Loksabha Election 2024: भाजपा ने झारखंड की 14 में 11 सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी, दो नए चेहरे
रांची, BNM News : भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए झारखंड की 14 में से 11 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने दो पूर्व केंद्रीय मंत्रियों जयंत सिन्हा व सुदर्शन का टिकट काटा है। इनकी जगह नए चेहरों को मौका दिया गया है। हजारीबाग से जयंत सिन्हा की जगह मनीष जायसवाल और लोहरदगा से सुदर्शन भगत की जगह समीर उरांव प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और अन्नपूर्णा देवी पर पार्टी ने फिर से विश्वास जताया है। वहीं कांग्रेस की पूर्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद गीता कोड़ा सिंहभूम सीट से बीजेपी उम्मीदवार होंगी।
ताला मरांडी राजमहल से उम्मीदवार बनाए गए
पूर्व विधायक और बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी को राजमहल संसदीय सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि दुमका सीट से सांसद सुनील सोरेन फिर से उम्मीदवार होंगे। पलामू सीट से भी सांसद बीडी राम पर बीजेपी ने फिर से विश्वास जताया है। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को भी दोबारा मौका दिया गया है।
जयंत सिन्हा की जगह मनीष जायसवाल उम्मीदवार
हजारीबाग संसदीय सीट से बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा की जगह विधायक मनीष जायसवाल को उम्मीदवार बनाया गया है। हजारीबाग सांसद जयंत सिन्हा ने कुछ घंटे पहले ही चुनाव लड़ने से मना कर दिया था।
आजसू पार्टी को मिलेगी गिरिडीह सीट
बीजेपी ने वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव एनडीए में शामिल सहयोगी दल आजसू पार्टी के साथ मिलकर लड़ा था। बीजेपी ने पिछली बार गिरिडीह सीट आजसू पार्टी के लिए छोड़ा था। गिरिडीह से आजसू पार्टी के प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी ने जीत हासिल की थी।
तीन सीटों पर अभी घोषणा नहीं
पार्टी ने अभी धनबाद, चतरा और गिरिडीह के लिए प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। गिरिडीह सीट भाजपा की सहयोगी आजसू पार्टी के हिस्से में है, जबकि धनबाद के सांसद पीएन सिंह की उम्र अधिक होने की वजह से उन्हें टिकट मिलने पर संशय है। चतरा से बीजेपी के सुनील सिंह सांसद हैं। गोड्डा से निशिकांत दुबे को लगातार चौथी बार बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया है।
एनडीए को 2019 में 14 में से 12 सीटों पर मिली थी जीत
वर्ष 2019 में एनडीए को 14 में से 12 सीटों पर जीत मिली थी। जबकि राजमहल सीट से जेएमएम के विजय हांसदा और सिंहभूम सीट से कांग्रेस की गीता कोड़ा ने जीत हासिल की थी। इस बार गीता कोड़ा कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में शामिल हो गईं हैं।
| लोकसभा सीट | मौजूदा सांसद | 2024 में किसे मिला टिकट |
| राजमहल | विजय हांसदा(जेएमएम) | ताला मरांडी |
| दुमका | सुनील सोरेन | सुनील सोरेन |
| गोड्डा | निशिकांत दुबे | निशिकांत दुबे |
| कोडरमा | अन्नपूर्णा देवी | अन्नपूर्णा देवी |
| सिंहभूम | गीता कोड़ा (कांग्रेस) | गीता कोड़ा |
| खूंटी | अर्जुन मुंडा | अर्जुन मुंडा |
| लोहरदगा | सुदर्शन भगत | समीर उरांव |
| हजारीबाग | जयंत सिन्हा | मनीष जयसवाल |
| धनबाद | पीएन सिंह | अभी घोषणा नहीं |
| चतरा | सुनील सिंह | अभी घोषणा नहीं |
| गिरिडीह | चंद्रप्रकाश चौधरी (आजसू पार्टी) | अभी घोषणा नहीं |
| रांची | संजय सेठ | संजय सेठ |
| जमशेदपुर | विद्युत वरण महतो | विद्युत वरण महतो |
| पलामू | विष्णु दयाल राम | विष्णु दयाल राम |
यह भी पढ़ेंः पीएम मोदी, राजनाथ और स्मृति ईरानी… भाजपा की पहली लिस्ट में यूपी से ये 51 नाम
यह भी पढ़ेंः गौतम गंभीर के बाद अब भाजपा सांसद जयंत सिन्हा ने भी राजनीति को कहा अलविदा
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन
