कैथल की नियमित हुईं 7 कॉलोनियों में पहली बार बनेंगी गलियां और नालियां, मिलेगी स्ट्रीट लाइट और सीवरेज की सुविधा

नरेन्द्र सहारण, कैथल। Kaithal News: हरियाणा के कैथल शहर की सात कॉलोनियों के दिन बदलने वाले हैं। यहां रहने वाली करीब 17 हजार की आबादी काफी सालों के बाद कॉलोनी में गलियां, नालियां बनते और स्ट्रीट लाइट की रोशनी देखगी। वहीं सीवरेज की लाइन डाली जाएगी और पीने का पानी भी पहुंचेगा। इससे हजारों लोगों का जीवन थोड़ा बेहतर हो जाएगा। पहले ये कॉलोनी अवैध थी, जिस कारण करीब 20 सालों से यहां पर कोई विकास नहीं हुआ। अब सरकार ने इन कॉलोनियों को नियमित कर दिया है, जिसके बाद पहली बार यहां पर गलियां और नालियां जैसा विकास कार्य होंगे। यहां रहने वाले लोग सरकार के कदम से खुश हैं।
करीब 10 साल पहले आबाद हुआ पंत नगर
नगर परिषद के अनुसार शहर की कॉलोनियों के विकास पर करीब 8 करोड़ 94 लाख रुपए खर्च होंगे। इससे लगभग 170 गलियों और नालियों का निर्माण होगा। इसके लिए 12 जुलाई को टेंडर लगा है, जो 22 जुलाई को खुलेगा। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट के लिए भी नगर पालिका ने टेंडर लगाए गए हैं। इसके बाद यहां स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएगी। पंत नगर करीब 10 साल पहले आबाद हुआ। यहां पर करीब 3 हजार की आबादी रहती है। पहली बार यहां पर गलियों और नालियों का निर्माण होगा। यहां करीब 25 से 30 गलियां एकदम कच्ची हैं। बारिश के समय यहां पानी भर जाता है। इस कारण घर से निकलना दूभर हो जाता है। यहां गलियों और नालियों के निर्माण पर करीब 1 करोड़ 72 लाख 67 हजार 318 रुपए खर्च होंगे। लोगों के मुताबिक यह राशि यहां के विकास के लिए काफी कम है।
यहां के लोग कच्ची गलियों से आना-जाना कर रहे थे। यहां पर स्ट्रीट लाइट भी नाम मात्र हैं। करीब 20 साल पहले आबाद हुई शुगर मिल कॉलोनी पार्ट टू में दो से ढाई हजार की आबादी रहती है। इस कॉलोनी को अब कच्ची गलियां से छुटकारा मिलेगा। यहां पर 1 करोड़ 1 लाख 28 हजार 892 रुपए से गलियां और नालियां बनेंगी। यहां सीवरेज और पानी की सुविधा भी लोगों के पास उपलब्ध पास नहीं है। सालों से ये लोग पक्की गली, नाली, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज लाइन और पीने के पानी का इंतजार कर रहे थे। अब जाकर इन्हें ये मूलभूत सुविधा मिलेगी।
इन कॉलोनियों का होगा विकास
शहीद भगत सिंह कॉलोनी एक्सटेंशन भी करीब 10 से 15 साल पुरानी है। यहां भी 15 से 20 गलियां कच्ची हैं। जनकपुरी कॉलोनी एक्सटेंशन-थ्री जनकपुरी कॉलोनी, जो करीब 20 साल पहले बनी, जो आज पूरी तरह से आबाद है। यहां की करीब तीन से चार हजार आबादी आज भी विकास से वंचित है। अब नियमित होने के बाद इस कॉलोनी में 67 लाख 15 हजार 717 रुपए से गलियां और नालियां बनाई जाएंगी। यहां पर 25 गलियां कच्ची हैं। बारिश में यहां अपने घर तक पहुंचना कठिन हो जाता है।
ऑक्सफोर्ड कॉलोनी और मायापुरी कॉलोनी एक्सटेंशन वन का होगा विकास
पंत नगर की कच्ची गलियों से लोग बरसों से आना- जाना कर रहे हैं। ऑक्सफोर्ड कॉलोनी करीब 12 साल पहले आबाद हुई थी। यहां 20 से 25 गलियां कच्ची हैं। इनके निर्माण पर 1 करोड़ 48 लाख 88 हजार 326 रुपए खर्च होंगे। यहां करीब दो हजार की आबादी रहती है। अब यहां पर विकास कार्य होंगे। लोगों को गलियों में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। करीब 10 साल पहले बसी मायापुरी कॉलोनी एक्सटेंशन वन में करीब दो हजार की आबादी रहती है। यहां पर कच्ची गलियां और स्ट्रीट लाइट बस नाम मात्र है। अब नियमित होने पर यहां पर करीब 1 करोड़ 18 लाख 41 हजार 618 रुपए से गलियां और नालियां बनेंगी।
जनकपुरी कॉलोनी सहित अन्य के टेंडर लगे
यहां पर 20 से ज्यादा गलियां कच्ची हैं। वार्ड 12 से पार्षद बलजीत सिंह ने बताया कि जनकपुरी कॉलोनी सहित अन्य कॉलोनियों के टेंडर लगे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही यहां पर काम शुरू होगा। इससे बड़ी आबादी को फायदा होगा। उम्मीद है कि अब नियमित कॉलोनियों में विकास कार्य होते रहेंगे। वहीं वार्ड सात से पार्षद विजय ने बताया कि पंत नगर के विकास के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपए खर्च होंगे। आधी राशि के टेंडर लगे हैं। शेष राशि के भी जल्द टेंडर लगेंगे।
रणधीर कॉलोनी का होगा विकास
करीब 10 साल पहले बसी रणधीर कॉलोनी में तीन हजार की आबादी रहती है। यहां पर सालों बाद नगर परिषद 1 करोड़ 15 लाख 13 हजार 355 रुपए से गलियां और नालियां बनाई जाएगी। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में 20 से 25 गलियां कच्ची हैं। बारिश के दौरान यहां पर आने-जाने में परेशानी होती है। स्ट्रीट लाइट की सुविधा भी कम है।
गलियां और नालियां बनाने को प्राथमिकता
कैथल के नगर परिषद के ईओ कुलदीप मलिक ने कहा कि नगर परिषद यहां पर 1 करोड़ 73 लाख 97 हजार 889 रुपए से गलियां और नालियों का निर्माण करवाएंगी। नियमित हुई सभी कॉलोनियों में करोड़ों रुपए के विकास कार्य होंगे। इस दौरान काम के निर्माण में प्राथमिकता गलियां और नालियां बनाने को है। इसके अलावा सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइटें भी लगेंगी। इसके बाद अन्य जो भी काम पार्षद बताएंगे, उसी अनुसार काम किए जाएंगे।
CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन