PM Modi In Haryana : जानें कैसे हरियाणा की पांच लोकसभा सीटों को साध गए पीएम मोदी, प्रदेश की जनता से भी जोड़ा निजी रिश्ता

नरेन्द्र सहारण, अंबाला/सोनीपत। PM Modi In Haryana : हरियाणा के दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को यहां के लोगों के साथ अपने आत्मीय संबंधों को और प्रगाढ़ कर गये। अंबाला और सोनीपत के गोहाना में पांच लोकसभा क्षेत्रों की दो रैलियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा के लोगों के साथ अपना गहरा रिश्ता कायम किया। पिछले पांच चरणों में हुए मतदान के दौरान विभिन्न राज्यों के दौरे की थकान उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही थी। लेकिन दोनों रैलियों में उमड़ी भीड़ से आ रही मोदी-मोदी की आवाज ने उनकी थकान को पलभर में गायब कर दिया। उत्साहित मोदी बोल उठे, हरियाणा यानि हिम्मत, हरियाणा यानि हौसला, तभी तो हरियाणा धाकड़ है।

दोनों रैलियों में की सभी वर्गों की बात

पीएम मोदी ने दोनों रैलियों में हरियाणा के जवान की बात की, किसान की बात की और खिलाड़ियों को अधिक से अधिक खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। मोदी ने सोनीपत के गोहाना में जब यह कहा कि मैंने देश की सीमाओं पर तैनात हरियाणा के छोरों को दनादन गोलियां दागने की छूट दे रखी है तो लोग पूरे जोश में आ गए। चारों तरफ तालियां गूंजने लगी। एक बार फिर मोदी-मोदी के नारे लगने लगे। अंबाला में मोदी ने वन रैंक-वन पेंशन पर कांग्रेस के स्टैंड को तो उजागर किया ही, साथ ही भाजपा सरकार द्वारा खर्च किए गए 1 लाख 60 हजार करोड़ के लाभ की भी जानकारी दी।

करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला को दिया संदेश

 

मोदी अंबाला से तीन लोकसभा क्षेत्रों करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला के लोगों को अपना संदेश देने में कामयाब रहे तो सोनीपत के गोहाना में सोनीपत और रोहतक लोकसभा क्षेत्रों की रैलियों को संबोधित किया। सोनीपत और रोहतक दोनों जाट बाहुल्य हैं, लेकिन यहां गैर जाट मतदाता काफी हद तक किसी भी दल या उम्मीदवार की हार जीत तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। जीटी रोड की करनाल लोकसभा सीट से पूर्व सीएम मनोहर लाल, कुरुक्षेत्र से पूर्व सांसद नवीन जिंदल और अंबाला से पूर्व सांसद स्व. रतनलाल कटारिया की धर्मपत्नी बंतो कटारिया चुनाव लड़ रही हैं। सोनीपत में भाजपा ने राई के विधायक मोहन लाल बडौली और रोहतक में निवर्तमान सांसद डा. अरविंद शर्मा को चुनाव मैदान में उतार रखा है। मोदी ने अपने संबोधन में न तो हुड्डा परिवार को छेड़ा और न ही चौटाला परिवार पर किसी तरह का निशाना साधा। उनके निशाने पर कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता रहे।

हरियाणा के लोगों से जोड़ा निजी रिश्ता

 

नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में बार-बार हरियाणा के लोगों को धाकड़ बताकर उनका भरोसा जीतने का कोई मौका हाथ से नहीं जाने दिया। मोदी ने हरियाणा में कई साल तक भाजपा संगठन का काम किया है। वह हरियाणा भाजपा के प्रभारी भी रह चुके हैं। उस समय मनोहर लाल भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री थे। मोदी ने प्रदेश के साथ अपने निजी रिश्तों को स्वीकार करते हुए यहां तक कह दिया कि मैंने कई सालों तक हरियाणा की रोटी खाई है। मुझ पर हरियाणा के लोगों का कर्ज है। हरियाणा का विकास मेरा सपना नहीं, बल्कि मोदी की गारंटी है। अपने संबोधन में गोहाना के मातू राम हलवाई की जलेबी का जिक्र करते हुए मोदी ने बहुत नीचे तक जाकर लोगों के साथ अपने संबंधों को स्वीकार किया है।

 

अंबाला में इस तरह से दिखी मोदी की आत्मीयता

  1.  मोदी ने तो कई सालों तक हरियाणा की रोटी खाई है।
  2. – हरियाणा की तरह ही मोदी ने 10 साल तक सरकार भी धाकड़ चलाई है।
  3. – हरियाणा तो वह राज्य है, जिसकी रगों में देश भक्ति है।
  4. – कांग्रेस वन रैंक वन पेंशन के लिए तरसाती रही।
  5. – मोदी ने डंके की चोट पर वन रैंक वन पेंशन का वादा पूरा किया।
  6. – हरियाणा का मुझ पर बहुत अधिकार है। मेरी विकास यात्रा में हरियाणा के संस्कार हैं।
  7. – हरियाणा का सपना ही मेरा संकल्प है, यह मेरी गारंटी है।
  8. हरियाणा का किसान जो मोटा अनाज उगाता है, उसे मोदी दुनिया तक पहुंचाना चाहता है।

सोनीपत में मोदी ने इस तरह जोड़ा हरियाणा से अपना रिश्ता

  1.  हरियाणा की धरती युद्ध में भी गीता का ज्ञान सुनाती है।
  2.  चार जून को जब हरियाणा जीतेगा तो गोहाना की मातू राम की जलेबी बचेगी नहीं।
  3.  पीएम का पद मातू राम की जलेबी नहीं है, जो कोई भी बना ले या कोई भी खा ले।
  4. – सीमा पर हरियाणा के जो छोरे खड़े हैं, हमने उन्हें खुली छूट दे दी। कह दिया कि अब गोलियां गिनने की जरूरत नहीं है।
  5. – हमने खेलों का बजट बढ़ा दिया है। खूब खेलो, खूब मेडल लाओ, हर खिलाड़ी को भारत सरकार 50 हजार रुपये से ज्यादा दे रही है।
  6. – भारत में हम 2036 के ओलिंपिक खेल करने के प्रयास कर रहे हैं, जिसमें सोनीपत और हरियाणा के युवा खिलाड़ी पदक लाते दिखाई देंगे।
  7. – हरियाणा से मुझे केवल सांसद नहीं, बल्कि हिम्मत और हौसला चाहिए।
  8. – किसानों के गन्ने की फसल के भुगतान और खाद्यान्न खरीद में हमने कई गुणा बढ़ोतरी की।
  9. – सीधा किसानों के खाते में उनकी फसल का पैसा पहुंचाया

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed