाद एक्शन में भारत सरकार, सफाई देने विदेश मंत्रालय पहुंचे मालदीव के हाई कमिश्नर
नई दिल्ली, BNM News: India-Maldives News: मालदीव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद अब भारत सरकार पूरी तरह से एक्शन में आ गई है। मालदीव के हाई कमिश्नर इब्राहिम शाहीब को दिल्ली के साउथ ब्लॉक में विदेश मंत्रालय से बाहर निकलते हुए देखा गया। बता दें कि पीएम मोदी के लक्षद्वीप दौरे पर मालदीव के सांसद की पोस्ट पर विवाद के बीच मालदीव के हाई कमिश्नर मंत्रालय पहुंचे। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लक्षद्वीप यात्रा पर मालदीव के राजनेताओं की टिप्पणियों ने सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा कर दिया।
मालदीव ने अपने तीन मंत्रियों को किया सस्पेंड
दरअसल, मालदीव की महिला मंत्री मरियम शिउना ने पीएम मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस मुद्दे को भारत ने मालदीव की मोहम्मद मुइज्जू सरकार के समक्ष उठाया था। माले में भारतीय उच्चायुक्त ने मंत्री (Maldives Minister) की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई थी। भारत की आपत्ति के बाद मालदीव सरकार ने बयान जारी कर कहा था कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है। मंत्री की टिप्पणी मालदीव सरकार के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करती है। बाद में भारत की कड़ी आपत्ति के बाद एक्शन लेते हुए मालदीव सरकार ने पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर मंत्री मरियम शिउना के साथ-साथ मालशा शरीफ और महजूम माजिद को भी सस्पेंड कर दिया था। मालदीव सरकार के प्रवक्ता, मंत्री इब्राहिम खलील ने आजतक को बताया था कि विवादित टिप्पणियों के लिए जिम्मेदार तीनों मंत्रियों को उनके पद से तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
भारत से तनाव के बीच मालदीव के राष्ट्रपति की चीन यात्रा
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू (Mohamed Muizzu) अपनी पत्नी साजिदा मोहम्मद (Sajidha Mohamed) के साथ 5 दिन (8 से 12 जनवरी) की चीन यात्रा पर रवाना हो चुके हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग खुद रेड कार्पेट पर मुइज्जू का स्वागत करेंगे। मोइज्जू के स्वागत में जिनपिंग एक भोज का आयोजन भी करेंगे। नवंबर 2023 में राष्ट्रपति चुने जाने के बाद मुइज्जू की यह दूसरी आधिकारिक विदेश यात्रा है। इससे पहले उन्होंने तुर्की का दौरा किया था। ऐसा काफी कम देखने को मिला है, जब मालदीव में चुनाव जीतने के बाद राष्ट्रपति ने भारत की बजाय किसी और देश का दौरा पहले किया हो। ज्यादातर राष्ट्रपति पहले भारत का दौरा ही करते आए हैं।
#WATCH | Ibrahim Shaheeb, Maldives Envoy exits the MEA in Delhi's South Block.
He had reached the Ministry amid row over Maldives MP's post on PM Modi's visit to Lakshadweep. pic.twitter.com/Dxsj3nkNvw
— ANI (@ANI) January 8, 2024
एक्शन में भारत सरकार!
अब इन सबके बीच माना जा रहा है कि मालदीव के हाई कमिश्नर इब्राहिम शाहीब को भारत सरकार ने तलब किया। न्यूज एजेंसी ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें इब्राहिम को विदेश मंत्रालय से बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है। मालदीव पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, नवंबर 2023 में ही, भारत से 161,751 लोग मालदीव पहुंचे थे, जो कुल आगमन का लगभग 20 प्रतिशत है। अब सोशल मीडिया पर लोग मालदीव के बजाय लक्ष्यदीप जाने की अपील कर रहे हैं। हाल ही में पीएम मोदी ने भी लक्ष्यदीप से शानदार तस्वीरें शेयर की थीं।
किस बात पर खफा है भारत
दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे के बाद हुई थी। पीएम मोदी ने लक्षद्वीप का दौरा करने के बाद इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। इसके साथ ही उन्होंने भारतीयों से अपील की थी कि वह इस आइलैंड पर घूमने का प्लान करें। इसके बाद मालदीव की युवा सशक्तिकरण मामलों की उप मंत्री मरियम शिउना ने पीएम मोदी के पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। हालांकि ट्वीट की आलोचना होने के बाद उन्होंने इसे डिलीट भी कर दिया था।
मावदीव को भारत के टूरिस्ट की जरूरत
बता दें कि भारतीय टूरिस्ट हर साल बड़ी संख्या में मालदीव जाते हैं। साल 2018 में भारत से इतने ज्यादा सैलानी मालदीव पहुंचे थे कि भारत मालदीव में टूरिस्ट्स आगमन का 5वां सबसे बड़ा सोर्स था। जानकारी के मुताबिक 14,84,274 पर्यटकों में से लगभग 6.1% (90,474 से अधिक) टूरिस्ट भारत से थे। हालांकि 2019 में भारत से मालदीव जाने वाले सैलानियों की संख्या 2018 की तुलना में बढ़कर लगभग दोगुनी हो गई थी। 2019 में 1,66,030 सैलानी मालदीव गए थे।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन