Lok Sabha Election 2024: जौनपुर से चुनाव लड़ रहे कृपाशंकर मुंबई में मांग रहे वोट, जानें- लोकसभा चुनाव में क्या पड़ेगा प्रभाव

kripashankar singh

जौनपुर/ मुंबई, बीएनएम न्यूजः  एक दौर था, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलापति त्रिपाठी मुंबई आकर यहां रहने वाले उत्तर प्रदेश वासियों से अपने गांव-घर को चिट्ठी लिखकर कांग्रेस को वोट देने की अपील करते थे, क्योंकि मुंबई की आबादी में उत्तर भारत, उसमें भी उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों की संख्या काफी अधिक है। अब जौनपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह अपनी प्रचार सभा मुंबई में करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह जौनपुर से सांसद चुने गए तो यह सुनिश्चित करेंगे कि जौनपुर के लोगों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े। उन्हें उनके गांव-जनपद में ही रोजगार मिले।

मुंबई का हर छठवां नागरिक जौनपुर का मूल निवासी

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रहने वाले प्रत्येक उत्तर भारतीयों में से हर तीसरा व्यक्ति जौनपुर का है और मुंबई का हर छठवां नागरिक जौनपुर का मूल निवासी माना जाता है। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री व जौनपुर से भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह जौनपुरवासियों की इस ताकत को देखते हुए मुंबई के जौनपुर वासियों से संवाद किया। सम्मेलन का स्लोगन था ”कृपा करा हो जौनपुर”।

जौनपुर की आबादी से ज्यादा जौनपुरिए मुंबई में

रविवार को मुंबई के उत्तर भारतीय संघ द्वारा ऐसी ही एक सभा का आयोजन किया गया। इसमें मुंबई में रहने वाले जौनपुरवासियों को आमंत्रित कर महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री कृपाशंकर सिंह को जिताने की अपील की गई। वास्तव में मुंबई में रहने वाले उत्तर प्रदेश मूल के 35 लाख से अधिक लोगों में जौनपुर वालों की संख्या सर्वाधिक है। कहा तो यहां तक जाता है कि जितनी आबादी जौनपुर जिले की होगी, उससे ज्यादा जौनपुरिए मुंबई में रहते हैं। इनमें छोटा-मोटा कारोबार और नौकरी करने वालों से लेकर बड़े-बड़े भवन निर्माता और उद्यमी तक शामिल हैं।

कभी जाति और धर्म को देखकर कार्य नहीं कियाः कृपाशंकर

उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर नहीं होने की वजह से लोगों को मुंबई और सूरत जैसे शहरों में आना पड़ता है। यहां के संपन्न और प्रवासी उद्योगपतियों की मदद से जौनपुर में कारखाने और उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहित करूंगा। सिंह ने कहा कि उन्होंने मुंबई में कभी जाति और धर्म को देखकर कार्य नहीं किया। जो हमारे पास आया, उसकी समस्याओं को सुलझाने का प्रयास किया।

सांसद बना तो दूर करूंगा प्रवासियों की पीड़ा

जौनपुर के विकास को लेकर कई योजना है। हमारा संकल्प है कि अगले दो से तीन साल बाद जौनपुर और आसपास के जिले के लोगों को रोजी रोटी के लिए किसी अन्य शहर में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूर्वांचल विकास के पथ पर है। केंद्र और राज्य सरकार की मदद से जौनपुर को उन्नत जौनपुर बनाएंगे। सिंह ने मुंबई में रहने वाले प्रवासियों से अपील की कि जौनपुर के इस चुनावी यज्ञ में सभी अपनी एक आहुति डालें जिससे प्रवासियों की पीड़ा को दूर करने मे मदद मिले।

जानें कृपाशंकर सिंह के बारे में

जौनपुर में जन्में कृपाशंकर सिंह रोजगार के लिए मुंबई का रुख किया। मुंबई में कांग्रेस में बिल्कुल छोटे पायदान से राजनीति की शुरुआत कर मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष तक का सफर तय किया और महाराष्ट्र के गृह राज्यमंत्री भी रहे। कांग्रेस को अलविदा कहने वाले सिंह को इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उनके गृह जनपद जौनपुर से टिकट दिया है। चूंकि सिंह की राजनीतिक जड़ें मुंबई और महाराष्ट्र में हैं। वह हिंदी को अपनी मां और मराठी को अपनी मौसी कहते हैं। इसलिए, वह ये उम्मीद भी करते हैं कि मुंबई में रहने वाले जौनपुर मूल के लोग चुनाव में अपने गांव-घर में रहने वाले परिजनों को उन्हें मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे।

एक-एक वोट के लिए प्रयास करना पड़ेगा : हरिवंश

राजनीति शुरू कर उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से अपना दल के सांसद रह चुके हरिवंश सिंह मानते हैं कि कृपाशंकर सिंह मुंबई की तरह ही जौनपुर में भी लोकप्रिय हैं। लेकिन, वह इस वास्तविकता से भी आगाह करते हैं कि चुनाव इतना आसान भी नहीं है। वह कहते हैं कि एक-एक वोट के लिए प्रयास करना पड़ेगा।

उत्तर भारतीय संघ के सभागार में हुई इस सभा की अध्यक्षता कर रहे संघ के अध्यक्ष संतोष सिंह मुंबई के जौनपुरवासियों को कृपाशंकर सिंह के लिए उनके चुनाव क्षेत्र में जाकर काम करने की अपील करते नजर आए। मुंबई में भाजपा के विधान परिषद सदस्य राजहंस सिंह कहते हैं कि कृपाशंकर सिंह की जीत मुंबई और जौनपुर दोनों के लिए उपयोगी रहेगी। वह रामायण की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहते हैं कि यहां रहने वाले सभी जौनपुरवासियों को सिंह के समर्थन में गिलहरी के बराबर तो सहयोग करना ही चाहिए।

यह भी पढ़ेंः जौनपुर से कृपाशंकर सिंह को भाजपा से टिकट मिलने पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह का बड़ा बयान, कहा- तैयार रहिए

यह भी पढ़ेंः मछलीशहर से बीपी सरोज या कोई और होगा प्रत्याशी! भाजपा की सूची में नाम न होने से अटकलें तेज

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed