Ram Mandir Holi: अयोध्या के राम मंदिर में रामलला के साथ पहली बार खेली गई भव्य होली, 495 साल बाद आई शुभ घड़ी

अयोध्या, BNM News: Ram Mandir Holi: रामनगरी की होली इस बार खास रही। राम मंदिर वाली होली को लेकर अयोध्या में लोगों के बीच जबरदस्त उल्लास नजर आया। रामलला ने भी 495 साल बाद भव्य महल में होली खेली। इस दौरान देशभर के लोग मंदिर पहुंचे। अयोध्या में सोमवार को होली की सुबह सबसे पहले मठ मंदिरों में विराजमान भगवान को अबीर गुलाल अर्पित कर होली खेलने की अनुमति मांगी गई। इसके बाद पूरी अयोध्या रंग उत्सव के उल्लास में डूब गई।

56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया

 

रामलला के दरबार में पुजारियों ने रामलला के ऊपर पुष्पों की वर्षा कर आराध्य के साथ होली खेली। उनके राग भोग और श्रृंगार के क्रम में उन्हें अबीर गुलाल अर्पित किया गया। 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। पुजारी ने भी रामलला को होली के गीत सुनाए। वहीं राम लला परिसर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु भी होली के गीतों पर नाचते, झूमते, गाते नजर आए। इसी तरह पूरी रामनगरी में होली का उल्लास छाया रहा।

लोगों में खुशी की लहर

अयोध्या के लोग भी इस मौके पर काफी प्रसन्न थे। अयोध्या के नया घाट निवासी राम कृपाल राममंदिर में होली खेलकर काफी खुश थे। उन्होंने कहा कि यह शुभ घड़ी बहुत दिनों बाद आई है। पहले रामलला टेंट में थे तो ऐसा नहीं हो पाता। बड़ा शुभ अवसर है, हम लोगों ने दरबार में खूब होली खेली।

सजाई गई मूर्ति

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला अपनी पहली होली मना रहे हैं। उनकी मोहक मूर्ति को फूलों से सजाया गया है। माथे पर गुलाल लगाया गया है। गुलाबी पोशाक पहने रामलला की मूर्ति आकर्षित कर रही है। रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दरबार पहुंचे और अपने आराध्य के दर्शन कर कृतार्थ हुए। रामलला की होली के लिए मंदिर की ओर से विशेष तैयारी की गई है।

रामभक्तों का सपना साकार

कई शताब्दियों के इंतजार के बाद आखिरकार रामभक्तों का सपना साकार हुआ और रामलला भव्य मंदिर में विराजे। आगामी रामनवमी पर भी अयोध्या में भव्य आयोजन की तैयारी चल रही है। आयोजन में देश भर से लाखों भक्त अयोध्या पहुंचेंगे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed