20 से 26 जनवरी तक अपने घरों में ही रहें मुसलमान, बदरुद्दीन अजमल की नसीहत पर भड़के गिरिराज

नई दिल्ली/बारपेटा, एजेंसी। एआईयूडीएफ प्रमुख और सांसद बदरुद्दीन अजमल ने अयोध्या में श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर मुसलमानों को भड़काने का प्रयास किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने भाजपा को मुस्लिम विरोधी बताया है। AIUDF प्रमुख ने कहा कि भाजपा हमारे धर्म की दुश्मन है। एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमें सतर्क रहना होगा। मुस्लिमों को 20 जनवरी से 25 जनवरी तक ट्रेन से यात्रा नहीं करनी चाहिए। राम जन्मभूमि में राम की मूर्ति रखी जाएगी, पूरी दुनिया इसका गवाह बनेगी। लाखों लोग आएंगे। भाजपा की योजना बड़ी है। इस दौरान हमें ट्रेन से यात्रा नहीं करनी चाहिए और घर पर ही रहना चाहिए। भाजपा मुसलमानों की सबसे बड़ी दुश्मन है। भाजपा हमारी जान, हमारी आस्था, हमारी अज़ान की दुश्मन है। बदरुद्दीन अजमल के इस बयान पर केंद्रीय मंत्री और बिहार के भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने पलटवार किया है।

‘भाजपा मुसलमानों से नफरत नहीं करती’

 

गिरिराज सिंह ने कहा कि भाजपा मुसलमानों से नफरत नहीं करती. हम ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ काम करते हैं। इन लोगों की तरह नहीं हें जो मुस्लिम धर्म नहीं मानने वालों को काफिर करार दें। गिरिराज सिंह ने कहा कि ये लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। ऐसा करते-करते मोदी और भाजपा को गाली देते हैं। हमें इनसे नसीहत नहीं चाहिए। ये लोग देश का हित नहीं कर सकते हैं। सिंह ने कहा कि अयोध्या भूमि विवाद मामले में पूर्व वादी इकबाल अंसारी को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किया गया है और वह प्रार्थना में भी भाग लेंगे। सिंह आरोप लगाया कि बदरुद्दीन अजमल और असदुद्दीन ओवैसी जैसे लोग समाज में नफरत फैलाते हैं और बीजेपी सभी धर्मों का सम्मान करती है।

22 जनवरी को होगा प्राण प्रतिष्ठा समारोह

 

ज्ञात हो कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को आयोजित होगा। इसे लेकर अयोध्या में जोरों-शोरों से तैयारियां चल रही हैं। इसमें बाबरी मस्जिद के पक्षकार इकबाल अंसारी को भी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण पत्र दिया गया है। इसकी जानकारी इकबाल अंसारी की बेटी शमा परवीन ने दी। शमा ने बताया कि उन्हें आमंत्रण पत्र रामपथ स्थित अपने आवास पर प्राप्त हुआ। गौरतलब है कि कार्यक्रम में लगभग 7000 मेहमान शामिल होंगे। इनमें प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, बॉलीवुड स्टार और साधु संत शामिल हैं।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed