राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 19 प्रतिभावान बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से किया सम्मानित

नई दिल्ली, एजेंसी: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार की शाम को 19 असाधारण प्रतिभावान बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया। पुरस्कार विजेता बच्चों को कला और संस्कृति, बहादुरी, नवाचार, सामाजिक सेवा और खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के लिए देश के सभी क्षेत्रों से चुना गया था। पुरस्कार विजेताओं में दो आकांक्षी जिलों सहित 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से नौ लड़के और दस लड़कियां शामिल हैं।

पीएम मोदी राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेताओं से करेंगे संवाद

 

राष्ट्रपति मुर्मु ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2024 को छह श्रेणियों कला और संस्कृति के लिए सात, बहादुरी के लिए एक, नवाचार के लिए एक, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के लिए एक, सामाजिक सेवा के लिए चार और खेल पांच में प्रदान किया। यह पुरस्कार पांच से 18 वर्ष की आयु के बच्चों को दिया जाता है। राष्ट्रपति ने कहा कि यह समारोह अद्भुत क्षमता और प्रतिभा वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने का एक अवसर है।

युवाओं के रूप में एक अमूल्य मानव संसाधन

 

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सही दिशा दिखाना हमारा कर्तव्य है, जिससे वे अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का सही उपयोग कर सकें। राष्ट्रपति ने कहा कि आज भारत के पास बड़ी संख्या में युवाओं के रूप में एक अमूल्य मानव संसाधन है और यह न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण बच्चों और युवाओं में बीमारियां आज बढ़ती जा रही हैं।

कम से कम एक खेल सीखने और उसमें भाग लेने का आग्रह

राष्ट्रपति मुर्मु ने युवाओं से कम से कम एक खेल सीखने और उसमें भाग लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी तथा महिला और बाल विकास राज्य मंत्री मुंजपारा महेंद्रभाई भी उपस्थित थे। पीएम मोदी मंगलवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेताओं से संवाद करेंगे। पुरस्कार विजेता बच्चे 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होंगे।

 

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed