Loksabha Election 2024: हरियाणा में लोकसभा प्रत्याशियों को लेकर भाजपा की चयन प्रक्रिया पूरी, जल्द घोषित किए जाएंगे नाम

नई दिल्ली, BNM News : Loksabha Election 2024: हरियाणा से लोकसभा चुनाव में उतारे जाने वाले भाजपा के प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया बुधवार पूरी हो गई। हरियाणा भाजपा कोर कमेटी ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित संगठन महामंत्री बीएल संतोष से सभी 10 लोकसभा सीटों के संभावित प्रत्याशियों को लेकर अंतिम चर्चा कर ली है। अब आठ मार्च को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति में इस अंतिम सूची पर चर्चा के बाद मुहर लगेगी। इसके बाद सभी 10 सीटों के प्रत्याशी घोषित हो जाएंगे। भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से एक-एक सीट पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, प्रदेशाध्याक्ष नायब सैनी और संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा भी मौजूद रहे।

नामों के पैनल पर हुई चर्चा

 

भाजपा की प्रत्याशी चयन को लेकर एक पूरी प्रक्रिया होती है। इसके लिए लोकसभा प्रभारियों द्वारा प्रमुख कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर प्रदेश चुनाव समिति में नाम दिए जाते हैं और प्रदेश चुनाव समिति में एक लोकसभा क्षेत्र से प्रमुख नामों का पैनल बनता है। इस पैनल पर भाजपा अपने वैचारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी चर्चा करती है। इसके बाद जो नाम सर्वमान्य और जीतने वाले होते हैं, उन्हें लेकर हाईकमान के समक्ष रखा जाता है।

आठ मार्च को लगेगी केंद्रीय चुनाव समिति की मुहर

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 2019 की तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हरियाणा की सभी 10 सीट जीतने का आश्वासन दिया हुआ है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में पहले दिन से ही कमान संभाली हुई है। उन्होंने संगठन के माध्यम से आए प्रमुख नामों के अलावा पार्टी सर्वे के आधार भी पार्टी हाईकमान के समक्ष रखे हैं। आठ मार्च को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति में अब कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नजर नहीं आती। मुख्यमंत्री दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में हुई पार्टी के प्रमुख नेताओं के चर्चा के बाद काफी प्रसन्न मुद्रा में दिखाई दिए।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed