‘कांग्रेस के घोषणा पत्र में मुस्लिम लीग की छाप’, सहारनपुर में PM मोदी के भाषण की 7 बड़ी बातें

PM Modi Election Rally in Saharanpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहारनपुर से चुनावी शंखनाद किया। पश्चिमी यूपी पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। रैली में बड़ा हादसा होने से भी टल गया।
‘आजादी की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस तो दशकों पहले ही समाप्त हो चुकी’
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस तो दशकों पहले ही समाप्त हो चुकी है। अब जो कांग्रेस बची है, उसके पास न देश हित में नीतियां हैं और न ही राष्ट्रनिर्माण का विजन। कल कांग्रेस ने जिस तरह का घोषणा पत्र जारी किया है, उससे साबित हो गया है कि आज की कांग्रेस, आज के भारत की आशाओं-आकांक्षाओं से पूरी तरह कट चुकी है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में वही सोच झलकती है, जो आजादी के आंदोलन के समय मुस्लिम लीग में थी। कांग्रेस के घोषणा पत्र में पूरी तरह मुस्लिम लीग की छाप है और इसका जो कुछ हिस्सा बचा रह गया, उसमें वामपंथी पूरी तरह हावी हो चुके हैं। कांग्रेस इसमें दूर-दूर तक दिखाई नहीं देती है।
#WATCH कांग्रेस जितने साल सत्ता में रही उसने कमीशन खाने को प्राथमिकता दी। INDI गठबंधन कमीशन के लिए है। मोदी सरकार मिशन के लिए है…: PM मोदी pic.twitter.com/7egoEfzZBy
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 6, 2024
‘यूपी में दो लड़कों की फ्लॉप फिल्म फिर रिलीज’
पीएम मोदी ने कहा कि आपको याद होगा, यहां उत्तर प्रदेश में दो लड़कों की जो फिल्म पिछली बार फ्लॉप हो चुकी है, उन दो लड़कों की फिल्म को इन लोगों ने फिर से रिलीज किया है। मुझे समझ नहीं आता कि काठ की इस हांडी को ये विपक्षी गठबंधन वाले कितनी बार चढ़ाएंगे।
‘सपा को हर घंटे अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं’
पीएम मोदी ने कहा कि सपा की स्थिति तो ये है कि यहां उन्हें हर घंटे अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं। कांग्रेस की स्थिति तो और भी विचित्र है, कांग्रेस को तो उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे। जिन सीटों को कांग्रेस अपना गढ़ मानती थी, वहां भी उसे उम्मीदवार उतारने की हिम्मत ही नहीं हो रही है। यानी विपक्षी गठबंधन अस्थिरता और अनिश्चितता का दूसरा नाम बन चुका है। इसलिए देश आज उनकी एक भी बात को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
‘हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन में जुटे हैं’
पीएम मोदी ने कहा कि अब हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन में जुटे हैं। वहीं दूसरी तरफ हमारे विरोधी सत्ता पाने के लिए तड़प रहे हैं। मैं देश का पहला ऐसा चुनाव देख रहा हूं, जहां विपक्ष जीत का दावा नहीं कर रहा है, बल्कि विपक्ष केवल इसलिए चुनाव लड़ रहा है, ताकि भाजपा की सीटें 370 से कम की जा सकें और NDA की सीटें 400 से कम की जा सकें।
‘हमारे यहां किसानों को यूरिया का ये बोरा 300 रुपये से भी कम में’
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के कई देशों में यूरिया का एक बोरा 3,000 रुपये में मिलता है। हमारे यहां किसानों को यूरिया का ये बोरा 300 रुपये से भी कम में मिलता है।
#WATCH …आपके सामने तस्वीर साफ है। हम हैं जिसका मिशन है भ्रष्टाचार हटाओ और एक तरफ वे हैं उनका कमीशन कहता है भ्रष्टाचारी बचाओ…लेकिन ये मोदी है। पीछे हटने वाला नहीं है। भ्रष्टाचार पर तेज कार्रवाई जारी रहेगी। ये मोदी की गारंटी है…: PM मोदी pic.twitter.com/WjuIL8ekkO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 6, 2024
‘ये क्षेत्र अपनी कृषि उत्पादकों के लिए भी जाना जाता है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये क्षेत्र अपनी कृषि उत्पादकों के लिए भी जाना जाता है। पिछले 10 साल से हमारी सरकार लगातार अपने किसान भाइयों के लिए काम कर रही है। किसान की छोटी-छोटी जरूरत को लेकर हमारी सरकार संवेदनशील है। आज देश में छोटे किसानों की पीएम किसान निधि के जरिये मदद की जा रही है। अकेले यहां सहारनपुर में ही 3 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में 860 करोड़ रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं।
‘इसलिए हम दोनों एक बात बार-बार बोलते हैं – Vocal for Local’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा देश के हर नागरिक की परेशानी कम कर रही है। हर किसी के लिए नए अवसर बना रही है। सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी और यहां के लोगों के कौशल की ख्याति तो दूर-दूर तक है। इसलिए योगी जी हों या मोदी, हमें आपका ध्यान है। इसलिए हम दोनों एक बात बार-बार बोलते हैं – Vocal for Local
‘भारत को एक मजबूत देश बनाना भाजपा की प्रतिबद्धता’
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को एक मजबूत देश बनाना भाजपा की प्रतिबद्धता है। यानी जैसी भाजपा की नीयत है, जैसी निष्ठा है, नीतियां भी वैसी ही बनती हैं। इसीलिए आज हर हिंदुस्तानी अनुभव से कह रहा है – नीयत सही, तो नतीजे सही।
‘अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर, चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि हमारा मिशन’
पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर, चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि हमारा मिशन रहा है। इस वर्ष रामनवमी में हमारे प्रभु राम टेंट में नहीं, बल्कि भव्य मंदिर में दर्शन देंगे।
विपक्षी गठबंधन भी कमीशन के लिए है: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस जितने साल सत्ता में रही, उसने कमीशन खाने को प्राथमिकता दी। ये विपक्षी गठबंधन भी कमीशन के लिए है। जबकि NDA, मोदी सरकार मिशन के लिए है।
इसलिए ही पूरा देश कह रहा है – 4 जून, 400 पार!: पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें जो कई दशकों में नहीं कर पाई, वो भाजपा ने 10 साल में करके दिखाया है। इसलिए ही पूरा देश कह रहा है – 4 जून, 400 पार!
‘आज हिंदुस्तान के हर कोने से एक ही आवाज आ रही है’
पीएम मोदी ने कहा कि आज हिंदुस्तान के हर कोने से एक ही आवाज आ रही है। महिलाएं भी बोल रही हैं, बुजुर्ग भी बोल रहे हैं, गांव भी बोल रहा है, शहर भी बोल रहे हैं – फिर एक बार मोदी सरकार।
‘भाजपा ने लोगों का भरोसा जीता है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भाजपा का स्थापना दिवस है। बहुत कम दशकों में ही भाजपा के साथ रिकॉर्ड संख्या में हमारे देशवासी जुड़े हैं। भाजपा ने लोगों का भरोसा जीता है, भाजपा ने लोगों दिल जीता है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि भाजपा राजनीति नहीं, राष्ट्रनीति पर चलती है। भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है, ये भाजपा के नारा नहीं बल्कि हमारे article of faith है।
ये चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है: पीएम
याद कीजिए 2014 के वो दिन, उस समय देश घोर संकट के दौर से गुजर रहा था। मैंने उस समय गारंटी दी थी कि देश झुकने नहीं दूंगा, हर स्थिति को बदलूंगा। निराशा को आशा और आशा को विश्वास में बदलूंगा। आपने अपने आशीर्वाद में कोई कमी नहीं रखी। याद कीजिए तब हमारा भारत 11वें नंबर की ताकत था। अब मोदी ने 5वें नम्बर की ताकत बना दिया है। आज भारत की तस्वीर विकसित देश की बना दी है। पूरे वर्ल्ड में देश का डंका बज रहा है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है, बल्कि ये चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर किए तीखे वार
कार्यकर्ता बोले- बस में करंट उतरते ही फैली दहशत
रैली में कार्यकर्ताओं को लेकर आ रही बस में फैला करंट
जनसभा स्थल पर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर भी 11:30 पर सहारनपुर पहुंचे। पीएम मोदी जनसभा स्थल के लिए रवाना हुए। उनके साथ हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी भी मौजूद हैं।
प्रत्याशी प्रदीप चौधरी ने मंच पर माइक संभाला
कैराना लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप चौधरी ने मंच से कहा कि पहली सरकार सिर्फ वायदे करती थी। भाजपा सरकार काम कर रही है। कानून व्यवस्था सुधरी है। पलायन से लोग दुखी थे। महिलाएं परेशान थी। मोदी जी ने देश को तरक्की की नई राह दिखाई। कोई भी भेदभाव नहीं किया। बिना जाति, भेदभाव के काम किया है। गठबंधन अबकी बार 400 पार।
यह भी पढ़ेंः अरविंद केजरीवाल को जेल से सरकार चलाने के लिए न दिए जाएं विशेषाधिकार, ईडी ने किया विरोध
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्मऔर स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन