Rain And Cold In UP : UP में कई जगहों पर बारिश से बढ़ी गलन, 5 दिन छाए रहेंगे बादल

लखनऊ, BNM News : Rain And Cold In UP : अरब सागर से आए चक्रवात और बंगाल की खाड़ी से चली नम हवा के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर मंगलवार देर रात से बुधवार तक बारिश ने गलन बढ़ा दी है। एक सप्ताह बाद पश्चिम से आने वाली हवा गंगा के मैदानी क्षेत्र में ठिठुरन और बढ़ाएगी। अभी 5 दिन तक बादल छाए रहेंगे।  चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक अरब सागर में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी से आती नम हवा से बादल बने और तेज गरज के साथ वर्षा हुई। अब आठ जनवरी तक हल्की बारिश होने के साथ बादल छाए रहने के आसार हैं। उसके बाद उत्तर पश्चिम से आने वाली सर्द हवा गंगा के मैदानी इलाकों में ठिठुरन को बढ़ाएगी, इससे तापमान गिरेगा और कड़ाके की सर्दी पड़ने के आसार हैं। कानपुर और पास के जिलों में बुधवार को कुछ जगह पर हल्की ओलावृष्टि भी हुई। यहां 12 घंटे के दौरान दस मिमी वर्षा दर्ज की गई।

प्रयागराज और वाराणसी में हुई बारिश

 

प्रयागराज और आसपास के जिलों में दो दिन से बादलों के घेराबंदी के बीच बुधवार सुबह गरज-चमक के साथ वर्षा हुई। तापमान पर इसका असर पड़ेगा और दिन के तापमान में कमी आएगी। चार घंटे में यहां करीब 14 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। वाराणसी में भी बुधवार को 9 एमएम वर्षा हुई और गुरुवार को बरसात की संभावना व्यक्त की गई है। कोहरे के कारण वंदे भारत व स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस काफी लेट रहीं। दस विमान छह घंटे तक लेट हुए जबकि आठ उड़ानें निरस्त करनी पड़ीं। सुबह दृश्यता कम होने के कारण बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद से आए विमानों को भुवनेश्वर, दिल्ली और कोलकाता डाइवर्ट किया गया। कोहरा छटने के बाद विमान वापस वाराणसी आए।

आगरा में पूरे दिन धूप नहीं खिली

 

आगरा में सुबह से कोहरा और दिन भर बादल छाए रहे। मंडल से सभी जिलों में धूप नहीं खिली। कई बार बारिश के आसार नजर आए। पूरे दिन कपाने वाली सर्दी रही। आगरा का अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा। अलीगढ़ में बुधवार को दिनभर शीतलहर का प्रकोप रहा। पूरे दिन धूप नहीं निकली। सुबह से कोहरा छाया नौ बजे के बाद छंटने लगा। अधिकतम तापमान 13 डिग्री व न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा। यही हाल हाथरस का रहा।

लोगों को राहत नहीं मिल सकी

 

मुरादाबाद मंडल में दिनभर कोहरा छाया रहा। धूप नहीं निकलने से दिन में भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी। अन्य दिनों की अपेक्षा कोहरे का असर कम रहने की वजह से ट्रेन सेवा पटरी पर आ रही है। बरेली मंडल में दो दिन के बाद बुधवार को धूप खिली। शाम के बाद हल्के बादलों के बीच शीतलहर चलने लगी। पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं में भी दिन में धूप के बाद शाम की ठंड ने लोगों को ठिठुरा दिया।

वज्रपात से किसान झुलसा

 

उन्नाव के महाराजपुर के डोमनपुर गांव में खेत में काम कर रहे बेनीखेड़ा औंग फतेहपुर के 42 वर्षीय कैलाश वज्रपात की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें एलएलआर (हैलट) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पंजाब में घनी धुंध को लेकर आरेंज अलर्ट, आठ से वर्षा के आसार

पंजाब में बुधवार को धूप निकलने से दिन में ठंड से राहत तो मिली, लेकिन मौसम विभाग ने वीरवार घनी धुंध पड़ने का आरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार को सुबह धुंध रही, लेकिन बाद में धूप निकली तो नौ जिलों में दिन के तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस का उछाल आ गया। इन जिलों में दिन का तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। दूसरी तरफ न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग चंडीगढ़ के वरिष्ठ विज्ञानी डा. एके सिंह के अनुसार आठ जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कुछ जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है।

MP में कोहरा के साथ ही वर्षा का दौर शुरू

 

मध्य प्रदेश में घना कोहरा छाने के साथ अब वर्षा का दौर भी शुरू हो गया है। बुधवार को राजधानी भोपाल समेत रायसेन, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, सीहोर, शाजापुर और रीवा जिले में बादलों डेरा रहा। वहीं प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हुई। ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़ और शिवपुरी जिले में कहीं घना तो कहीं अति घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर के आसपास रही। प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। बुधवार को सबसे अधिक वर्षा इंदौर में 3.2 मिमी, खंडवा एक मिमी, उज्जैन में एक मिमी और नौगांव में 0.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पूर्व कृषि संचालक डा. जीएस कौशल ने बताया कि लगातार बादल छाए रहने के कारण चना की फसल में इल्ली लग सकती है।

 

You may have missed