Weather Update: अभी दो दिन तक नहीं मिलेगी कोहरे से राहत, जानें उत्तर भारत के राज्यों का हाल

नई दिल्ली, BNM News: Weather Update: रविवार को भी उत्तर भारत के मैदानी इलाकों कोहरे की घनी चादर छाई रही। शीतलहर चलने से तापमान में भी गिरावट है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को नए वर्ष 2024 का स्वागत गलन वाली ठंड और कोहरा से होगा। उप्र, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान में बढ़ी ठिठुरन से लोग घरों में कैद हो गए हैं। बहुत आवश्यकता पड़ने पर ही लोग घर से बाहर निकल रहे हैं। कोहरे के चलते जहां दृश्यता काफी कम है, वहीं इसके चलते ट्रेन और हवाई यातायात पर असर पड़ा है। ट्रेनों के संचालन और उड़ानों में विलंब का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों के लिए उत्तर पश्चिम, मध्य भारत और पूर्व भारत के कुछ इलाकों में घने से घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में कोल्ड डे (शीत दिवस) की स्थिति बन सकती है। पंजाब, हरियाणा में चार जनवरी तक शीत दिवस की स्थित रह सकती है।

उत्तर प्रदेश

रविवार को लखनऊ और वाराणसी में दिन में धूप तो खिली, लेकिन गलन बरकरार रही। कोहरा के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात लगातार प्रभावित है। अगले कुछ दिन तक सर्द हवाएं शीतलहर को और बढ़ा सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले कोहरे और बादलों की गिरफ्त में रहे। रविवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रहा। कोहरे की वजह से रविवार को लखनऊ से दिल्ली, बेंगलुरू की दो उड़ानें निरस्त रहीं, कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार भी कम की है। कई ट्रेने चार से पांच घंटे की देरी से चल रहीं हैं।

बिहार

बिहार के अधिसंख्य जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति रही। घने कोहरे के चलते रविवार को भी लोगों को सूर्य के दर्शन नहीं हो सके। राज्य में दो व चार जनवरी को हल्की वर्षा के आसार बन रहे हैं। पटना सहित राज्य के 26 शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राज्य में रविवार को सर्वाधिक ठंड मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में रही। यहां न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर भारत में छाए घने कोहरे के कारण ट्रेनों का विलंब से परिचालन जारी है। रविवार को राजधानी एक्सप्रेस 9.30 घंटा विलंब से पटना पहुंची।

पंजाब

पंजाब में रविवार को घने कोहरे और शीतलहर चलने से कड़ाके की ठंड रही। कुछ स्थानों पर दिन काफी ठंडा रहा। लुधियाना के बाहरी इलाकों में अधिकतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदकोट में अधिकतम तापमान सर्वाधिक 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरदासपुर में अधिकतम तापमान 10.9 डिग्री रहा। पूरे प्रदेश में शीतलहर चलने से ठंड में वृद्धि हुई है। गुरदासपुर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री रहा। लुधियाना में 9.1 डिग्री, अमृतसर में 9.2 डिग्री, पटियाला में 8.7 डिग्री और बठिंडा में 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

उत्तराखंड

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद सर्द हवाओं ने प्रदेशभर में कंपकंपी बढ़ा दी। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा दुश्वारी बढ़ा रहा है। हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों में लोग सुबह धूप के लिए तरस रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, सोमवार एक जनवरी से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। अगले कुछ दिन मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रह सकता है। जिससे सर्दी बढ़ने और तापमान में गिरावट की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश

 

हिमाचल प्रदेश में रविवार को दिनभर धूप खिली रही। प्रदेश के मैदानी इलाकों में धुंध के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस सीजन में पहली बार प्रदेश के मैदानी जिले ऊना में अधिकतम तापमान शिमला से कम दर्ज किया गया है। ऊना का अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री जबकि शिमला का अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed