Lok Sabha Election 2024: आखिर क्यों नहीं जारी हुई यूपी भाजपा की सूची, यह है असली वजह; उत्तर प्रदेश के दावेदारों की धड़कनें तेज

लखनऊ, BNM News: भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची बुधवार को जारी कर दी। लेकिन इस सूची में उत्तर प्रदेश की एक भी सीट शामिल नहीं है। हालांकि भाजपा की दूसरी सूची को लेकर उत्तर प्रदेश के वर्तमान सांसदों की धड़कनें बढ़ी हुई थीं। फिलहाल बताया यही जा रहा है कि अब भाजपा की तीसरी सूची में उत्तर प्रदेश के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा सकते हैं। इसी के साथ उत्तर प्रदेश में न सिर्फ भाजपा के वर्तमान सांसद बल्कि एनडीए गठबंधन में शामिल दलों की फिलहाल अगली सूची आने तक धड़कनें बढ़ी रहेंगी।
भाजपा इस बार लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक दल, अपना दल सोनेलाल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और निषाद पार्टी के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है। एनडीए के तहत सीट शेयरिंग का फार्मूला लगभग तय हो चुका है। हालांकि, सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और अपना दल अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल अभी भी भाजपा से सीटों पर बातचीत कर रही हैं। भाजपा ने गठबंधन के तहत रालोद को दो सीट है। जिसमें बागपत और बिजनौर शामिल हैं। यहां दोनों सीटों से रालोद अध्यक्ष ने अपना उम्मीदवार भी उतार दिया है। वहीं, अपना दल एस को दो, सुभासपा को एक सीट दी गई है, जबकि निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद के बेटे प्रवीण निषाद को भाजपा के सिंबल पर चुनाव लड़ाया जा रहा है।
अगली सूची के इंतजार में है वर्तमान सांसद
पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी, सुल्तानपुर से सांसद मेनका गांधी, कैसरगंज से सांसद बृजभूषण शरण सिंह से लेकर कानपुर, प्रयागराज, फूलपुर, भदोही, मछलीशहर, गाजीपुर संसदीय सीट से उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम निर्णय होना था। हालांकि, भाजपा ने अपनी दूसरी लिस्ट में उत्तर प्रदेश के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा नहीं की है। अब भाजपा की अगली सूची के इंतजार में तमाम प्रत्याशी जुट गए हैं। ऐसे में जिन सीटों पर वर्तमान सांसदों के टिकट कटने की चर्चा है, उनकी धड़कनें बढ़ गई हैं और उनकी नजरें अब अगली लिस्ट पर टिकी हुई हैं।
अगली चुनाव समिति की बैठक में तय होंगे उम्मीदवार
हालांकि सियासी गलियारों में चर्चा इस बात की हो रही है कि कुछ प्रत्याशियों के नाम को लेकर असमंजस बना हुआ है। इसमें तीन प्रमुख सीटें शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक एक सीट पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दूसरी पूर्वांचल और एक अवध की सीट भी शामिल है। हालांकि इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कहते हैं कि किसी भी सीट को लेकर कोई असमंजस नहीं है। बल्कि सभी सीटों पर जो निर्णय लिए जाने हैं उनकी प्रगति के आधार पर ही सीटों पर नाम फाइनल किए जाएंगे। उनका कहना है कि जल्द ही होने वाली चुनाव कमेटी की बैठक के बाद उत्तर प्रदेश की सीटों पर भी फैसला हो जाएगा।
भाजपा की दूसरी सूची में 72 उम्मीदवारों के नाम
भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार शाम को 72 प्रत्याशियों की सूची जारी की। जिसमें दिल्ली की दो लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार उतारे गए हैं। इसके अलावा दादर एवं नगर हवेली की एक, गुजरात की सात सीट, हरियाणा की छह, हिमाचल प्रदेश की दो, कर्नाटक की 20 सीट, मध्य प्रदेश की पांच, महाराष्ट्र की 20 सीट, तेलंगाना की छह, त्रिपुरा की एक और उत्तराखंड की दो लोकसभा सीट के लिए प्रत्याशी उतारे गए हैं। जबकि इस सूची में उत्तर प्रदेश की किसी भी सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं हुआ है। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक चुनाव समिति की बैठक में उत्तर प्रदेश की सीटों को लेकर कोई चर्चा भी नहीं हुई थी। इसी वजह से उत्तर प्रदेश की सूची जारी नहीं की गई है।
BJP releases its second list of candidates for the upcoming Lok Sabha elections pic.twitter.com/bpTvxfMkDr
— ANI (@ANI) March 13, 2024
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन