Lok Sabha Election 2024: प्रशांत किशोर की भविष्यवाणी, भाजपा को लोकसभा में मिलेगी इतनी सीटें; राहुल गांधी को दी ये सलाह

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूजः लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान दिया है और भाजपा के दावों को सही ठहराया है। उन्होंने दक्षिण और पूर्वी भारत के राज्यों में भी भाजपा के मजबूत होने की बात कही है। प्रशांत किशोर ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा दक्षिण और पूर्वी इलाके में भी अपनी सीटों और वोट शेयर में उल्लेखनीय बढ़त हासिल करेगी।

हालांकि, उन्होंने जोड़ा कि कर्नाटक को छोड़कर इन दो क्षेत्रों में पार्टी बहुत कमजोर है। प्रशांत किशोर का कहना था कि भाजपा इस बार आम चुनाव में 300 से ज्यादा सीटें जीत सकती है। प्रशांत किशोर का दावा अगर सही निकलता है तो भाजपा केंद्र में सरकार बनाने के लिए जरूरी जादुई आंकड़े से काफी आगे निकल रही है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि भाजपा के स्पष्ट प्रभुत्व के बावजूद ना तो पार्टी और ना ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अजेय हैं। उन्होंने ये भी इशारा किया कि विपक्ष के पास भाजपा के रथ को रोकने की तीन अलग-अलग और यथार्थवादी संभावनाएं थीं, लेकिन आलस्य और गलत रणनीतियों के कारण उन्होंने अवसरों को गंवा दिया।

‘बंगाल में नंबर वन पार्टी बनने जा रही है भाजपा’

उन्होंने कहा, तेलंगाना में वे (भाजपा) पहली या दूसरी पार्टी बनेंगे, जो एक बड़ी बात है। वे ओडिशा में निश्चित रूप से नंबर एक पार्टी होंगे। आपको आश्चर्च होगा, लेकिन मुझे ऐसा लगता है कि पश्चिम बंगाल में भी भाजपा ही नंबर एक पार्टी बनने जा रही है। उन्होंने कहा, तमिलनाडु में भी इस बार भाजपा का वोट शेयर डबल डिजिट में पहुंच सकता है।

राहुल को सलाह, ब्रेक लेने में कोई बुराई नहीं है

प्रशांत किशोर का कहना था कि राहुल गांधी को ऐसा लगता है कि वो सब कुछ जानते हैं। कोई तब तक आपकी मदद नहीं कर सकता है, जब तक आप मदद की जरूरत को नहीं पहचानेंगे। राहुल को सिर्फ ऐसे शख्स की जरूरत है जो वो काम करे, जो उनके (राहुल) हिसाब से सही है। ये संभव नहीं है। अब उन्हें कुछ वक्त के लिए ब्रेक लेना चाहिए। जब आप पिछले 10 साल से एक ही काम कर रहे हैं और उसमें कोई सफलता नहीं मिल रही है तो ब्रेक लेने में कोई बुराई नहीं है। आपको इसे किसी और को पांच साल के लिए करने देना चाहिए। आपकी मां ने भी ऐसा ही किया था। प्रशांत ने ये बात सोनिया गांधी के उस फैसले को लेकर कही, जिसमें उन्होंने पति राजीव गांधी की हत्या के बाद राजनीति से दूर रहने और 1991 में पीवी नरसिम्हा राव को कार्यभार संभालने के लिए कहा था।

प्रशांत ने कहा, दुनियाभर में अच्छे नेताओं की एक प्रमुख विशेषता यह है कि वे जानते हैं कि उनके पास क्या कमी है और सक्रिय रूप से उन कमियों को भरने के लिए तत्पर रहते हैं। प्रशांत का कहना था कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और तब उन्होंने कहा था कि वो पीछे हट जाएंगे और किसी और को काम करने देंगे। लेकिन आज वो उसके विपरीत काम कर रहे हैं।

 हिंदी पट्टी में नहीं जीते, तो वायनाड जीतने का फायदा नहीं

प्रशांत ने राहुल को लेकर कहा कि कांग्रेस की लड़ाई उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में है, लेकिन उनके नेता मणिपुर और मेघालय का दौरा करते हैं। अगर आप यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश में नहीं जीते, तो वायनाड से जीतने का कोई फायदा नहीं है। अकेले केरल जीतकर आप देश नहीं जीत सकते। अमेठी छोड़ देने से भी गलत संदेश जाएगा।

प्रशांत ने प्रधानमंत्री मोदी का उदाहरण देते हुए कहा- नरेंद्र मोदी ने 2014 में अपने गृह राज्य गुजरात के साथ-साथ उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने का विकल्प चुना था। इसलिए, क्योंकि आप भारत को तब तक नहीं जीत सकते जब तक आप हिंदी पट्टी को नहीं जीतते या हिंदी पट्टी में मौजूदगी दर्ज नहीं कराते।

भाजपा की जीत की वजह विपक्ष की कमजोर रणनीति

प्रशांत ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ओडिशा और पश्चिम बंगाल में नंबर एक पार्टी बनने जा रही है। तेलंगाना में भाजपा पहले या दूसरे नंबर पर रह सकती है। तमिलनाडु में भाजपा का वोट शेयर दोहरे अंक तक पहुंच सकता है। कुल 543 लोकसभा सीटों में से तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, बिहार और केरल में 204 सीटें हैं। हालांकि भाजपा 2014 या 2019 में इन सभी राज्यों को मिलाकर 50 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी थी।

आंध्र में CM जगन मोहन का सत्ता में वापस आना बहुत मुश्किल

प्रशांत किशोर ने आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ हो रहे विधानसभा चुनाव पर भी बात की। उन्होंने कहा- इस बार मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के लिए वापस आना बहुत मुश्किल होगा। रेड्डी छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तरह लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के बजाय वोटर्स को खुश करने में लगे हैं।

किशोर ने कहा कि रेड्डी पुराने राजाओं की तरह हैं, जो गरीब लोगों को पैसे बांटते थे। इसी तरह रेड्डी लोगों को कैश ट्रांसफर करते हैं। उनके विकास के लिए कुछ नहीं करते। उन्होंने राज्य के लोगों को नौकरियां देने या रुके हुए विकास को बढ़ावा देने के लिए कुछ नहीं किया है।

यह भी पढ़ेंः Lok Sabha Election 2024: यूपी में बची सीटों पर ही टिकट के लिए असली घमासान, BJP के कई सांसदों का कटेगा पत्ता

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed