आप और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत, जानें हरियाणा पर क्या है स्थिति
नरेंद्र सहारण, नई दिल्ली : INDIA गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सोमवार को सीटों के बंटवारे को लेकर हुई बैठक में हरियाण को लेकर ठोस चर्चा नहीं हो पाई। दिल्ली में हुई इस बैठक में दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच पंजाब व दिल्ली की लोकसभा सीटों के बंटवारे पर चर्चा केंद्रित रही। गोवा, गुजरात और हरियाणा राज्य को लेकर चर्चा दूसरे दौर की वार्ता में होने की संभावना है।
बैठक में पंजाब और दिल्ली तक सीमित रही चर्चा
कांग्रेस की गठबंधन कमेटी के प्रमुख मुकुल वासनिक के साथ आप नेता आतिशी, संदीप पाठक और सौरभ भारद्वाज की बैठक में हालांकि प्रदेशाध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता ने हिस्सा नहीं लिया, लेकिन उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में आप 10 में से पांच लोकसभा सीटों पर दावा करेगी। इस बाबत उन्होंने अपनी पार्टी के हाईकमान को अवगत करा दिया है। अभी तक मिली सूचना के अनुसार कांग्रेस पंजाब में छह और दिल्ली में तीन सीटों पर दावा कर रही है। कांग्रेस के इस रुख के चलते आप ने हरियाणा में अपना दावा सशक्त कर दिया है।
यह महागठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए
इसके लिए आम आदमी पार्टी हरियाणा के अध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस का तो अभी संगठन भी नहीं बना है। आप बूथ स्तर पर संगठन बना चुकी है। इसलिए आप का दावा ज्यादा मजबूत है। हरियाणा में INDIA महागठबंधन की सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर सुशील गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश में लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यह महागठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी अपने दम पर लड़ेगी। हालांकि डाक्टर गुप्ता ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए आप का राष्ट्रीय नेतृत्व जो फैसला करेगा, उसका सम्मान पार्टी कार्यकर्ता करेंगे।
28 को जींद पहुंचेंगे केजरीवाल और मान
सुशील गुप्ता ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर 28 जनवरी को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जींद पहुंचेंगे। जींद में दोनों नेता पार्टी के वार्ड और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। जींद की धरती से केजरीवाल का स्पष्ट राजनीतिक संदेश प्रदेश की जनता को जाएगा।