Yamunanagar News: यमुनानगर के युवक को पुर्तगाल में बनाया बंधक, ईरान में कई महीने भूखा-प्यासा रखा; एजेंट ने 5 लाख रुपए हड़पे

नरेन्द्र सहारण, यमुनानगर। Yamunanagar News: विदेश जाने वाले युवकों को प्रताड़ित करने और उन्हें ठगने की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। जिले के एक युवक को पुर्तगाल की जगह भेजने और वहां बंधक बनाकर भूखा-प्यासा रखने का मामला सामने आया है। इस बारे में पिता की शिकायत पर अंबाला कैंट में पुलिस कर्मचारी और एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि एजेंट ने पुर्तगाल भेजने के नाम पर 5 लाख रुपए भी हड़प लिए। युवक के पिता ने हरियाणा के आइजी को शिकायत सौंपी है।

12 लाख रुपए में हुई थी डील

 

यमुनानगर के गांव खेड़ी दर्शन सिंह निवासी भगवान सिंह ने बताया कि वह अपने बेटे सिमर सिंह को पुर्तगाल भेजना चाहता था। उसके जीजा जगजीत सिंह ने गुरमेल सिंह से मुलाकात कराई। कैथल के गुहला (वार्ड-5) निवासी गुरमेल सिंह हरियाणा पुलिस में नौकरी करता है।  गुरमेल सिंह ने कैथल के चीका निवासी गुरमीत वर्मा के बारे में बताया कि वह विदेश भेजने का काम करता है। गुरमीत ने बताया कि मैं अपने बेटे को एक नंबर में पुर्तगाल भेज दूंगा। दोनों की 12 लाख रुपए में डील हुई। आरोपी एजेंट ने 3 लाख रुपए यहां से जाने के बाद और बकाया पैसे पुर्तगाल पहुंचने के बाद लेने की बात कही। आरोपी ने उससे पासपोर्ट की स्कैन कॉपी मांगी।

अर्मीनिया ​​​​​​पहुंचने पर एजेंट ने 3 लाख लिए​

 

शिकायतकर्ता पिता ने बताया कि आरोपी ने 17 नवंबर 2022 को अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंचने को कहा। वे एयरपोर्ट पहुंचे तो यहां आरोपी गुरमीत मिला और उसके बेटे को दुबई का वीजा दे दिया। दुबई में उसके बेटे को पाकिस्तानी नागरिक ने रिसीव किया। वहां वह 10 दिन रुका। 26 नवंबर 2022 को उसे दुबई से अर्मीनिया की फ्लाइट में बैठा दिया। यहां उसके बेटे को राहुल नाम के व्यक्ति ने रिसीव किया। आरोपी के पैसे मांगने पर उन्होंने 3 लाख रुपए दे दिए।

बंधक बनाकर भूखा-प्यासा रखा

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसके बेटे को 4 लड़के और मिले। उसका बेटा अर्मीनिया में 1 फरवरी 2023 तक रहे। 2 फरवरी को ईरान भेज दिया। यहां उसके बेटे व अन्य युवकों को पहाड़ी पर एक घर में डेढ़ माह तक भूखा-प्यासा बंधक बना कर रखा। जब वहां पुलिस आती थी, तो इनको उसी पहाड़ी में दूसरी जगह छुपा दिया जाता था। आरोपी मारपीट करते थे। एजेंट का कहना था कि चिंता मत करो। मैं उनका रेजिडेंस कार्ड बनवा दूंगा। यहां उसके बेटे को ब्लैकमेल किया गया। पुर्तगाल में रह रही उसकी बहन ने एजेंट के बंदे को 2 लाख रुपए दिए। उसके बाद सभी को छोड़ा, लेकिन तब तक वीजा खत्म हो गया था। बहन ने पुर्तगाल से ईरान में पैसे भेजे और फिर वापस जाने के लिए भारत का वीजा लिया। इसके बाद उनका बेटा 27 मार्च 2023 को वापस भारत पहुंचा।

अंबाला कैंट पुलिस थाने में केस दर्ज

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाए कि जब उसने आरोपी गुरमीत से संपर्क किया तो पहले बहाने बनाने लगा। उसके बाद अपना मोबाइल बंद कर लिया। आरोप लगाया कि गुरमीत व गुरमेल दोनों जालसाजी करके लोगों को ठगने का काम करते हैं। शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। अंबाला कैंट थाने की पुलिस ने आरोपी पुलिस कर्मचारी समेत दोनों के खिलाफ धारा 406, 420 व 506 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Tag- Haryana News, Yamunanagar News, hostage in Portugal, kept hungry in Iran, Travel Agent Fraud, Kaithal Police

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed