सोनीपत सीट पर ब्राह्मण वोटों को लेकर ससुर-दामाद आमने-सामने, भाजपा ने कार्तिकेय शर्मा और कांग्रेस ने कुलदीप शर्मा को उतारा

नरेन्द्र सहारण, सोनीपत: Sonipat Loksabha Seat: सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में कई समीकरण ऐसे बन रहे हैं जो पिछली बार के अन्य चुनावों से अलग हैं। इस बार चुनाव में जातीय समीकरणों को देखकर पार्टियों ने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं, अब यहां पर ब्राह्मण बनाम ब्राह्मण का मुकाबला है। दोनों में कांटे की टक्कर की संभावना जताई जा रही है। लोकसभा में करीब दो लाख ब्राह्मण मतदाताओं में इस बार दोनों मुख्य प्रत्याशी ब्राह्मण होने के चलते वोटों का बंटवारा होता दिखाई दे रहा है। इन वोटों में सेंधमारी रोकने के लिए कांग्रेस से ससुर कुलदीप शर्मा ब्रह्मचारी के पक्ष में तो उनके दामाद कार्तिकेय शर्मा भाजपा के मोहन लाल बड़ौली के लिए वोट मांग रहे हैं।

मतदाताओं के सामने दुविधा

 

भाजपा ने 25 मार्च को नए चेहरे मोहन लाल बड़ौली को टिकट देकर मैदान में उतार दिया था। इसके एक महीने तक कांग्रेस जातीय व क्षेत्रीय समीकरणों पर मंथन करती रही लेकिन तब यह चर्चा आम थी कांग्रेस भी ब्राह्मण के सामने ब्राह्मण को टिकट देगी। एक महीना मंथन के बाद कांग्रेस ने जींद के सफीदों विधानसभा के के गांव गांगोली के रहने वाले पंडित सतपाल ब्रह्मचारी को 25 अप्रैल को टिकट देकर मैदान में उतार दिया। ब्राह्मण के सामने ब्राह्मण उतारे से यहां पर मुकाबला कांटे का होने के आसार दिखाई देने लगे। पूरे लोकसभा क्षेत्र में करीब दो लाख ब्राह्मण वोटर हैं। अब मतदाताओं के सामने दुविधा पैदा हो गई कांग्रेस को वोट दें या भाजपा को क्योंकि दोनों ही ब्राह्मण हैं।

कुलदीप शर्मा

कार्तिकेय शर्मा।

विरोधी पार्टियों के प्रत्याशियों के लिए मांग रहे हैं वोट

राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो इस बार ब्राह्मण वोटों में सीधे तौर पर बंटवारा होता दिखाई दे रहा है। इन वोटों में सेंधमारी रोकने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने ब्राह्मण नेताओं को प्रचार में उतार दिया है। कांग्रेस की ओर से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा सतपाल ब्रह्मचारी के लिए गन्नौर में प्रचार कर वोट मांगे रहे हैं। वहीं भाजपा ने कुलदीप शर्मा के दामाद राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा को राई विधानसभा क्षेत्र में प्रचार की कमान सौंपी है। वे गांव-गांव घूमकर भाजपा प्रत्याशी मोहन लाल बड़ौली को वोट देने की अपील कर रहे हैं। कुलदीप शर्मा की बेटी ऐश्वर्या शर्मा की शादी राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा से हुई है। चुनाव प्रचार को लेकर दोनों ससुर-दामाद विरोधी पार्टियों के प्रत्याशियों के लिए वोट मांग रहे हैं। लोगों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।

पूर्व प्रधानों के सहारे वोटरों को साध रहे राजनीतिक दल

गांवों में पूर्व सरपंचों व पूर्व सरपंचों के माध्यम प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में लगे हैं। प्रत्याशी मौजूदा सरपंचों के माध्यम से लोगों से वोट देने की अपील करवा रहे हैं।वहीं पूर्व सरपंच या दो व तीन नंबर पर रहने वाले प्रत्याशी भी अपने समर्थकों की लामबंदी कर रहे हैं।

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन