Kaithal News:कंप्यूटर प्रोफेशनल की हड़ताल से वाहन पंजीकरण, लाइसेंस व रजिस्ट्री के काम लटके

नरेन्द्र सहारण, कैथल। Kaithal News: समान काम समान वेतन लागू करने सहित अन्य मांगों के समर्थन में शुरू की गई कंप्यूटर प्रोफेशनल की हड़ताल मंगलवार और बुधवार को भी जारी रही। हड़ताल के कारण लघु सचिवालय और तहसील में अपने काम करवाने के लिए पहुंचे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस हड़ताल के कारण जहां जिला स्तर पर सचिवालय में बने ई-दिशा केंद्र में वाहन पंजीकरण नहीं हुआ और लाइसेंस भी नहीं बने। वहीं, कैथल सहित खंडों में तहसील स्तर पर रजिस्ट्री के कार्य काफी प्रभावित रहे।

करीब 300 रजिस्ट्री लटक गई

 

हड़ताल के कारण बुधवार को कैथल जिले में करीब 300 रजिस्ट्री लटक गई। अब यह रजिस्ट्री कंप्यूटर प्रोफेशनल की हड़ताल खुलने के बाद ही होगी। वहीं, वाहन पंजीकरण न होने के कारण लोग भटकते दिखाई दिए। हड़ताल के चलते लोगों को बिना काम करवाए ही वापस लौटना पड़ा। लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि जिला प्रशासन को लोगों के काम करवाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तो करवानी चाहिए, परंतु ऐसा नहीं किया गया है। हड़ताल के चलते जिलेभर में ई-दिशा केंद्र और तहसीलों में कार्यरत सभी कंप्यूटर प्रोफेशनल करनाल में दिए जा रहे धरने में हिस्सा ले रहे हैं। जिले में इस समय 70 कंप्यूटर प्रोफेशनल हड़ताल में शामिल हुए हैं।

ये हैं कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ की मांगें

 

कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के प्रधान सुभाष सहारण ने बताया कि हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल्स संघ से जुड़े ये कंप्यूटर ऑपरेटर डिस्ट्रिक्ट आईटी सोसाइटी का केंद्रीयकरण करके बजट का प्रावधान करने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही उनकी हरियाणा कौशल रोजगार निगम में भेजे गए सभी कर्मचारियों को वापस डीआईटीएस में शामिल करने की मांग भी है। कैटेगिरी/पदानुसार समान काम समान वेतन देने, समान काम समान वेतन लागू करने, 58 वर्ष तक सेवा सुरक्षा प्रदान करने और सरकार की रेगुलराइजेशन पॉलिसी के तहत कंप्यूटर ऑपरेटरों को पक्का करने की मांग भी है।

लोगों की जुबानी, परेशानी की कहानी

 

गांव नौच मनदीप सिंह ने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस करवाने के लिए लघु सचिवालय पहुंचा था, लेकिन कंप्यूटर ऑपरेटर की हड़ताल के चलते लाइसेंस नहीं बन पाया। यदि कोई हड़ताल होती है तो आम जन को सूचित किया जाना चाहिए। वे लगातार दो दिन से सचिवालय में धक्के खा रहे हैं।

मांडी गांव के अमित कुमार का कहना है कि ई-दिशा केंद्र में लाइसेंस बनवाने के लिए आया था। यहां सभी काउंटर खाली पड़े। जानकारी मिली कि सभी कंप्यूटर ऑपरेटर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। ऐसे में आना सफल नहीं हुआ और वे काफी परेशान रहे। प्रशासन को लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए।

तहसीलों में हड़ताल के चलते कामकाज ठप

 

ढांड। तहसीलों में कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल के चलते कामकाज ठप हो गया है, जिससे लोगों के रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे है। उप तहसील ढांड में दो दिनों से सन्नाटा पसरा रहा।

लोग कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटरों की खाली कुर्सियों को देख वापस लौट गए। तहसील में आए किसानों ने बताया कि इस समय उन्हें पैसे की सख्त जरूरत थी, जिसकी पूर्ति के लिए उन्हें बैंक से कृषि भूमि पर लिमिट बनवानी थी। सभी कागजात तैयार है लेकिन जब तहसील में आए तो पता चला कि कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर है, जिससे उनका काम नहीं हो सका। किसानों का कहना है कि उनके तो सब काम अधर में लटक गए है। जब तक हड़ताल नही खुलती तब तक उन्हें इंतजार करना पड़ेगा।

गौरतलब है कि ढांड उप तहसील में सप्ताह में केवल दो दिन मंगलवार व शुक्रवार के दिन ही रजिस्ट्रियों से संबंधित कार्य होते है। जोकि बंद पड़े है। उप तहसील ढांड में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर अनुराधा, पिंकी देवी व महावीर नैन ने बताया कि प्रदेश स्तर पर हरियाणा कंप्यूटर प्राफेशनल संघ की मुख्य मांगे जिला आई टी सोसाइटी का केंद्रीयकरण करके बजट का प्रावधान किया जाए।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed