Weather Update: शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत, दो जनवरी तक बहुत घने कोहरे का अनुमान, जानें- देशभर के मौसम का हाल

नई दिल्ली, BNM News : Weather Update Today 31 december: उत्तर भारत में पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक रविवार को भी कोहरे का असर दिखाई दे रहा है। हालांकि शनि की अपेक्षा दृश्यता के स्तर में कुछ सुधार हुआ, लेकिन ठिठुरन बनी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कई दिनों तक कमोबेश ऐसा ही मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है। दिल्ली में कम दृश्यता के कारण उड़ानों के प्रभावित होने का सिलसिला रविवार को भी जारी है। करीब 140 विमान विलंब की जद में आए। अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान की करीब डेढ़ दर्जन उड़ानें विलंब से उड़ रही हैं। इसके साथ ही 150 ट्रेनें भी कोहरे के चलते घंटों लेट हैं। इसके चलते ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव करना पड़ा। कई ट्रेनें निर्धारित से एक दिन बाद रवाना की गईं।

मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में रविवार को भीषण ठंड पड़ने और दो जनवरी तक बहुत घना कोहरा होने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने बताया कि रविवार सुबह जोरहाट (असम), पठानकोट (पंजाब), जम्मू, आगरा और बठिंडा (पंजाब) में शून्य दृश्यता दर्ज की गई। अंबाला में दृश्यता 25 मीटर रही। जबकि बीकानेर, पटियाला, चंडीगढ़, ग्वालियर, झांसी में 50 मीटर और अमृतसर तथा हिसार में 200 मीटर रही।

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कई हिस्सों में रविवार को कड़ाके की ठंड की संभावना जताई है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में एक जनवरी तक बहुत घना कोहरा रहने और दृश्यता 50 मीटर से भी कम रहने का अनुमान जताया है। वहीं, पंजाब के कई हिस्सों, पश्चिम उत्तर प्रदेश में रात्रि और सुबह के दौरान चार जनवरी तक घने कोहरे का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में दो जनवरी तक कोहरा छाया रहेगा। ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 दिसंबर को घना कोहरा रहेगा।

सात से 10 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान

राजधानी दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया। ज्यादातर शहर घने कोहरे की चपेट में रहे। बादल छाए रहे और सूर्य की तपिश महसूस नहीं हुई।

घरेलू उड़ानों पर रहा सर्वाधिक असर

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बैंकाक के लिए जा रहा विमान करीब चार घंटे की देरी से रवाना हुआ। आगमन से जुड़े छह विमानों में विलंब रहा। सबसे ज्यादा असर घरेलू उड़ानों पर रहा। पटना जाने वाली उड़ान करीब नौ घंटा की देरी से रवाना हुई। इसी तरह अहमदाबाद व गोवा की उड़ान छह और गोरखपुर व बागडोगरा की उड़ान करीब तीन घंटे के विलंब से रवाना हुई। उड़ानों में विलंब की वजह से यात्रियों टर्मिनल पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इंटरनेट मीडिया पर यात्री टर्मिनल के वीडियो और तस्वीर साझा कर रहते रहे। इसमें टर्मिनल पर भीड़ साफ साफ नजर आती है। कई वीडियो में बैठने के लिए जगह नहीं होने पर यात्री खड़े हैं। कई जगह यात्री जमीन पर बैठे नजर आते हैं। इस स्थिति के लिए यात्रियों ने आइजीआइ एयरपोर्ट संचालन से जुड़ी एजेंसी डायल को निशाने पर लिया। जिसपर डायल ने खेद प्रकट किया हैं।

20 घंटे से ज्यादा विलंब से पहुंचीं ट्रेनें

बता दें कि कोहरे का असर सिर्फ विमान सेवा पर ही नहीं पड़ा। ट्रेनें भी करीब 20 घंटे से ज्यादा की देरी से पहुंची। वंदे भारत एक्सप्रेस 20 घंटे, पटना-आनंद विहार सुपरफास्ट विशेष 29 घंटे, खजुराहो-कुरुक्षेत्र गीता जयंती एक्सप्रेस 24 घंटे, पुरी-योगनगरी ऋषिकेश कलिंग उत्कल एक्सप्रेस 20 घंटे की देरी से पहुंची।

Image

शीतलहर की चपेट में उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में कोहरे का असर बढ़ने से लगातार चौथे दिन शनिवार को भी धूप का दर्शन नहीं हुआ। गलन भी बढ़ती जा रही है और प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। घने कोहरे के कारण प्रयागराज में लगातार तीसरे दिन शनिवार को उड़ानें रद रहीं। लखनऊ के आंचलिक विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक मुहम्मद दानिश ने बताया कि मौसम में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है और इसके कारण नमी की अधिकता है और हल्की शीतलहर भी है।

कोहरे के चलते जम्मू आने वाली तीन उड़ानें रद

जम्मू-कश्मीर में अभी कोहरा कम नहीं हुआ है। कोहरे के चलते जम्मू और श्रीनगर हवाई अड्डे से विमानों के परिचालन में व्यवधान रहा। जम्मू में सुबह पहुंचने वाले विमान एक से दो घंटे देरी से पहुंचे। तीन उड़ानें रद रहीं। इनमें श्रीनगर से आने वाला एयर इंडिया, चंडीगढ़ से आने वाला एयर इंडिया रीजनल और मुंबई से आने वाला इंडिगो की उड़ान शामिल है। श्रीनगर में भी सुबह आने वाले अधिकतर विमान देरी से उतरे। दोपहर को कोहरा कम होने पर विमानों की आवाजाही समयानुसार शुरू हो गई।

शिमला से अधिक ठंडे रहे पंजाब के कई जिले

पंजाब में पिछले चार दिनों से घना कोहरा पड़ रहा है। दो दिनों से शीतलहर भी शुरू हो गई हैं। घने कोहरे की वजह से शनिवार को कई जिलों में धूप गायब रही, जबकि शीतलहर अपने चरम पर थी। सीजन में पहली बार पांच जिलों गुरदासपुर, लुधियाना, फिरोजपुर, मोगा, एसबीएस नगर में दिन का तापमान लुढ़ककर कर 11 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। यह जिले शिमला से भी ठंडे रहे। हिमाचल के शिमला में दिन का तापमान 13.5 डिग्री, चंबा में 19.7 डिग्री, कांगड़ा में 21.2 डिग्री सेल्सियस व ऊना में 20.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग की प्रमुख डा. पवनीत किंगरा के अनुसार कोहरे की वजह से ट्रेनें भी लेट चल रही हैं।

यह भी पढ़ेंः यूपी-बिहार समेत दिल्ली में कड़ाके की ठंड, कोहरे पर IMD का अलर्ट

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed