Loksabha Election 2024: प्रधानमंत्री मोदी आज हरियाणा के रेवाड़ी से शुरू करेंगे लोकसभा चुनाव प्रचार

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Loksabha Election 2024: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी से लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगे। इस अवसर पर मोदी हरियाणा व राजस्थान को देश के 22वें एम्स का उपहार देंगे, जो कि रेवाड़ी के माजरा गांव में स्थापित होगा। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा हरियाणा के लिए बेहद खास माना जा रहा है। इस दौरे के बाद हरियाणा सहित पूरे देश में भाजपा द्वारा चुनावी रैलियों की शुरुआत कर दी जाएगी। साल 2013 में प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी से ही की थी। उस समय मोदी ने सैनिकों व पूर्व सैनिकों के सम्मान में रैली कर लोकसभा चुनाव की रैलियों को गति प्रदान की थी।

सीएम ने लिया तैयारियों का जायजा

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरु शाम को रेवाड़ी पहुंचकर समारोह स्थल की तैयारियों का जायजा भी लिया। भाजपा अध्यक्ष नायब सैनी पिछले एक सप्ताह से रेवाड़ी व गुरुग्राम में लगातार बैठकों का आयोजन कर रहे हैं। मोदी की शुक्रवार को हो रही विकसित भारत-विकसित हरियाणा रैली में चार जिलों के 14 विधानसभा क्षेत्रों से एक लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान है। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के साथ ही केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य डा. सुधा यादव, विधायक डा. अभय सिंह यादव, सीएम के पूर्व राजनीतिक सचिव अजय गौड़, रेवाड़ी के पूर्व विधायक रणधीर कापड़ीवास और मुकेश कापड़ीवास, पूर्व मंत्री राव नरबीर और सीएम के पूर्व ओएसडी जवाहर यादव समेत कई नेता प्रधानमंत्री की रेवाड़ी रैली की तैयारियों में पूरे जी-जान से जुटे हुए हैं।

76 विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी स्क्रीन पर चलेगा मोदी का भाषण

 

रेवाड़ी के अलावा प्रदेश के 76 विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में पार्टी के कार्यकर्ता व आम नागरिक शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न कार्यक्रमों में प्रदेश के मंत्री, विधायक व सांसद बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। हरियाणा में पिछले दो चुनावों के दौरान भाजपा को उत्तरी हरियाणा में अधिक सीटें मिली हैं। मनोहर पार्ट-वन और टू में ज्यादातर मंत्री भी उत्तरी हरियाणा से ही रहे हैं।

दक्षिण हरियाणा की तरफ फोकस

 

हरियाणा में इसी साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में उत्तरी हरियाणा को राजनीतिक रूप से मजबूत करने के बाद भाजपा ने अब अपनी रणनीति दक्षिण हरियाणा की तरफ फोकस कर दी है। दक्षिण हरियाणा में भाजपा ने संगठनात्मक रूप से कई बड़े पद देकर नेताओं को मजबूत किया है। अपने कैडर के बल पर भाजपा अब आगामी चुनाव में उत्तरी व मध्य हरियाणा के साथ-साथ दक्षिण हरियाणा में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाने की तैयारी है। इसकी शुरूवात शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी की रैली से होने जा रही है।

हरियाणा की जनता मोदी का अभिनंदन करने को तैयार

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा के रेवाड़ी में आ रहे हैं। पूरे प्रदेश की जनता उनका स्वागत और अभिनंदन करने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री इस दिन विकसित भारत-विकसित हरियाणा रैली भी करेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा रेवाड़ी के गांव माजरा में एम्स की आधारशिला रखी जाएगी, जिसका टेंडर हो चुका है। इसके माध्यम से दक्षिण हरियाणा के अलावा राजस्थान के लोगों को भी लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री रेवाड़ी से ही हांसी-रोहतक रेलवे लाइन, ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना की शुरुआत, यमुनानगर में बनने वाले 800 मेगावाट थर्मल पावर प्लांट की आधारशिला और ज्योतिसर अनुभव केंद्र का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा कई रेल परियोजनाओं का उपहार हरियाणा को मिलने वाला है।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed