Yamunanagar News: अमेरिका भेजने के नाम पर 25 लाख रुपये लेकर पुर्तगाल भेजा, पिता ने पुलिस को दी शिकायत

IGI Airport

नरेन्द्र सहारण, यमुना नगर। हरियाणा में विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला यमुनानगर में देखने को मिला है। यहां के मानकपुर गांव निवासी सुखबीर सिंह को अमेरिका भेजने का झांसा देकर दो लोगों ने पिता से 25 लाख रुपये लेकर पुर्तगाल भेज दिया। उल्टे बेटे की जान का खतरा बना हुआ है। बेटे के पुर्तगाल फंसने पर उसके पिता रमेश ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। साढौरा थाना पुलिस ने मामले में पंजाब के मलेरकोटला निवासी जसजीत सिंह और नवजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

युवाओं को विदेश भेजने का काम करती है कंपनी

 

मानकपुर गांव रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने बेटे सुखबीर को अमेरिका भेजना था। उसके बेटे सुखबीर के दोस्त दलजीत के माध्यम से उन्हें पता चला था कि मलेरकोटला के गुरुरामदास नगर निवासी नवजीत सिंह व जब्बोमाजरा निवासी जसजीत सिंह युवाओं को विदेश भेजने का काम करते हैं। उन्होंने मोहाली में अपना ऑफिस खोला हुआ है। फरवरी 2023 में उन्होंने जसजीत सिंह व नवजीत से मुलाकात की।

दुबई के रास्ते अमेरिका भेजने की बात कही

इन दोनों ने 40 लाख रुपये में उसके बेटे सुखबीर को एक नंबर में अमेरिका भेजने का खर्च बताया। उनकी बातों पर विश्वास करके उसने मार्च 2023 में आरोपियों के बताए खाते में दस लाख रुपये ट्रांसफर दिए। आरोपियों ने सुखबीर के कागजात व पासपोर्ट ले लिया। इसी तरह अप्रैल 2023 में भी इनके बताए खाते में दस लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए। मई 2023 में आरोपियों ने बेटे सुखबीर को दुबई के रास्ते अमेरिका भेजने की बात कही और उसे दुबई भेज दिया।

डंकी के रास्ते से लड़के को पुर्तगाल भेजा

पांच माह बाद पता चला कि दुबई से सीधा अमेरिका भेजने की बजाय आरोपियों ने डंकी के रास्ते से उसे पुर्तगाल भेजा है। इस बारे में आरोपियों से बात करने पर उन्होंने उसे धमकाते हुए पांच लाख और ले लिए। इसके बावजूद आरोपियों ने उसके बेटे सुखबीर को अमेरिका नहीं भेजा। अब वह पुर्तगाल में ही कहीं फंसा हुआ है। इस बारे में आरोपियों से बात करने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। आरोपियों को 25 लाख देने के बावजूद बेटे की जान को खतरा होने की आशंका से परेशान होकर उसने इस बारे में पुलिस को शिकायत दी।

मामले की जांच शुरू

साढौरा थाना प्रभारी राजेश का कहना है कि रमेश की शिकायत पर दोनों आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कसा जाएगा।

इसे भी पढ़ें: Farmer Protests : किसानों को कुंडली बॉर्डर पर रोक पाना पुलिस के लिए होगी चुनौती, लोगों को हाईवे बंद होने का भय

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed